Sports News
IND vs SA: इन 3 कारणों से भारत को टी20I में मिली दूसरी सबसे बड़ी हार
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Friday, December 12, 2025
Last Updated On: Friday, December 12, 2025
न्यू चंडीगढ़ में टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका ने 51 रन से हराकर सीरीज में दमदार वापसी की। यह हार सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि कई गलत फैसलों, खराब गेंदबाजी और ओस के गलत अनुमान का नतीजा थी। बल्लेबाजी क्रम में प्रयोग, डेथ ओवर्स की कमजोर रणनीति और बेतरतीब गेंदबाजी ने भारत को घर पर T20I की सबसे बड़ी हार का कड़वा स्वाद चखा दिया। आखिर किन 3 बड़े कारणों ने भारत को इस शर्मनाक नतीजे तक पहुंचाया?
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Friday, December 12, 2025
IND vs SA दूसरे T20I में टीम इंडिया को वह झटका लगा जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी. कटक में आसान जीत के बाद लगता था कि भारत सीरीज पर दबदबा बनाए रखेगा, लेकिन न्यू चंडीगढ़ में तस्वीर बिल्कुल उलट दिखी. पहले क्विंटन डी कॉक की आतिशी पारी ने भारत को बैकफुट पर धकेला, फिर डेथ ओवर्स में बुमराह, हार्दिक और अर्शदीप की लय बिगड़ गई. 213 का विशाल लक्ष्य हासिल करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई और 51 रन से मुकाबला गंवा बैठी.
यह हार कई वजहों से ऐतिहासिक भी रही T20I में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार और घरेलू मैदान पर रनों के हिसाब से अब तक की सबसे भारी शिकस्त. लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि मजबूत टीम इंडिया इस तरह धराशायी हो गई? मैच की पूरी कहानी तीन बड़े कारणों में साफ नज़र आती है, जो कहीं न कहीं टीम की योजना, संयोजन और निर्णयों पर गंभीर सवाल खड़े कर देते हैं.
बल्लेबाजी क्रम में फिर गड़बड़
टारगेट का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत में ही शुभमन गिल का विकेट खो दिया. यहां टीम मैनेजमेंट ने एक और प्रयोग कर दिया. हेड कोच गौतम गंभीर ने अक्षर पटेल को नंबर-3 पर भेज दिया. यह फैसला चौंकाने वाला था. अक्षर ने दबाव में 21 गेंद पर 21 रन बनाए. दूसरी तरफ शिवम दुबे को बहुत नीचे,भारत टीम प्रदर्शन पर बल्लेबाजी के लिए उतारा गया. विशुद्ध बल्लेबाज की जगह ऑलराउंडर को नंबर-3 पर भेजना भारी गलती साबित हुई. यह ओवर कॉन्फिडेंस जैसा फैसला लगा. सूर्यकुमार यादव को रेगुलर नंबर-3 पर भेजा ही नहीं जा रहा. नतीजा आज भी वह चार नंबर पर उतरे और फ्लो नहीं बना सके.
गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगड़ी
साउथ अफ्रीका की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजी बेहद साधारण रही. खासकर अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा निराश किया. उन्होंने एक ओवर में सात वाइड फेंके. ओवर 13 गेंद में पूरा किया. वह सबसे महंगे गेंदबाज रहे. चार ओवर में 54 रन लुटा दिए. जसप्रीत बुमराह भी लय नहीं पकड़ सके। उन्होंने चार ओवर में 45 रन दिए. दोनों गेंदबाजों ने मिलकर 13 फुलटॉस फेंक डाले. और कुल 99 रन लुटा दिए। टी20 में इतनी ढीली गेंदबाजी की कोई गुंजाइश नहीं होती.
ओस की भविष्यवाणी भी गलत निकली
टॉस जीतकर भारत ने सोचा था कि दूसरी पारी में ओस मदद करेगी. लेकिन मैदान पर तस्वीर अलग थी. ओस बहुत कम थी. 10वें ओवर के बाद तो ऐसा लगा कि गेंद रुककर आ रही है. इसके बावजूद साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने बढ़िया लाइन-लेंथ पकड़ी. उन्होंने गति में शानदार बदलाव किया. बार्टमैन के चार ओवर ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने भारत को बांधकर रखा और दबाव बढ़ाया. भारत इस दबाव से बाहर ही नहीं निकल पाया.
घर में भारत की सबसे बड़ी हार
मैच में भारत को 51 रन से हार मिली. यह टी20I में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है. साथ ही यह घरेलू मैदान पर रनों के हिसाब से भारत की अब तक की सबसे बड़ी हार है. इससे पहले 2019 में न्यूजीलैंड ने भारत को 80 रन से हराया था.
यह भी पढ़ें :- धोनी से पंत तक करोड़ों की बरसात, IPL नीलामी के असली बादशाह कौन? किसने तोड़े सारे रिकॉर्ड?
















