Sports News
‘सच होते देखा तो रोंगटे खड़े हो गए..’ शादी टूटने के बाद खुलकर बोलीं क्रिकेटर स्मृति मंधाना
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Thursday, December 11, 2025
Last Updated On: Thursday, December 11, 2025
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और करोड़ों फैंस की धड़कन स्मृति मंधाना ने अपनी शादी टूटने के बाद पहली बार चुप्पी तोड़ी है. संगीतकार पलाश मुच्छल संग रद्द हुई शादी को लेकर उन्होंने मंच पर दिल की बात कही और बताया कि असल में उनका पहला प्यार कौन है. इसी दौरान उन्होंने महिला विश्वकप की ऐतिहासिक जीत का जिक्र करते हुए स्मृति ने क्रिकेट, जज़्बात और अपने जुनून पर बेबाकी से जवाब दिए, जिसे सुनकर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Thursday, December 11, 2025
Smriti Mandhana: भारतीय क्रिकेट की स्टार बैटर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना ने आखिरकार शादी टूटने के बाद पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. हाल ही में संगीतकार पलाश मुच्छल के साथ उनकी शादी रद्द होने की खबर ने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत तक हलचल मचाई थी. दोनों परिवारों की सहमति से हुए इस फैसले के बाद स्मृति ने फैंस से प्राइवेसी की अपील की थी और अब, ‘एमेज़ॉन संभव सम्मेलन’ में मंच पर पहुंचीं स्मृति मंधाना ने पहली बार न सिर्फ अपने टूटे रिश्ते पर संकेत दिए बल्कि यह भी बताया कि इस पूरी स्थिति के बीच उन्हें किस चीज ने संभाला. उन्होंने कहा कि क्रिकेट ही उनका पहला और असली प्यार है, बचपन से ही बैट हाथ में लेकर मैदान पर उतरने का जुनून उन्हें ताकत देता रहा है. गौरतलब है कि आने वाली टी20 सीरीज़ में वह फिर से भारतीय जर्सी पहनकर मैदान फतह करने को तैयार हैं.
शादी टूटने के बाद पहली बार बोलीं स्मृति मंधाना
भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने पहली बार अपने दिल की बात कही. उन्होंने कहा, “मैं 12 साल से ज्यादा समय से क्रिकेट खेल रही हूं. क्रिकेट मेरे सबसे करीब है. वही मेरा पहला प्यार है. बचपन से ही मुझे बल्लेबाजी का जुनून रहा है. सच कहूं तो क्रिकेट से ज्यादा मुझे कुछ पसंद ही नहीं. भारतीय जर्सी पहनते ही एक अलग ऊर्जा मिलती है और सारी परेशानियां जैसे पल भर में गायब हो जाती हैं.”
स्मृति ने आगे कहा, “मैं हमेशा से सीधी-सादी लड़की रही हूं. मैं बेकार की बातों पर दिमाग नहीं खराब करती. मैं अपनी लाइफ को खुद मुश्किल नहीं बनाती. जो सच है, बस वही सोचती हूं.”
बचपन का सपना था वर्ल्ड कप जीतना
वर्ल्ड कप जीतने के उस यादगार पल को स्मृति आज भी नहीं भूलतीं. उन्होंने कहा, “यह कई सालों की मेहनत का नतीजा था. हम सभी इस पल का इंतजार कर रहे थे. मैच से पहले ही हम अपनी जीत को दिमाग में जी चुके थे. जैसे ही स्क्रीन पर फाइनल मोमेंट दिखा… सच में रोंगटे खड़े हो गए.”
उन्होंने बताया कि महिला विश्व कप के फाइनल में मिताली राज और झूलन गोस्वामी की मौजूदगी से यह जीत और भी खास बन गई. स्मृति बोलीं, “हम उनके लिए भी यह कप जीतना चाहते थे. फाइनल के बाद उनकी आंखों में आए आंसू देखकर लगा कि ये सिर्फ हमारी नहीं, पूरी महिला क्रिकेट की जीत है.”
2025 में महिला क्रिकेट टीम ने लिखा इतिहास
साल 2025 स्मृति मंधाना के लिए बेहद खास रहा. भारत ने पहली बार महिला वनडे विश्व कप जीता और स्मृति इस जीत का अहम हिस्सा रहीं. यह वही सपना था, जिसके लिए वह पिछले 12 साल से मेहनत कर रही थीं. अब स्मृति एक बार फिर मैदान में वापसी को तैयार हैं. 21 दिसंबर से भारत और श्रीलंका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है. स्मृति इस सीरीज में जीत की लय को जारी रखने के लिए उत्साहित हैं.
शादी टूटने की खबर ने चौंकाया
इसी जीत के बाद स्मृति मंधाना की शादी की खबरें भी सुर्खियों में थीं. बताया गया कि उनकी शादी बॉलीवुड म्यूज़िशियन पलाश मुच्छल से होने वाली थी. शादी की तारीख भी तय थी. हल्दी की रस्में पूरी हो चुकी थीं. बस अंतिम समारोह बाकी था.ॉ इस बीच उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था. वीडियो में पलाश मुच्छल डीवाई पाटिल स्टेडियम में ही स्मृति को प्रपोज करते नजर आए थे. वही स्टेडियम… जहां भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर इतिहास रचा था. लेकिन इसी बीच दोनों ने शादी को आगे न बढ़ाने का फैसला किया. हालांकि स्मृति ने इस निजी फैसले पर ज्यादा बात नहीं की, लेकिन इतना जरूर कहा कि वह अपने करियर और क्रिकेट के लिए पूरी तरह समर्पित हैं.
यह भी पढ़ें :- IND vs SA 2nd T20I Playing-XI: भारत और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने, जानें संभावित प्लेइंग-11
















