Lifestyle News
Pitru Paksha 2025: जानते हैं श्राद्ध से जुड़ी प्रसिद्ध कथा
Authored By: स्मिता
Published On: Tuesday, August 19, 2025
Last Updated On: Tuesday, August 19, 2025
Pitru Paksha 2025 : पितृ पक्ष में मनाये जाने वाले श्राद्ध अनुष्ठान में पितरों को तर्पण दिया जाता है. इस श्राद्ध कर्म से कुछ कथा जुड़ी हुई है. जानते हैं उन श्राद्ध कथाओं को.
Authored By: स्मिता
Last Updated On: Tuesday, August 19, 2025
पितृ पक्ष (Pitru Paksha 2025) में मनाया जाने वाला श्राद्ध अनुष्ठान (Shradh 2025) हिंदू धर्म में एक महत्वपूर्ण अवधि है. यह पितरों के प्रति आदर-सम्मान प्रकट करने और तर्पण के लिए समर्पित होता है. पितरों को अर्पित किया गया तर्पण पूर्वजों के आशीर्वाद के रूप में फलित होता है. पितृ पक्ष और श्राद्ध से जुड़ी कई प्रसिद्ध कथाएं हैं. इस आलेख में श्राद्ध कथा (Pitru Paksha) के बारे में जानते हैं.
कब से है श्राद्ध 2025 (Pitru Paksha 2025 Date)
आमतौर पर पितृ पक्ष श्राद्ध भाद्रपद माह की पूर्णिमा के बाद शुरू होता है. इसका समापन आश्विन अमावस्या को होता है, जिसे महालय अमावस्या (Mahalaya Amavasya 2025) कहा जाता है. इस वर्ष पितृ श्राद्ध पक्ष (Pitru Paksha 2025) 7 सितंबर 2025 से शुरू होकर 21 सितंबर 2025 तक चलेगा.
कर्ण से जुड़ी है श्राद्ध कथा (Shradh Katha)
पितृ पक्ष के दौरान श्राद्ध या दान करने की परंपरा कर्ण से जुड़ी है. महाभारत में उल्लेख मिलता है कि कर्ण एक दानशील व्यक्ति थे. उन्होंने जीवन भर जरूरतमंदों और गरीबों की मदद के लिए सोना और अन्य कीमती वस्तुएं दान की थीं. जब उनकी मृत्यु हुई, तो उनकी आत्मा स्वर्ग चली गई. वहां उन्हें खाने के लिए सोना और रत्न दिए गए. हैरान होकर वह इसका कारण जानने के लिए इंद्र के पास गए. इंद्र ने उन्हें बताया कि आपने अपने जीवनकाल में कई वस्तुएं विशेष रूप से सोना दान करने के बावजूद अपने पूर्वजों को कभी कोई भोजन दान नहीं किया. कर्ण ने तर्क दिया कि उन्हें अपने पूर्वजों के बारे में पता नहीं था. इसलिए उन्होंने कभी उन्हें कुछ दान अर्पित नहीं किया. इसलिए इंद्र ने कर्ण को श्राद्ध करने और मोक्ष प्राप्ति हेतु पृथ्वी पर वापस जाने की अनुमति दी. कर्ण को इस जिम्मेदारी का एहसास नहीं था. इसलिए उन्हें पृथ्वी पर लौटकर अपने पूर्वजों के लिए आवश्यक कर्मकांड करने के लिए 16 दिन का समय दिया गया. माना जाता है कि इसी अवधि में कर्ण ने पूर्वजों के नाम तर्पण और भोजन कराया था. तभी से पितृ पक्ष और श्राद्ध परंपरा की शुरुआत हुई.
क्या है सीता माता से जुड़ी श्राद्ध कथा (Shradh Katha)
चौदह वर्षों के वनवास के दौरान राम, लक्ष्मण और सीता गया धाम गए. वहां पितृ पक्ष के दौरान श्राद्ध कर्म किया जाना था. राम और लक्ष्मण श्राद्ध की सामग्री लेने गए, लेकिन उन दोनों को लौटने में देर होने लगी. वहां उपस्थित ब्राह्मण ने सीता से कहा कि पिंडदान का समय निकला जा रहा है. धर्म शास्त्रों के अनुसार, पुत्र के उपस्थित नहीं रहने पर पुत्रवधू भी पिंडदान कर सकती है.
वट वृक्ष ने बताया सच
सीताजी ने रेत से पिंड बनाकर फल्गु नदी, वट वृक्ष, केतकी के फूल और गाय को साक्षी मानकर राजा दशरथ के लिए पिंडदान कर दिया. जब राम और लक्ष्मण लौटे, तो सीता ने उन्हें बताया कि उन्होंने पिंडदान कर दिया है. राम ने प्रमाण मांगा. सीता ने फल्गु नदी, वट वृक्ष, केतकी के फूल और गाय से उनके द्वारा किए गए पिंडदान के बारे में सूचने देने को कहा. फल्गु नदी, गाय और केतकी के फूलों ने इंकार कर दिया, केवल वट वृक्ष ने सच बताया.
मिला फल्गु नदी को श्राप
सीताजी क्रोधित हो गईं और उन्होंने फल्गु नदी को श्राप दिया कि वह हमेशा सूखी रहेगी. उन्होंने गाय को श्राप दिया कि वह बचा हुआ खाना और जूठन खाएगी. केतकी के फूल को श्राप दिया कि देवताओं की पूजा में उसका उपयोग नहीं किया जाएगा. उन्होंने बरगद के पेड़ को आशीर्वाद दिया कि वह हमेशा पूजनीय रहेगा.
दशरथजी की कृपा
इस घटना के बाद सीता ने दशरथ का ध्यान किया. दशरथ की आत्मा प्रकट हुई. उन्होंने रामजी से बताया कि सीता ने उन्हें पिंडदान किया है. इस प्रकार माता सीता ने राजा दशरथ को मोक्ष प्रदान किया.
यह भी पढ़ें :- Shradh Pitru Paksha 2025 : पुराणों में मिलता है श्राद्ध कर्म का उल्लेख














