Sports News
लॉर्ड्स में हार के बाद इस खिलाड़ी पर चलेगी तलवार, बदल जाएगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Tuesday, July 15, 2025
Last Updated On: Wednesday, July 16, 2025
IND vs ENG 4th Test: लॉर्ड्स टेस्ट में करारी हार के बाद टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन पर सवाल खड़े हो गए हैं. करुण नायर के प्रदर्शन पर खासतौर पर उंगली उठ रही है, जिन्हें चौथे टेस्ट से बाहर किया जा सकता है. अब भारत को सीरीज में बने रहने के लिए अगले दोनों मैच जीतने होंगे, ऐसे में टीम में बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Wednesday, July 16, 2025
IND vs ENG 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया को जबरदस्त हार का सामना करना पड़ा. इंग्लैंड ने भारत को 22 रनों से मात दी. इसके साथ ही इस सीरीज में इंग्लैंड ने 2-1 से बढ़त बना ली है. तीसरे टेस्ट में जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को 193 रनों का टारगेट मिला था, जिसके जवाब में टीम इंडिया की पारी पांचवें दिन 170 रनों पर ही सिमट गई. इस हार के बाद टीम इंडिया की कमियों पर चर्चा तेज हो गई है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारत चौथे टेस्ट में इसी प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगा या कोई बदलाव करेगा.
सबसे ज्यादा चर्चा में करुण नायर हैं, जिनका कभी क्रिकेट में एक और मौका पाने का सपना था, लेकिन अब वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पा रहे हैं. ऐसे में 23 जुलाई से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट में टीम इंडिया क्या बदलाव कर सकती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.
भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसी स्थिति
भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा. यह मैच भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसी स्थिति ले चुका है. अगर टीम इंडिया को एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी अपने नाम करनी है, तो उसे बचे हुए दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे. अब भारत के पास हार की कोई गुंजाइश नहीं बची है. अगर चौथा टेस्ट भारत हारता है, तो वह सीरीज में 1-3 से पिछड़ जाएगा. कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर यह हालात बिल्कुल नहीं चाहेंगे. अगर इसके लिए उन्हें प्लेइंग इलेवन में बड़े फेरबदल क्यों न करने पड़ें.
कई खिलाड़ियों ने किया बेहतरीन प्रदर्शन
अब तक भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए तीन टेस्ट मैचों पर नजर डालें तो भारतीय टीम के कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. ओपनिंग की बात करें तो केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल दोनों ही इस सीरीज में शतक जमा चुके हैं. कप्तान शुभमन गिल ने अब तक तीन शानदार सेंचुरी ठोकी हैं, जबकि उप-कप्तान ऋषभ पंत ने एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाकर अपना दमखम दिखाया है. ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा लगातार तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं और वॉशिंगटन सुंदर ने तीसरे टेस्ट में 4 विकेट झटके हैं. वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी ने भी उपयोगी योगदान दिया है.
गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह ने दो टेस्ट खेले हैं और दोनों में ही पांच-पांच विकेट लेने का कारनामा किया है. तेज गेंदबाज आकाश दीप ने दूसरे टेस्ट में कुल 10 विकेट हासिल किए. मोहम्मद सिराज अब तक की सीरीज में 13 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं.
करुण नायर हो सकते हैं बाहर
हालांकि, पूरी सीरीज में दो खिलाड़ी ऐसे भी हैं जो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं. करुण नायर ने छह पारियों में सिर्फ 131 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 40 रन रहा. इस वजह से उन पर टीम में बने रहने का दबाव बढ़ गया है. वहीं, साई सुदर्शन को पहले टेस्ट में 30 रन बनाने के बावजूद टीम से बाहर कर दिया गया था.
अब सभी की निगाहें चौथे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन पर होंगी. क्या करुण नायर को एक और मौका मिलेगा या वे भी साई सुदर्शन की तरह बाहर बैठाए जाएंगे? और अगर उन्हें बाहर किया जाता है तो उनकी जगह साई सुदर्शन की वापसी होगी या फिर अभिमन्यु ईश्वरन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिलेगा? यह देखना दिलचस्प रहेगा.
