Sports News
IND vs PAK मैच पर सस्पेंस, बॉयकॉट खत्म करने को पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने रखीं तीन शर्तें
Authored By: Nishant Singh
Published On: Monday, February 9, 2026
Last Updated On: Monday, February 9, 2026
IND vs PAK Match: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत-पाकिस्तान मैच पर अनिश्चितता बनी हुई है. पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने के लिए आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखी हैं. आईसीसी इस मुकाबले को कराने की कोशिश में जुटा है, लेकिन भारत का रुख अब भी कड़ा माना जा रहा है, जिससे फैंस की धड़कनें बढ़ी हुई हैं.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Monday, February 9, 2026
IND vs PAK Match: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतज़ार पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस कर रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है. हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी तक इस बॉयकॉट को लेकर आईसीसी को कोई आधिकारिक लिखित सूचना नहीं दी है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 15 फरवरी को दोनों टीमें आमने-सामने आ सकती हैं, लेकिन उससे पहले पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रख दी हैं.
आईसीसी भी चाहती है IND vs PAK मुकाबला
भारत-पाकिस्तान मैच सिर्फ एक क्रिकेट मुकाबला नहीं, बल्कि आईसीसी के लिए सबसे बड़ा रेवेन्यू जनरेटर भी माना जाता है. यही वजह है कि आईसीसी इस मैच को कराने के लिए हर संभव कोशिश कर रहा है. 8 फरवरी को आईसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी के बीच एक अहम बैठक हुई, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी मौजूद थे. इस मीटिंग में पाकिस्तान ने साफ कर दिया कि अगर उसकी कुछ मांगें मानी जाती हैं, तभी वह भारत के खिलाफ खेलने पर विचार करेगा.
पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने रखीं तीन बड़ी डिमांड
टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने बॉयकॉट कॉल खत्म करने के लिए आईसीसी के सामने तीन शर्तें रखीं. पहली मांग वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू शेयर की है. पाकिस्तान का मानना है कि भारत-पाक मैच से होने वाली कमाई में उसे उसका सही हिस्सा नहीं मिलता. दूसरी मांग भारत के साथ द्विपक्षीय यानी बाइलेटरल क्रिकेट को फिर से शुरू करने की है. तीसरी और सबसे संवेदनशील मांग यह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं.
पहली डिमांड – पाकिस्तान को वर्ल्ड बॉडी से ज्यादा रेवेन्यू चाहिए.
- दूसरी डिमांड – भारत के साथ बाइलेटरल क्रिकेट फिर से शुरू हो.
- तीसरी डिमांड – टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाएं
ज्यादा रेवेन्यू की मांग, आर्थिक दबाव की झलक
पाकिस्तान की पहली डिमांड सीधे तौर पर उसके आर्थिक हालात को दिखाती है. पीसीबी पिछले कुछ सालों से वित्तीय संकट से जूझ रहा है और बड़े टूर्नामेंट से मिलने वाला रेवेन्यू उसके लिए बेहद अहम है. पाकिस्तान का तर्क है कि भारत-पाक मैच से आईसीसी को मोटी कमाई होती है, लेकिन उसे अपेक्षाकृत कम हिस्सा मिलता है. इस मांग पर आईसीसी विचार कर सकता है, क्योंकि इसका सीधा संबंध टूर्नामेंट की कमाई से है.
बाइलेटरल क्रिकेट पर भारत की सख्त ‘ना’
पाकिस्तान की दूसरी डिमांड सबसे बड़ी अड़चन मानी जा रही है. भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय सीरीज साल 2012 में खेली गई थी. इसके बाद राजनीतिक तनाव के चलते दोनों टीमें सिर्फ आईसीसी और एशिया कप जैसे मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में ही आमने-सामने आई हैं. पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत का रुख और सख्त हो गया. ऐसे हालात में बाइलेटरल सीरीज दोबारा शुरू होना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है.
हाथ मिलाने की शर्त भी बनी विवाद की वजह
पाकिस्तान की तीसरी मांग खेल भावना से जुड़ी बताई जा रही है, लेकिन इसके पीछे भी राजनीति की छाया साफ दिखती है. एशिया कप 2025 से ही भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना बंद कर दिया है. यह फैसला सुरक्षा और राष्ट्रीय भावना को ध्यान में रखते हुए लिया गया था. पाकिस्तान चाहता है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह प्रतिबंध हटे, लेकिन भारत इसके लिए भी तभी तैयार होगा जब हालात पूरी तरह अनुकूल हों.
क्या होगा IND vs PAK मैच का भविष्य?
पाकिस्तान की तीनों मांगों में से भले ही दो पर आईसीसी विचार कर ले, लेकिन भारत के लिए दूसरी डिमांड मानना लगभग असंभव है. ऐसे में सवाल यही है कि क्या पाकिस्तान अपने रुख में नरमी दिखाएगा या फिर क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत-पाक मैच से हाथ धोना पड़ेगा. आने वाले दिनों में आईसीसी की भूमिका इस पूरे मामले में सबसे अहम साबित होने वाली है.
यह भी पढ़ें :- अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के बाद टीम इंडिया में एंट्री के दावेदार ये पांच युवा क्रिकेट सितारे
















