Sports News
Asia Cup 2025: UAE में खेला जाएगा एशिया कप, 9 से 28 सितंबर तक चलेगा टूर्नामेंट
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Sunday, July 27, 2025
Last Updated On: Sunday, July 27, 2025
Asia Cup 2025 अब यूएई में 9 से 28 सितंबर तक खेला जाएगा. भारत के पास मेजबानी का अधिकार होने के बावजूद टूर्नामेंट पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण संबंधों के कारण न्यूट्रल वेन्यू पर होगा. दुबई, अबू धाबी और शारजाह में मैच आयोजित किए जाएंगे और यह टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Sunday, July 27, 2025
Asia Cup 2025 को लेकर बड़ी ख़बर सामने आई है. भारतीय मेजबानी में आयोजित होने वाला यह बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला जाएगा. एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 28 सितंबर के बीच किया जाएगा. भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश समेत कुल आठ टीमें इसमें भाग लेंगी और मुकाबले टी20 फॉर्मेट में होंगे.
यूएई में होगा Asia Cup 2025 का आयोजन
एशिया कप 2025 का आयोजन यूएई में 9 से 28 सितंबर होगा. एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने ढाका में आयोजित बैठक के बाद इसकी पुष्टि की. बैठक में बीसीसीआई के प्रतिनिधि भी वर्चुअली शामिल थे.
PCB अध्यक्ष ने दी जानकारी
मोहसिन नकवी ने शनिवार को अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, “मुझे यूएई में एसीसी पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखों की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है. यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 9 से 28 सितंबर तक चलेगा. हम क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. विस्तृत कार्यक्रम की सूचना जल्द ही दी जाएगी.” बता दें कि मोहसिन नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं.
भारत के पास थी इसकी मेजबानी
एशिया कप 2025 की मेजबानी का अधिकार भारत के पास है. लेकिन, पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण रिश्तों की वजह से टूर्नामेंट यूएई में खेला जाएगा. मैचों का आयोजन दुबई, अबू धाबी और शारजाह में होने की उम्मीद है.
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, यूएई, अफगानिस्तान, श्रीलंका, हांगकांग और ओमान हिस्सा ले रहे हैं. भारत एशिया कप का गत विजेता है. भारतीय टीम ने 2023 में 50 ओवर फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप के फाइनल में कोलंबो में श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था.
पिछले एशिया कप हाइब्रिड मॉडल पर
पिछले एशिया कप के आयोजन का अधिकार पाकिस्तान के पास था. लेकिन, भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की वजह से टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेला गया था. पाकिस्तान में सिर्फ चार मैच खेले गए. शेष 9 मैच श्रीलंका में खेले गए थे.
भारत-पाकिस्तान के बीच असामान्य रिश्तों का प्रभाव चैंपियंस ट्रॉफी 2025 पर भी पड़ा था. आईसीसी के इस इवेंट का आयोजक पाकिस्तान था. लेकिन, बीसीसीआई द्वारा सुरक्षा कारणों की वजह से टीम इंडिया को पाकिस्तान न भेजने की वजह से टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में हुआ था. भारतीय टीम ने अपने सभी मैच दुबई में खेले थे.
एशिया कप 2025 में अगर भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में हुए तो तीन बार आमने-सामने हो सकते हैं: एक बार लीग चरण में, फिर सुपर-4 दौर में और संभवतः फाइनल में.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)













