बालासाहेब ठाकरे की 14वीं पुण्यतिथि पर खास वो नाम जो कुर्सी पर बैठे बिना महाराष्ट्र चलाता था

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Tuesday, November 17, 2026

Updated On: Tuesday, November 17, 2026

Balasaheb Thackeray Death Anniversary: 14वीं पुण्यतिथि पर याद आए बालासाहेब, बिना पद के कैसे चलाते थे महाराष्ट्र की राजनीति?

आज 17 नवंबर है। आज ही के दिन बालासाहेब ठाकरे हमें छोड़कर गए थे। महाराष्ट्र की राजनीति में उन जैसा दूसरा नेता नहीं हुआ। वो न मुख्यमंत्री बने, न मंत्री, न सांसद। फिर भी 40 साल तक मुंबई से लेकर दिल्ली तक उनकी आवाज पर फैसले होते थे। आज ही दिन 2012 को उनका मुंबई में निधन हो गया था।

Authored By: Rajeev Mandal

Updated On: Tuesday, November 17, 2026

उनका मजबूत पक्ष क्या था?

उनकी ताकत थी…उनकी भाषा। वो पहले कार्टूनिस्ट थे। लोगों की नब्ज पकड़ना जानते थे। मुश्किल बात को भी वो दो लाइन में ऐसा समझा देते थे कि चाय की टपरी वाला भी समझ जाए। शुरुआत में वो मराठी मानूस की बात करते थे। नौकरी में मराठी को पहला हक मिले, यही उनका मुद्दा था।

80 के दशक में शुरू किया हिंदुत्व कार्ड

फिर 80 के दशक के आखिर में वो हिंदुत्व पर आ गए। और यहीं से शिवसेना सिर्फ एक संगठन नहीं, एक आंदोलन बन गई। उन्होंने हिंदुत्व को मंदिर-मस्जिद तक नहीं रखा। उसको गर्व, पहचान और ताकत से जोड़ दिया। गांव हो या शहर, ये बात लोगों को चुभ गई।

बाकी नेताओं से अलग क्यों थे?

बाकी नेता कुर्सी के पीछे भागते थे, बालासाहेब कुर्सी से दूर रहते थे। वो कहते थे, मुझे रिमोट कंट्रोल ही ठीक है। सरकार उनकी बनती थी, पर वो सरकार में नहीं बैठते थे। मातोश्री (बाला साहेब का आवास) से एक इशारा होता था और मंत्रालय में काम हो जाता था। इसीलिए लोग उनको किंगमेकर कहते थे।

पार्टी में उनकी बात ही आखिरी बात होती थी। कोई वोटिंग नहीं, कोई बहस नहीं। उनको मानने वाले कहते थे, यही निर्णायक नेता है। आलोचक कहते थे, ये तानाशाही है। पर सच यही था कि उनके रहते पार्टी टूटी नहीं। छगन भुजबल गए, नारायण राणे गए, राज ठाकरे भी अलग हुए, फिर भी शिवसैनिक उनके साथ ही रहा।

अगर आज बालासाहेब होते तो क्या होता?

यही सवाल हर साल पूछा जाता है। कुछ लोग कहते हैं, आज वो होते तो हिंदुत्व पर शिवसेना और आक्रामक होती। बीजेपी के सामने झुकती नहीं, बराबरी से बात करती। कुछ कहते हैं, समय बदल गया है। आज बीजेपी बहुत बड़ी हो गई है। बालासाहेब को भी नए समीकरणों से समझौता करना पड़ता।

…तो शिवसेना दो टुकड़ों में नहीं बंटती

लेकिन एक बात तो हर कोई मानेगा कि, अगर वो होते तो शिवसेना दो टुकड़ों में नहीं बंटती। उद्धव और शिंदे वाला झगड़ा होता ही नहीं। क्योंकि उनके सामने बगावत करने की हिम्मत किसी में नहीं थी। 2019 में जब उद्धव ने कांग्रेस-एनसीपी से हाथ मिलाया, तो कई पुराने शिवसैनिक नाराज हुए। कहा जाता है, बालासाहेब होते तो ये गठबंधन कभी नहीं होता। वो कहते थे, मैं कांग्रेस से कभी हाथ नहीं मिलाऊंगा।

महाराष्ट्र की राजनीति में है खालीपन

आज महाराष्ट्र की राजनीति में जो खालीपन है, वो उसी की वजह से है। कोई एक धुरी नहीं है। सब बिखरे हुए हैं।बालासाहेब नहीं हैं, पर उनकी बनाई राजनीति आज भी महाराष्ट्र में चल रही है। हिंदुत्व, मराठी अस्मिता, बेबाक बोलना, ये सब उन्हीं की देन है। वो चले गए, पर महाराष्ट्र की सियासत से उनका नाम कभी नहीं जाएगा।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण