Special Coverage
पुतिन भारत में, S-400 से Su-57E तक, मोदी के साथ बैठक में इन बड़े रक्षा सौदों पर बन सकती है सहमति
Authored By: Nishant Singh
Published On: Friday, September 11, 2026
Last Updated On: Friday, September 11, 2026
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रक्षा सहयोग पर अहम बातचीत हो सकती है. S-400 की अगली खेप, अतिरिक्त सिस्टम, ब्रह्मोस-एनजी, Su-30MKI के सुपर सुखोई अपग्रेड और Su-57E जैसे प्रस्ताव भारत की सैन्य क्षमता और रणनीतिक साझेदारी के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Friday, September 11, 2026
Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंच चुके हैं. तीन दिन के इस दौरे में BRICS सम्मेलन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम बैठक भी होगी. इस मुलाकात में दोनों देशों के पुराने रक्षा सहयोग को नई दिशा देने पर खास जोर रह सकता है. S-400 की अगली खेप से लेकर ब्रह्मोस-एनजी और पांचवीं पीढ़ी के Su-57E तक कई बड़े प्रस्ताव बातचीत की मेज पर आ सकते हैं.
S-400 की डिलीवरी से आगे बढ़ेगी बात
भारत ने 2018 में रूस से पांच S-400 सिस्टम खरीदने के लिए करीब 5.43 अरब डॉलर का सौदा किया था. चार सिस्टम भारत को मिल चुके हैं और पांचवां नवंबर 2026 तक मिलने की उम्मीद है. अब दोनों पक्ष इसकी डिलीवरी, स्पेयर पार्ट्स और लंबे समय के रखरखाव पर चर्चा कर सकते हैं. रूस भारत में S-400 के लिए मरम्मत और ओवरहॉल की सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव भी दे चुका है.
इसके अलावा भारत पांच और S-400 सिस्टम लेने पर विचार कर रहा है. लगभग 50 हजार करोड़ रुपये का यह प्रस्ताव मंजूर होने पर देश की लंबी दूरी की एयर डिफेंस व्यवस्था और मजबूत हो सकती है. खासतौर पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले हवाई खतरों के खिलाफ इसकी भूमिका अहम होगी.
ब्रह्मोस-एनजी से हल्की, लेकिन तेज मारक क्षमता
ब्रह्मोस के बाद अब भारत और रूस इसके नेक्स्ट जनरेशन संस्करण पर काम कर रहे हैं. ब्रह्मोस-एनजी करीब 1.3 टन की होगी और इसकी रेंज 400 किलोमीटर से ज्यादा बताई जा रही है. इसकी गति करीब 4,322 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. कम वजन के कारण तेजस और मिग-29 जैसे विमानों पर इसे ज्यादा संख्या में लगाया जा सकेगा. पुतिन के दौरे में इसके विकास और संयुक्त उत्पादन से जुड़े मुद्दे अहम रह सकते हैं.
Su-30MKI को मिलेगा आधुनिक अपग्रेड
भारतीय वायुसेना के करीब 260 Su-30MKI विमानों को ‘सुपर सुखोई’ मानकों के अनुरूप अपग्रेड करने की योजना है. 11 अरब डॉलर से ज्यादा की इस परियोजना में नए रडार, आधुनिक एवियोनिक्स और बेहतर हथियार प्रणाली शामिल हो सकती है. इससे मौजूदा लड़ाकू विमानों की क्षमता बढ़ेगी और उनका परिचालन जीवन भी लंबा होगा. परियोजना में भारतीय कंपनियों की भागीदारी बढ़ाना भी महत्वपूर्ण पहलू है.
Su-57E से स्टील्थ क्षमता पर नजर
रूस का Su-57E पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर है. भारत का स्वदेशी AMCA अभी विकास के चरण में है, इसलिए Su-57E अंतरिम विकल्प बन सकता है. रूस ने विमान की बिक्री के साथ भारत में उत्पादन और तकनीक हस्तांतरण का प्रस्ताव दिया है. रडार, इंजन और हथियारों से जुड़ी तकनीक पर सहमति इस प्रस्ताव को खास बनाएगी.
भारत के लिए क्यों अहम है यह दौरा?
इन चर्चाओं का मकसद केवल नए हथियार खरीदना नहीं, बल्कि मौजूदा सैन्य क्षमता को आधुनिक बनाना और घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देना भी है. टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और संयुक्त निर्माण से भारत की आत्मनिर्भरता को बल मिल सकता है. हालांकि सभी सौदों पर तुरंत अंतिम फैसला जरूरी नहीं है, लेकिन मोदी-पुतिन बैठक आने वाले महीनों में भारत-रूस रक्षा साझेदारी की दिशा जरूर तय कर सकती है.
यह भी पढ़ें :- शी जिनपिंग का भारत दौरा कंफर्म, BRICS समिट में पीएम मोदी से मुलाकात पर नजर













