पटना में बीजेपी-कांग्रेस भिड़ंत: मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी से मचा बवाल, लाठी-डंडे और पथराव

Authored By: Nishant Singh

Published On: Friday, August 29, 2025

Last Updated On: Friday, August 29, 2025

Patna BJP Congress Clash – पटना में मोदी टिप्पणी पर बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प.
Patna BJP Congress Clash – पटना में मोदी टिप्पणी पर बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं की झड़प.

पटना में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बड़ा बवाल हो गया. दरभंगा की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान पीएम मोदी के खिलाफ हुई आपत्तिजनक टिप्पणी ने आग में घी का काम किया. गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम के बाहर विरोध किया, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई. लाठी-डंडे चले, पथराव हुआ और बसों में तोड़फोड़ तक हो गई. कई कार्यकर्ता घायल हुए. पुलिस ने हालात काबू करने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया.

Authored By: Nishant Singh

Last Updated On: Friday, August 29, 2025

BJP Congress Clash in Patna: बिहार की राजनीति हमेशा से तूफानी रही है, लेकिन इस बार मामला और भी गरमा गया है. दरभंगा से उठी चिंगारी ने पटना की सड़कों को जंग का मैदान बना दिया. वजह? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई एक अपमानजनक टिप्पणी. बस फिर क्या था, भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे और कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम पर जमकर हंगामा कर बैठे. नारेबाजी, लाठी-डंडे, पथराव और बसों में तोड़फोड़ तक, पूरा इलाका रणभूमि में बदल गया. सवाल ये उठता है कि क्या राजनीति अब विचारधारा की जगह हिंसा की ओर मुड़ चुकी है?

पटना में गरमा गया माहौल – भाजपा का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन

बिहार के दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटना में कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम के बाहर शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन किया. पुलिस के अनुसार, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आश्रम के गेट पर जमा होकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की.

झड़प बनी जंग – लाठी, पथराव और बस में तोड़फोड़

विरोध-प्रदर्शन उस समय हिंसक हो गया जब कांग्रेस कार्यकर्ता बाहर आ गए. कथित तौर पर दोनों समूहों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला किया और पथराव भी किया. इस घटना में दोनों दलों के कई कार्यकर्ता घायल हो गए. इस दौरान कांग्रेस मुख्यालय के पास अशोक राजपथ से गुजर रही एक सिटी बस में भी तोड़फोड़ की गई. जैसे ही झड़प तेज हुई, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सदाकत आश्रम का मुख्य द्वार बंद कर दिया. मौके पर पहुंची पटना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया.

राहुल गांधी का पलटवार – “सत्य और अहिंसा ही जीतेंगे”

इसी बीच, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “सत्य और अहिंसा के आगे, असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते. मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है – हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे. सत्यमेव जयते.”

वायरल वीडियो से मचा बवाल – आरोपी गिरफ्तार

दरअसल, दरभंगा का एक कथित वीडियो वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ, जिसमें ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान मंच से पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कई कार्यकर्ता नारे लगाते और गाली देते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, रफीक नाम के व्यक्ति ने मंच से प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अपशब्द कहे थे.

ये भी पढ़ें:- वोटर अधिकार यात्रा के मंच से पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने जताई कड़ी आपत्ति

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।
Leave A Comment