Sports News
बुमराह पर आरोप, ICC मौन! साउथ अफ्रीका किस डर से पीछे हट गया?
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, November 15, 2025
Last Updated On: Saturday, November 15, 2025
भारत बनाम साउथ अफ्रीका पहले टेस्ट के पहले ही दिन जसप्रीत बुमराह की एक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. स्टंप माइक पर दर्ज ’बौना’ शब्द को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी है, जबकि साउथ अफ्रीका ने औपचारिक शिकायत करने से साफ इनकार कर दिया. वहीं, ICC की चुप्पी को लेकर भी कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. क्या ये मामला आगे बढ़ेगा या दब जाएगा? पढ़ें पूरी रिपोर्ट.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, November 15, 2025
Bumrah ICC Controversy: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच में जहां एक तरफ टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत करते हुए मेहमान टीम को 159 रन पर ढेर कर मैच पर पकड़ बना ली, वहीं दूसरी ओर बुमराह की एक टिप्पणी पूरे मुकाबले के माहौल पर हावी हो गई. 13वें ओवर में स्टंप माइक पर रिकॉर्ड हुआ ’बौना’ शब्द बावुमा की शारीरिक बनावट पर की गई टिप्पणी माना गया, जिसके बाद तुरंत ही सोशल मीडिया पर विवाद भड़क उठा. हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि साउथ अफ्रीका टीम ने इस पर कोई शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है, जबकि आईसीसी भी अब तक पूरी तरह मौन है. आखिर क्यों दोनों पक्ष इस मुद्दे पर पीछे हट रहे हैं और अगर कार्रवाई होती है तो बुमराह के लिए क्या मुसीबतें खड़ी हो सकती हैं? आइए जानते हैं
दरअसल, यह विवाद साउथ अफ्रीका की पहली पारी के 13वें ओवर में हुआ. जब मेहमान टीम का स्कोर 2 विकेट पर 62 रन था. बावुमा के खिलाफ बुमराह की एलबीडब्ल्यू की अपील को अंपायर ने खारिज कर दिया. इसके बाद रिव्यू लेने पर की चर्चा के दौरान स्टंप माइक ने बुमराह को यह कहते हुए रिकॉर्ड किया कि ‘बौना भी है’ जो बावुमा की शारीरिक बनावट पर कमेंट था.
बावुमा को कहा ‘बौना’
‘बौना’ शब्द आमतौर पर छोटे कद वाले लोगों के लिए कहा जाता है. बुमराह की यही टिप्पणी अब विवाद का कारण बन गई है. कई लोगों को लगा कि यह शब्द अपमानजनक है. वहीं साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजी कोच एशवेल प्रिंस इस विवाद से दूरी बनाए हुए हैं. उन्होंने साफ कहा कि उनकी टीम इस मामले में कोई शिकायत नहीं करेगी.
अफ्रीका ने शिकायत से किया इंकार
प्रिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “नहीं, इस पर कोई चर्चा नहीं होगी. यह पहली बार है जब मैंने यह बात सुनी है. मुझे नहीं लगता कि मैदान के बाहर की किसी बात से हमें कोई दिक्कत होगी. टीम इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराएगी.” उनके इस बयान से साफ है कि साउथ अफ्रीका इसे तूल देने के मूड में नहीं है.
आईसीसी भी चुप
इस पूरी घटना पर आईसीसी भी खामोश है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. कई फैंस ने इस चुप्पी की आलोचना की है. कुछ लोगों ने कहा कि बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ी को ऐसे शब्द नहीं बोलने चाहिए. वहीं कई यूजर्स का आरोप है कि आईसीसी इसलिए चुप है क्योंकि बीसीसीआई का दबदबा बहुत बड़ा है.
आईसीसी के नियम क्या कहते हैं?
दरअसल, इस तरह की भाषा आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के खिलाफ जाती है. खासकर आर्टिकल 2.13 में साफ लिखा है कि किसी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, अंपायर या मैच रेफरी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल उल्लंघन माना जाता है. इस पर अलग-अलग तरह की सज़ाएं हैं फटकार से लेकर जुर्माना तक. सबसे अहम है डिमेरिट पॉइंट. यह खिलाड़ी के रिकॉर्ड में 24 महीनों के लिए जुड़ा रहता है और आगे चलकर बड़ी सज़ा की वजह बन सकता है.
अगर बुमराह पर कार्रवाई हुई तो?
अगर बुमराह के खिलाफ मामला दर्ज हुआ तो उन्हें फटकार मिल सकती है या फिर उनकी मैच फीस का 20 से 50 प्रतिशत काटा जा सकता है. साथ ही एक या दो डिमेरिट पॉइंट भी जोड़े जा सकते हैं. अगर ऐसा हुआ तो आगे चलकर उन पर बैन का खतरा बढ़ जाएगा. याद दिला दें कि बुमराह को एशिया कप के दौरान भी एक डिमेरिट पॉइंट मिला था. नियम के मुताबिक, अगर किसी खिलाड़ी को 24 महीने में चार डिमेरिट पॉइंट मिल जाते हैं, तो वे सस्पेंशन पॉइंट में बदल जाते हैं. इसके बाद खिलाड़ी पर एक टेस्ट मैच या दो वनडे या दो टी20 मैच का बैन लग सकता है.
यह भी पढ़ें :- Unbreakable Cricket Records: क्रिकेट के 4 ऐसे महारिकॉर्ड, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं बल्कि नामुमकिन















