Special Coverage
संसद के मानसून सत्र में घमासान: छात्र आंदोलन पर NDA का मार्च, विपक्ष के हंगामे से बढ़ी सियासी गर्मी
Authored By: Nikita Singh
Published On: Tuesday, August 11, 2026
Last Updated On: Tuesday, August 11, 2026
Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के अंतिम दिनों में छात्र आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं. झारखंड में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्ष जवाब मांग रहा है, जबकि NDA सांसदों ने मकर द्वार तक मार्च किया. राम मंदिर चढ़ावा विवाद और लंबित विधेयकों पर भी सियासी घमासान जारी है.
Authored By: Nikita Singh
Last Updated On: Tuesday, August 11, 2026
Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र के अंतिम चरण में राजनीतिक तापमान बढ़ गया है. 20 जुलाई से शुरू हुआ यह सत्र 13 अगस्त तक चलना है और अब केवल कुछ दिन बाकी हैं. मंगलवार को कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आए. झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है, वहीं NDA सांसदों ने भी संसद परिसर में मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया.
मकर द्वार तक NDA सांसदों का मार्च
छात्र आंदोलन के मुद्दे पर NDA सांसदों ने संसद परिसर में मकर द्वार तक मार्च किया. सत्ता पक्ष का आरोप है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन में चर्चा के बजाय हंगामा कर रहा है. सांसदों ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह इस विषय पर जवाब देने को तैयार हैं और विपक्ष को चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए.
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर विपक्ष हमलावर
झारखंड में JPSC-JSSC से जुड़े कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन पिछले कई दिनों से जारी है. विपक्ष का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पेलेट गन के इस्तेमाल जैसी कार्रवाई की गई. कांग्रेस समेत विपक्षी दल इस मुद्दे पर संसद में चर्चा की मांग कर रहे हैं. विपक्ष के मुताबिक छात्रों की मांगों और उनके साथ हुई कार्रवाई पर सरकार को सदन में स्पष्ट जवाब देना चाहिए.
सरकार बोली- चर्चा से नहीं भाग रहे
सरकार की ओर से कहा गया है कि वह छात्रों के आंदोलन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि गृह मंत्री जवाब देंगे, लेकिन इसके लिए सदन में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल जरूरी है. सरकार का कहना है कि विपक्ष को अपनी बात रखने के साथ सरकार का पक्ष भी सुनना चाहिए.
NDA की ‘मंगल मिलन’ बैठक में बनी रणनीति
संसद की कार्यवाही से पहले NDA सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक हुई. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य NDA नेता शामिल हुए. बैठक में सत्र के बचे हुए दिनों की रणनीति पर चर्चा हुई. सत्ता पक्ष ने सांसदों से एकजुट रहकर महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने और सदन की कार्यवाही सुचारू रखने की अपील की.
राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे पर भी टकराव
छात्र आंदोलन के अलावा विपक्ष राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी या दुरुपयोग के मामले पर भी सरकार से जवाब मांग रहा है. कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दल इस मुद्दे को संसद में उठाने की मांग कर रहे हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में यह विषय भी सदन में राजनीतिक टकराव का कारण बन सकता है.
कई अहम बिलों पर बनी चिंता
लगातार हंगामे का असर संसदीय कामकाज पर भी पड़ा है. सोमवार को लोकसभा में ट्रिब्यूनल रिफॉर्म्स बिल 2026 और राज्यसभा में बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल 2026 पारित हुए. इससे पहले केरल नाम परिवर्तन बिल, माइंस एंड मिनरल्स संशोधन बिल और नेशनल कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कॉरपोरेशन संशोधन बिल लोकसभा में पेश किए गए. हालांकि FCRA संशोधन, महिला आरक्षण और परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अभी तक सहमति नहीं बन सकी है.
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर BJP का हमला
छात्र आंदोलन को लेकर बीजेपी सांसदों ने कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधा. बीजेपी सांसदों ने सवाल उठाया कि प्रियंका गांधी झारखंड क्यों नहीं गईं और छात्रों के मुद्दे पर उनका रुख क्या है. वहीं सांसद मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि गृह मंत्री जवाब देंगे और उन्हें चर्चा से पीछे नहीं हटना चाहिए.
आखिरी तीन दिन बेहद अहम
मानसून सत्र अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. ऐसे में सरकार जहां लंबित विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष छात्र आंदोलन और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर दबाव बनाए रखने की तैयारी में है. संसद में चर्चा और हंगामे के बीच अब यह देखना अहम होगा कि बचे हुए दिनों में कितने विधायी काम पूरे हो पाते हैं और किन मुद्दों पर सरकार-विपक्ष के बीच सहमति बनती है.
यह भी पढ़ें :- महिला सांसदों पर कथित अपशब्द पड़े भारी, कल्याण बनर्जी पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित




