Special Coverage
NEET पेपर लीक पर पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले- छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहेगा, दोषियों को मिलेगी कड़ी सजा
Authored By: Nishant Singh
Published On: Tuesday, July 21, 2026
Last Updated On: Tuesday, July 21, 2026
एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत सिस्टम विकसित करने का भरोसा दिलाया.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Tuesday, July 21, 2026
NEET Paper Leak: संसद के मानसून सत्र के दौरान आयोजित एनडीए संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर सरकार का स्पष्ट रुख सामने रखा. उन्होंने कहा कि देश के छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाएगी.
‘फूलप्रूफ सिस्टम’ बनाने पर सरकार का जोर
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली विकसित करने पर बल दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को समझती है और इसी वजह से मामले की जांच में तेजी लाई गई. अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. साथ ही प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की गई और परिणाम भी समय पर जारी किए गए, ताकि छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर कोई नकारात्मक असर न पड़े.
दलगत राजनीति से ऊपर उठने की अपील
प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे को केवल किसी एक राज्य तक सीमित न मानते हुए इसे पूरे देश के छात्रों से जुड़ा विषय बताया. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि शिक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय समाधान खोजने की दिशा में सहयोग करें. बैठक में अन्य राष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिनमें फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और किसानों के हित शामिल रहे. प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों की भी पूरी रक्षा करेगी.
छात्रों का प्रदर्शन और बढ़ा सियासी विवाद
NEET पेपर लीक को लेकर पिछले कई सप्ताह से दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इस आंदोलन का नेतृत्व कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके कर रहे हैं, जबकि कई विपक्षी दल भी इसका समर्थन कर रहे हैं. सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च निकालने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने रोक दिया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें छात्र और पुलिसकर्मी दोनों घायल हुए. बाद में आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, कुछ अन्य मांगों और प्रभावित छात्रों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग रखी. हालांकि सरकार की ओर से इन मांगों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है. वहीं केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
यह भी पढ़ें :- NEET 2026 Paper Leak: 22 लाख छात्रों के सपनों पर संकट, TET विवाद ने बढ़ाए परीक्षा व्यवस्था पर सवाल














