Sports News
IND vs SA 3rd T20I: कहां मात खा गई दक्षिण अफ्रीका की टीम? सीरीज में वापसी मुश्किल
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Monday, December 15, 2025
Last Updated On: Monday, December 15, 2025
भारत ने तीसरे टी-20 में दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली. अर्शदीप सिंह की घातक गेंदबाजी और कोच गौतम गंभीर की रणनीति ने अफ्रीकी टीम की कमर तोड़ दी. आइए जानते हैं कि आखिर कहां मात खा गई साउथ अफ्रीका की टीम?
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Monday, December 15, 2025
धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने सिर्फ जीत ही दर्ज नहीं की, बल्कि यह भी दिखा दिया कि मैदान के बाहर की रणनीति भी मैच का रुख बदल सकती है. अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी, भारतीय स्पिनर्स का दबदबा और कोच गौतम गंभीर का आखिरी ओवर को लेकर लिया गया मास्टरस्ट्रोक, इन सबने मिलकर दक्षिण अफ्रीका को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. 117 रनों पर सिमटी अफ्रीकी पारी के बाद भारत ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया. इस हार के साथ ही साउथ अफ्रीका के लिए सीरीज में वापसी की राह अब काफी मुश्किल नजर आने लगी है.
गेंदबाजों ने दिखाया दम
भारत की जीत में गेंदबाजों का बड़ा योगदान रहा. खास तौर पर अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने 4 ओवर में सिर्फ 13 रन दिए और 2 अहम विकेट झटके. धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज पूरी तरह हावी नजर आए. अर्शदीप के साथ-साथ हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने भी दो-दो विकेट लिए. इन सभी की कसी हुई गेंदबाजी के सामने साउथ अफ्रीका की टीम ज्यादा देर टिक नहीं पाई और 117 रन पर सिमट गई.
लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था. भारत ने भी बिना किसी दबाव के बल्लेबाजी की. टीम ने तीन विकेट गंवाकर 15.5 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया. अर्शदीप सिंह को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
कोच गंभीर का मास्टरस्ट्रोक
इस मैच में कोच गौतम गंभीर की रणनीति भी चर्चा में रही. उन्होंने प्लेइंग इलेवन में बड़ा फैसला लिया. जसप्रीत बुमराह की जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया गया. यह फैसला भारत के लिए फायदेमंद साबित हुआ. हर्षित ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट लिए. उन्होंने अहम मौकों पर ब्रेकथ्रू दिलाया. मैच के आखिरी पलों में भी गंभीर की चालाकी देखने को मिली. जब साउथ अफ्रीका की पारी 19 ओवर पूरे कर चुकी थी, तब आखिरी ओवर को लेकर प्लान बनाया गया. पहले योजना थी कि अंतिम ओवर हार्दिक पंड्या से कराया जाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव भी यही चाहते थे.
लेकिन स्थिति को भांपते ही कोच गंभीर ने तुरंत कदम उठाया. उन्होंने डगआउट में बैठे फील्डिंग कोच टी. दिलीप को एक मैसेज दिया. टी. दिलीप यह संदेश लेकर संजू सैमसन के पास पहुंचे. इसके बाद संजू आखिरी ओवर शुरू होने से ठीक पहले मैदान में गए और सूर्या तक गंभीर का मैसेज पहुंचाया.
कुलदीप पर भरोसा, फैसला साबित हुआ सही
गंभीर का साफ मैसेज था कि आखिरी ओवर हार्दिक से नहीं, बल्कि कुलदीप यादव से कराया जाए. वजह भी साफ थी. क्रीज पर दो नए बल्लेबाज मौजूद थे. ऐसे में कुलदीप की मिस्ट्री स्पिन को समझना उनके लिए मुश्किल हो सकता था. इसी सोच के साथ यह फैसला लिया गया. सूर्यकुमार यादव ने कोच की बात मानी. आखिरी ओवर कुलदीप यादव को सौंपा गया. कुलदीप ने निराश नहीं किया. उन्होंने एक ही ओवर में दोनों विकेट निकाल दिए. साउथ अफ्रीका की पारी 117 रन पर ही खत्म हो गई. निचले क्रम के बल्लेबाज कुलदीप की फिरकी को पढ़ नहीं पाए. आखिरी ओवर में सिर्फ 2 रन बने.
कप्तान मार्करम ने मानी कमजोरी
मैच के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने हार की वजह बताई. उन्होंने कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजों ने सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की. इसके चलते उनकी टीम ने जल्दी-जल्दी 4 से 5 विकेट गंवा दिए. मार्करम ने माना कि भारत ने उन्हें खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया. उन्होंने कहा कि अगर उनकी टीम 140 या 150 रन तक पहुंच जाती तो मुकाबला ज्यादा करीबी हो सकता था. उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में अगर ऐसे हालात मिलते हैं तो टीम को दबाव बनाना सीखना होगा.
अभिषेक शर्मा की पारी पर क्या बोले मार्करम
भारत की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी. उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. अभिषेक ने सिर्फ 18 गेंदों में 35 रन बनाए. उनकी इस पारी ने मैच को साउथ अफ्रीका की पकड़ से पूरी तरह बाहर कर दिया. अभिषेक की बल्लेबाजी पर बात करते हुए मार्करम ने कहा कि उन्हें इसका श्रेय देना चाहिए. उन्होंने माना कि शुरुआती 3-4 ओवरों में उनकी टीम सही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी नहीं कर पाई. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बाद में बेहतर गेंदबाजी करके मैच को थोड़ा लंबा खींचना टीम के लिए एक सकारात्मक पहलू रहा.
















