Sports News
पर्थ टेस्ट के बाद इंग्लैंड की हुई किरकिरी, ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने उड़ाया मजाक
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Monday, November 24, 2025
Last Updated On: Monday, November 24, 2025
पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड की दो दिन में करारी हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने बेन स्टोक्स की टीम का खुलकर मजाक उड़ाया. ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ ने ट्रेविस हेड का बड़ी तस्वीर के साथ मजेदार हेडलाइन लगाई- ‘इंग्लैंड का डैडी’. हेड के तूफानी शतक ने मैच का रुख पहले ही दिन से बदल दिया और इंग्लैंड की शर्मनाक हार तय कर दी.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Monday, November 24, 2025
Perth Test Australian: पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड जिस अंदाज में बिखरा, उसने पूरी एशेज सीरीज की टोन सेट कर दी है. ऑस्ट्रेलिया ने महज दो दिन में मेहमान टीम को रौंदकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया. इस शर्मनाक हार के बाद इंग्लैंड की किरकिरी सिर्फ मैदान तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने भी तंज कसने में कोई कमी नहीं छोड़ी. ट्रेविस हेड के तूफानी शतक और उनके परिवार संग छपी तस्वीर को ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ ने ऐसे पेश किया कि सोशल मीडिया पर हलचल मच गई. अखबार ने हेड को मजाकिया अंदाज में ‘इंग्लैंड का डैडी’ बता दिया और इसी कैप्शन ने इंग्लिश टीम की हार पर नमक छिड़क दिया. तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के 10 विकेट और हेड की 123 रनों की आक्रामक पारी ने इंग्लैंड को सीरीज ओपनर में पूरी तरह आउटक्लास कर दिया. दो दिन में खत्म हुई इस जंग ने अब एशेज को पहले ही मुकाबले से रोमांच, विवाद और मजाकों से भर दिया है.
‘इंग्लैंड के डैडी’
ऑस्ट्रेलियाई टेबलॉयड ‘द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन’ ने अपने फ्रंट पेज पर एक दिलचस्प तस्वीर छापी. तस्वीर में ट्रेविस हेड अपनी पत्नी और बच्चे के साथ नजर आ रहे हैं. बच्चा उनकी गोद में है और चेहरे पर जीत की साफ खुशी दिख रही है. अखबार ने इस तस्वीर के साथ बड़ा हेडलाइन दिया- ‘इंग्लैंड के डैडी’. यह हेडलाइन सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है.
पहला एशेज टेस्ट सिर्फ दो दिन में खत्म हो गया. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की लेकिन शुरुआत से ही लड़खड़ा गई. मिचेल स्टार्क ने लगातार कहर बरपाया और इंग्लैंड की पहली पारी 172 रन पर सिमट गई. स्टार्क ने इस पारी में 7 विकेट लिए. इंग्लैंड गेंदबाजी में थोड़ा बेहतर उतरा और ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में सिर्फ 132 रन पर रोक दिया. कप्तान बेन स्टोक्स ने 5 विकेट झटके. ब्राइडन कार्स ने 3 और जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट लिए.
ट्रेविस हेड ने पलटा मैच का रुख
इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 164 रन बनाए. इस बार भी स्टार्क चमके और 3 विकेट लेकर मैच में अपने कुल 10 विकेट पूरे किए. ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 205 रन का लक्ष्य मिला. शुरुआती तीनों पारियां बेहद जल्दी खत्म हुई थीं, इसलिए 205 रन बड़ा लक्ष्य लग रहा था. लेकिन ट्रेविस हेड शुरुआत से ही अलग लय में दिखे.
हेड और जेक वेदरलैंड ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 69 गेंदों में 75 रन ठोक दिए. इस जोड़ी ने इंग्लैंड के हाथ से मैच की पकड़ लगभग छुड़ा दी. वेदरलैंड के आउट होने के बाद हेड ने मार्नस लाबुशाने के साथ मिलकर 117 रन की मजबूत साझेदारी की. हेड ने 83 गेंदों में धमाकेदार 123 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उन्होंने सिर्फ 69 गेंद में अपना शतक पूरा किया.
लाबुशाने भी नाबाद रहे और 49 गेंदों में 51 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. दोनों ने मिलकर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया और ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच केवल दो दिन में ही 8 विकेट से जीत लिया. ट्रेविस हेड की यह पारी पूरे मैच की सबसे बड़ी कहानी बन गई.
यह भी पढ़ें :- भारत की बेटियों ने जीता ब्लाइंड T20 वर्ल्ड कप का खिताब, लेकिन मिला सिर्फ इतने रुपए का इनाम
















