गुरु नानक जयंती 24 नवंबर पर विशेष, 555 साल पहले जन्मा वो बच्चा जिसने धर्म की दीवारें गिरा दीं

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Monday, November 23, 2026

Updated On: Monday, November 23, 2026

गुरु नानक देव जी का चित्र, गुरु नानक जयंती और उनकी समानता, सेवा तथा भाईचारे की शिक्षाओं को दर्शाता हुआ

सिख धर्म के संस्थापक और महान समाजसेवी गुरु नानक देव जी मानवता के सबसे बड़े पैरोकार थे। 15वीं शताब्दी में जब समाज में घोर जातीय और धार्मिक कटुता और वैमनस्य था तब उन्होंने जो काम किया, वो अविस्मरणीय और अतुलनीय है। उन्होंने प्यार, अमन और भाईचारे की बात की। यह दिन सिर्फ कड़ा-प्रसाद खाने का दिन नहीं है बल्कि उस सोच को समझने का दिन है जो 1469 में शुरू हुई थी।

Authored By: Rajeev Mandal

Updated On: Monday, November 23, 2026

कहां से शुरू हुई कहानी?

पंजाब के तलवंडी गांव में एक घर में बच्चा पैदा हुआ। नाम रखा नानक। पिता मेहता कालू पटवारी थे। मां तृप्ता देवी।लोग कहते हैं, नानक बचपन से ही अलग थे। वो नदी किनारे बैठकर घंटों सोचते रहते थे। एक बार पंडित जी जनेऊ पहनाने आए। नानक ने पूछ लिया-ये धागा टूट जाएगा तो क्या होगा? क्या मैं फिर हिंदू नहीं रहूंगा? पंडित के पास जवाब नहीं था। वहीं से उनकी सोच दिखने लगी थी। वो रस्मों को नहीं, सच को मानते थे।

सिख धर्म की शुरुआत उन्होंने कैसे की?

नानक ने कोई नया धर्म बनाने के लिए नहीं सोचा था। वो तो सच की तलाश में निकले थे। कहा जाता है, एक दिन वो नदी में नहाने गए और तीन दिन गायब हो गए। जब लौटे तो पहला वाक्य यही बोले-ना कोई हिंदू है, ना कोई मुसलमान। लोग चौंक गए। उस समय हिंदू-मुस्लिम में बहुत झगड़ा था। बाबर का हमला होने वाला था। नानक ने कहा, मंदिर-मस्जिद में भगवान नहीं है, वो तो हर इंसान में है, यानी एक ओंकार

उनका करीबी एक मुसलमान था

उन्होंने अपने साथ एक साथी रखा-मरदाना। जो मुसलमान था और रबाब बजाता था। नानक गाते थे, मरदाना बजाता था। दोनों साथ-साथ पूरे देश में घूमे। यही से संगत की शुरुआत हुई। लोग उनके साथ बैठने लगे। जो लोग उनको गुरु मानने लगे, वही सिख कहलाए। सिख मतलब शिष्य, सीखने वाला। उन्होंने कोई किताब नहीं लिखी, कोई मंदिर नहीं बनवाया। बस लोगों को जीने का तरीका बताया।

गुरु नानक के उपदेश क्या थे?

उनके उपदेश बहुत सीधे थे। कोई संस्कृत नहीं, कोई मुश्किल बात नहीं। वो कहते थे, तीन काम कर लो, जिंदगी सुधर जाएगी।

  • किरत करो – मतलब मेहनत करो। चोरी, ठगी, भीख मत मांगो। अपने हाथ से कमाओ।
  • नाम जपो – दिन भर में एक बार तो रब को याद कर लो। अहंकार छोड़ दो।
  • वंड छको – जो भी कमाओ, अकेले मत खाओ। बांटकर खाओ। इसी से लंगर शुरू हुआ।

महिलाओं की हक की बात करते थे

वो कहते थे-झूठ मत बोलो, किसी का हक मत मारो, औरतों की इज्जत करो। उन्होंने औरतों के लिए भी बड़ी बात कही थी। उस जमाने में लोग कहते थे, औरत पाप की जड़ है। नानक बोले – अरे, औरत से ही तो राजा भी पैदा होता है, फिर उसको बुरा क्यों कहते हो?

हिंदू धर्म पर क्या सोचते थे?

हिंदू धर्म से उनको नफरत नहीं थी। उनको नफरत थी दिखावे से। वो मूर्ति पूजा के खिलाफ नहीं थे, पर कहते थे मूर्ति के सामने बैठकर अगर दिल में नफरत है तो क्या फायदा? वो तीर्थ यात्रा पर भी गए, पर कहते थे गंगा में नहाने से पाप नहीं धुलते, मन साफ करने से धुलते हैं। उन्होंने जनेऊ, तिलक, व्रत का विरोध नहीं किया, पर कहा – अगर ये सब करके भी तुम झूठ बोलते हो, गरीब को लूटते हो तो सब बेकार है। इसीलिए हिंदू भी उनको मानते हैं, मुसलमान भी मानते हैं। वो सबके गुरु बन गए।

इस दिन क्या विशेष है?

कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही नानक पैदा हुए थे। गुरुद्वारों में इस दिन से तीन दिन का अखंड पाठ होता है। सुबह 4 बजे से प्रभात फेरी निकलती है। लोग नगर कीर्तन करते हैं। सबसे खास होता है लंगर। आज के दिन लाखों लोग एक साथ बैठकर खाते हैं। कोई नहीं पूछता कौन अमीर है, कौन गरीब। कौन हिंदू, कौन मुसलमान। ननकाना साहिब में भी आज बड़ा जश्न होता है, जहां वो पैदा हुए थे। भारत से भी लोग वहां जाते हैं।

आज नानक को कैसे याद करें?

नानक की फोटो पर फूल चढ़ाना आसान है। मुश्किल है उनकी बात मानना। आज एक काम करके देखिए। किसी भूखे को खाना खिला दीजिए। किसी से झूठ मत बोलिए। और किसी को उसके धर्म या जाति से छोटा मत समझिए। नानक ने 550 साल पहले यही कहा था। आज भी दुनिया को उसी की जरूरत है।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटियास टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटियास टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण