Lifestyle News
मन के विकारों से स्वयं को करें आजाद : श्री श्री रविशंकर
Authored By: स्मिता
Published On: Thursday, August 7, 2025
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
भारत 78 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. आध्यात्मिक गुरु और आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर के अनुसार, हमारा मन लालसा और द्वेष से भरा हुआ है. किसी को नापसंद करना स्वतंत्रता नहीं है. हमें अपने मन को इन विकारों से आजाद करना चाहिए. हम आंतरिक स्वतंत्रता के लिए प्रयास करें.
Authored By: स्मिता
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने बताया है कि हमारा शरीर संपूर्ण सृष्टि पर निर्भर है. (Sri Sri Ravi Shankar on Mind Purification) आजीविका के लिए समाज में किसी को वस्त्र बनाने पड़ते हैं, बिजली पैदा करनी पड़ती है, तो किसी को तेल के लिए खुदाई करनी पड़ती है. शरीर संसार से स्वतंत्र नहीं हो सकता है. शरीर के लिए निर्भरता परम है. अधिकांश लोग अपनी सीमाओं और निर्भरता से अवगत नहीं होते हैं. जब आत्मा शरीर से तादात्म्य स्थापित कर लेती है, तब स्वतंत्रता की इच्छा जागृत होती है. मन, बुद्धि, अहंकार- ये सभी स्वतंत्रता की तलाश में रहते हैं.
सभी एक दूसरे पर निर्भर
स्वतंत्रता की तलाश में अक्सर आप अहंकार में फंस जाते हैं और अधिक दुखी हो जाते हैं, दूसरों से द्वेष रखने लगते हैं. ध्यान दें की स्वतंत्रता तब तक प्राप्त नहीं हो सकती है जब तक आप भीतर से गति करना शुरू न कर दें. जब आप भीतर जाते हैं, तो आप पाते हैं कि आप परस्पर निर्भर हैं. स्व/आत्मा/जीव परस्पर एक दूसरे पर निर्भर हैं. वास्तव में प्रत्येक बुद्धिमान व्यक्ति जानता है कि सब कुछ परस्पर निर्भर है और स्वतंत्रता जैसा कुछ नहीं है.
स्वतंत्रता की चाहत
एक स्तर पर निर्भरता एक कठोर वास्तविकता है. दूसरे स्तर पर यह एक भ्रम है, क्योंकि आत्मा के अलावा और कुछ नहीं है. जब आप एकता, अपनेपन का अनुभव नहीं करते हैं, तभी आप स्वतंत्रता चाहते हैं. आत्मा अद्वैत है, इसलिए निर्भरता या स्वतंत्रता का कोई प्रश्न ही नहीं उठता है. जो स्वतंत्रता मांगता है वह भिखारी है, जो जानता है कि यह एक भ्रम है, तो वही राजा है.
सत्संग के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता
जब अपनत्व की भावना सुदृढ़ नहीं होती, तब साधक के जीवन में एक अस्थिर अवस्था आ जाती है. तब अहंकार तुच्छता की ओर लौटने का कोई न कोई बहाना ढूंढ़ लेता है. वह अभी ज्ञान की समग्रता में पूरी तरह से डूबा नहीं होता. उसे इसकी आदत नहीं होती, इसलिए मन अहंकार की ओर लौटने, अलग-थलग, स्वतंत्र और पृथक होने का हर छोटा-मोटा बहाना ढूंढ़ लेता है और वह कोई भी छोटी-सी गलती ढूंढ़कर उसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश करता है. इन प्रवृत्तियों के प्रति सचेत रहें और चाहे कुछ भी हो जाए, सत्संग के प्रति, मार्ग के प्रति, दृढ़ प्रतिबद्धता बनाए रखें.
बौद्धिक रूप से होना चाहिए स्वतंत्र
बंधन से मुक्ति ही स्वतंत्रता है. हमें बंधन को समझना चाहिए। इसके दो प्रकार हैं. एक है प्रेम का बंधन. दूसरा वह, जो हमें घुटन का एहसास कराता है. जो घुटन देता है और विकास को रोकता है, वह बंधन है. भारत विदेशी शासन से मुक्त हो गया और लोगों ने सोचा कि अब हम स्वतंत्र हैं. गुलामी अभी खत्म नहीं हुई है. जब तक हम खुद का, अपनी संस्कृति का, अपनी क्षमताओं का सम्मान नहीं करेंगे, तब तक हम खुद को स्वतंत्र नहीं मान सकते हैं. हमें आर्थिक, सामाजिक और बौद्धिक रूप से स्वतंत्र होना चाहिए.
संकीर्ण मानसिकता से मुक्ति
इन सबके अलावा, एक आंतरिक स्वतंत्रता भी है. जिस सीमा तक हम अपने भीतर सुखी और संतुष्ट महसूस करते हैं, उसी सीमा तक हम स्वयं को स्वतंत्र कह सकते हैं. केवल आंतरिक शक्ति वाला ही स्वयं को स्वतंत्र कह सकता है. क्या हमने ईर्ष्या, घृणा जैसी नकारात्मक भावनाओं और विचारों से मुक्ति पा ली है? हमें स्वयं से यह प्रश्न पूछना चाहिए. क्या हम अपनी संकीर्ण मानसिकता से मुक्त हैं? हम छोटी-छोटी बातों से परेशान हो जाते हैं। क्या हम उस संकीर्ण मानसिकता से मुक्त हैं जिसमें करुणा या प्रेम नहीं है?
आंतरिक स्वतंत्रता के लिए प्रयास (Inner Freedom)
हम सभी एक-दूसरे पर निर्भर हैं. एक समय हम सभी स्वतंत्रता चाहते थे. आज हम सभी को यह एहसास होना चाहिए कि हम एक-दूसरे पर निर्भर हैं. अब हमें एक अलग तरह की स्वतंत्रता के लिए लड़ना होगा. हमारा मन लालसा और द्वेष से भरा हुआ है. किसी को नापसंद करना स्वतंत्रता नहीं है. हमें अपने मन को इन विकारों से आजाद करना चाहिए. हमें आंतरिक स्वतंत्रता के लिए प्रयास करना चाहिए.
अज्ञानता, अशुद्धता, भीतर और बाहर दोनों जगह से हमें इनसे छुटकारा पाना होगा.
यह भी पढ़ें :- समस्या से समाधान की ओर ले जाता है योग: श्री श्री रविशंकर














