Sports News
रवि शास्त्री ने बीच मैदान पर क्यों लगाई थी सचिन तेंदुलकर को डांट? जानिए ऑस्ट्रेलिया दौरे की वो अनसुनी कहानी
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Friday, November 7, 2025
Last Updated On: Friday, November 7, 2025
क्रिकेट इतिहास का एक दिलचस्प किस्सा जब टीम इंडिया के सीनियर खिलाड़ी रवि शास्त्री ने मैदान के बीचों-बीच मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को डांट लगा दी थी. वजह थी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की स्लेजिंग और सचिन का जवाब देने का जोश. जानिए, कैसे इस एक घटना ने सचिन की सोच और उनके ‘कूल’ स्वभाव को हमेशा के लिए बदल दिया.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Friday, November 7, 2025
Ravi Shastri vs Sachin Tendulkar: क्रिकेट के मैदान पर आपने कई बार खिलाड़ियों के बीच नोकझोंक या तीखी बहसें देखी होंगी, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि शांत स्वभाव वाले सचिन तेंदुलकर को भी उनके सीनियर साथी ने सबके सामने डांट लगाई थी? जी हां, मास्टर ब्लास्टर के करियर की एक ऐसी अनसुनी कहानी है जब रवि शास्त्री ने मैदान के बीचों-बीच उन्हें फटकार लगाई थी. वजह थी- ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से स्लेजिंग का जवाब देना.
यह वाकया उस दौर का है जब सचिन क्रिकेट की दुनिया में नए थे और पहली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए थे. सामने था सिडनी का मैदान, कंगारू खिलाड़ियों की तेज जुबान और दूसरी ओर 18 साल का युवा बल्लेबाज जो पहली बार विदेशी जमीन पर अपने तेवर दिखाने को बेताब था. तभी रवि शास्त्री ने बीच पिच पर कुछ ऐसा कहा जिसने सचिन की सोच और खेल, दोनों को हमेशा के लिए बदल दिया.
आखिर क्या हुआ था उस मैच में? क्यों शास्त्री ने मैदान पर ही सचिन को चुप रहने को कहा? और कैसे इस घटना ने ‘कूल तेंदुलकर’ की पहचान को जन्म दिया. आइए जानते हैं…
शास्त्री ने सचिन को लगाई डांट
दरअसल, ये बात साल 1991-92 की है जब टीम इंडिया में सचिन नए-नए थे और पहली बार ऑस्ट्रेलिया गए थे. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर मैच चल रहा था जिसमें शास्त्री और सचिन के बीच साझेदारी हुई थी. इसी दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने इन दोनों के खिलाफ स्लेजिंग की रणनीति अपनाई थी जिसपर सचिन ने भी जवाब दिया था.
शास्त्री ने समर ऑफ क्रिकेट लंच पर बात करते हुए ये किस्सा बताया है. उन्होंने बताया, “मुझे याद है कि हम एससीजी में खेल रहे थे. ये सचिन का पहला दौरा था. मैं अपने शतक पर पहुंचा ही था और सचिन बल्लेबाजी करने आए थे. वॉ भाइ उसे स्लेज कर रहे थे. उसी समय माइक व्हाइटनी अतिरिक्त खिलाड़ी के तौर पर फील्डिंग करने आए थे. उन्होंने गेंद अपने हाथ में ली और कहा कि अपनी क्रीज पर जाओ मैं तुम्हारा सिर फोड़ दूंगा. मैंने कहा कि माइक लगे हुए हैं और तुम पर जर्माना भी लग सकता है.”
उन्होंने कहा, “पिच के बीच से पूरे एससीजी में मैंने जोर से चिल्लाकर कहा, माइक तुम जिस तरह से थ्रो करते हो वैसे गेंदबाजी कर सकते तो 12वें खिलाड़ी नहीं होते.”
सचिन ने भी दिया जवाब
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रुकते नहीं हैं और लगातार स्लेज करते रहते हैं. उस मैच में भी यही चल रहा था. शास्त्री को देखने के बाद सचिन को भी स्लेज करने की इच्छा हुई जो उन्होंने शास्त्री से जाहिर की. शास्त्री ने बताया, “सचिन मेरे पास आए और कहा कि इंतजार कीजिए जब तक मैं शतक पूरा नहीं करता. मैं भी इन्हें बताऊंगा. मैंने सचिन से कहा कि तुम चुप रहो. तुम्हारे पास अच्छी क्लास है, अपने बैट को जवाब देने दो. मैं बात करता हूं.”
यह भी पढ़ें :- टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले ODI स्क्वाड से बाहर विराट और रोहित













