Sports News
दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान, शुभमन गिल की ग्रैंड वापसी
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Wednesday, December 3, 2025
Last Updated On: Wednesday, December 3, 2025
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 9 दिसंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का एलान हो गया है. शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या की वापसी ने स्क्वॉड में नई ऊर्जा भर दी है. बुमराह, कुलदीप और अर्शदीप जैसे स्टार गेंदबाज़ों के साथ टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों को रफ्तार देने उतरेगी.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Wednesday, December 3, 2025
IND vs SA T20 Series Team 2025: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली रोमांचक टी20 सीरीज से पहले टीम इंडिया का एलान कर दिया गया है, और इस बार स्क्वॉड में कई बड़ी वापसियों ने मुकाबले का उत्साह पहले ही चरम पर पहुंचा दिया है. 9 दिसंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की यह सीरीज भारत के लिए इसलिए भी बेहद अहम मानी जा रही है क्योंकि इसी के जरिए टीम टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देगी. लंबे समय से चोट से जूझ रहे शुभमन गिल को मेडिकल क्लीयरेंस के आधार पर टीम में जगह दी गई है और अगर वे फिट हो जाते हैं तो उनकी वापसी भारतीय बल्लेबाजी क्रम में नई जान डाल देगी. वहीं हार्दिक पांड्या की भी वापसी हुई है, जो एशिया कप फाइनल से पहले चोटिल होने के कारण लंबे समय से मैदान से दूर थे.
गेंदबाजों का मजबूत अटैक
दूसरी ओर गेंदबाज़ी विभाग में जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी टीम को एक बार फिर मजबूती देती है. स्पिन आक्रमण कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे अनुभवी और रहस्यमयी गेंदबाज़ों के हाथों में रहेगा. सीरीज के मैच कटक, न्यू चंडीगढ़, धर्मशाला, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे प्रमुख स्थलों पर खेले जाएंगे, जहां हर मुकाबला टीम की रणनीति और संयोजन को परखने का मौका देगा. वर्तमान में भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहा है, और टी20 मुकाबले उससे भी अधिक दिलचस्प माने जा रहे हैं क्योंकि यह भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा है. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया नई ऊर्जा के साथ दक्षिण अफ्रीका को चुनौती देने उतरने को तैयार है.
9 दिसंबर से सीरीज का आगाज
टी20 सीरीज का आगाज 9 दिसंबर को कटक के बाराबती स्टेडियम में होगा. इसके बाद सीरीज का दूसरा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ म 11 दिसंबर को खेला जाएगा. सीरीज का तीसरा मैच धर्मशाला की हसीन वादियों में 14 दिसंबर को और सीरीज का चौथा मैच लखनऊ को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 दिसंबर को खेला जाएगा. सीरीज का अंत 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में होगा.
बता दें कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फिलहाल तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है. रांची में खेले गए पहले मैच में जीत के साथ भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. आज दोनों के बीच दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है जबकि तीसरे मैच में दोनों टीमें विशाखापत्तनम में आमने-सामने होंगी. इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेंगी, जिसकी शुरुआत 9 दिसंबर से होगी. गौरतलब है कि टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए अहम है. टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसका आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा. कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका पर जीत के साथ तैयारियां तेज करने उतरेगी.
टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव(कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जीतेश शर्मा(विकेटकीपर), संजू सैमसन(विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर.
यह भी पढ़ें :- IND vs SA 2nd ODI Playing-XI: दूसरे मुकाबले के लिए तैयार भारतीय टीम, जानें दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
