पांचवें दिन बदल गया पूरा मैच
इंग्लैंड की टीम के गेंदबाज भारत की दूसरी पारी में पूरी तरह से हावी रहे. भारतीय टीम चौथे दिन ही लक्ष्य का पीछा करते हुए अपने चार अहम विकेट गंवा चुकी थी. पांचवें दिन रवींद्र जडेजा को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अंग्रेज गेंदबाजों के सामने रन नहीं बना सका. जडेजा ने मुख्य बल्लेबाजों के जल्द आउट हो जाने के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अहम साझेदारी करके मैच को करीब ले जाने की भरसक कोशिश की.
जडेजा 181 गेंदों पर धैर्यपूर्वक 61 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर पर पर्याप्त सपोर्ट नहीं मिल पाया. इसके बावजूद जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों ने क्रमशः 54 और 30 गेंद खेलकर क्रीज पर टिकने के लिए शानदार जज्बा दिखाया. हालांकि मोहम्मद सिराज अंत में शोएब बशीर की गेंद पर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से बोल्ड हो गए और भारत की पारी का अंत 170 रन पर हो गया.
पहले सेशन में टीम को झटका
इससे पहले, पांचवें दिन के पहले सेशन में भारतीय टीम को सबसे बड़ा झटका ऋषभ पंत के आउट होने पर लगा, जिन्होंने इस सीरीज में अपनी शानदार फॉर्म से बेहतरीन पारियों को अंजाम दिया है. पहली पारी में 74 रन बनाने वाले पंत दूसरी पारी में महज 9 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड किया.
इसके बाद केएल राहुल को मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने बोल्ड करके भारत की उम्मीद को बड़ा झटका दिया. राहुल ने 58 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली, जिसमें उन्होंने छह चौके लगाए. इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने वाशिंगटन सुंदर को खाता भी नहीं खोलने दिया और अपनी ही गेंद पर उनका कैच लपका.
सात विकेट गंवाने के बाद भारतीय टीम के लिए रवींद्र जडेजा और नितीश कुमार रेड्डी ने 8वें विकेट के लिए संयम भरी साझेदारी निभाने की कोशिश की. दोनों ने डिफेंसिव खेल दिखाते हुए भारत का स्कोर तीन अंकों तक पहुंचाया. लेकिन लंच से ठीक पहले क्रिस वोक्स ने नितीश को 13 रनों के निजी स्कोर पर जेमी स्मिथ के हाथों कैच आउट कराकर इस पार्टनरशिप को भी तोड़ दिया.
रेड्डी ने 53 गेंदों पर 13 रनों की पारी खेली. इस तरह से लंच तक भारतीय टीम का स्कोर 39.3 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 112 रन हो गया. लंच के बाद भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह रवींद्र जडेजा के इर्द-गिर्द ही घूमती रही. जडेजा ने पहली पारी में भी 72 रनों का योगदान दिया था.
इंग्लैंड के गेंदबाज रहे हावी
वहीं, इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में कप्तान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर को 3-3 विकेट मिले. ब्रायडन क्रार्स ने दो, शोएब बशीर और क्रिस वोक्स को 1-1 विकेट मिला. इससे पहले इस मुकाबले में भारत और इंग्लैंड दोनों की पहली पारी 387 रनों के स्कोर पर सिमट गई थी. इंग्लैंड ने दूसरी पारी में महज 192 ही रन बनाए थे और टीम इंडिया को जीत के लिए 193 रनों का टारगेट मिला था. पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड ने पहला और भारत ने दूसरा मुकाबला जीता था. लॉर्ड्स में मुकाबले को गंवाने के बाद भारतीय टीम 1-2 से पीछे हो चुकी है.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
















