Tech News
TVS Orbiter vs Ola S1 X: जानें दोनों में कौन हो सकता है आपके लिए बेस्ट?
Authored By: संतोष आनंद
Published On: Sunday, August 31, 2025
Last Updated On: Sunday, August 31, 2025
अगर आप ज्यादा रेंज और फीचर-पैक्ड स्कूटर चाहते हैं, तो TVS Orbiter आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। इसकी लंबी बैटरी रेंज रोजमर्रा की सिटी राइडिंग और कम चार्जिंग झंझट वाले यूजर्स को आकर्षित करेगी।
Authored By: संतोष आनंद
Last Updated On: Sunday, August 31, 2025
भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की डिमांड तेजी से बढ़ रही है। इसी कड़ी में TVS ने हाल ही में अपना नया किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर TVS Orbiter लॉन्च किया है। यह स्कूटर कंपनी के iQube रेंज से नीचे स्लॉट किया गया है और इसका सीधा मुकाबला लोकप्रिय Ola S1 X से है। दोनों ही स्कूटर्स एंट्री-लेवल ईवी सेगमेंट में आते हैं, जहां कीमत और रेंज ग्राहकों के लिए अहम फैक्टर होते हैं। आइए जानते हैं कौन-सा स्कूटर बेहतर विकल्प हो सकता है।
डिजाइन और डाइमेंशन्स
आकार और वजन की बात करें, तो Ola S1 X का वजन 105 किलो है, जबकि TVS Orbiter 112 किलो का है। हालांकि Orbiter की सीट हाइट सिर्फ 763 मिमी है, जिससे यह छोटे कद के राइडर्स के लिए ज्यादा आरामदायक बन जाता है। इसमें 169 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है, जो Ola S1 X से बेहतर है। दूसरी ओर, Ola S1 X लंबाई और चौड़ाई में बड़ा है, जिससे यह रोड प्रेजेंस में थोड़ा ज्यादा आकर्षक लगता है।
फीचर्स
दोनों स्कूटर्स फीचर्स के मामले में काफी हद तक बराबर हैं। इनमें कलर LCD इंस्ट्रूमेंट पैनल, स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, नेविगेशन, क्रूज कंट्रोल, LED हेडलैंप, रिवर्स मोड और 34-लीटर अंडरसीट स्टोरेज दिया गया है। TVS Orbiter में 5.5-इंच का बड़ा डिस्प्ले मिलता है, जबकि Ola S1 X में 4.3-इंच का डिस्प्ले है। सुरक्षा फीचर्स जैसे जियो-फेंसिंग, एंटी-थेफ्ट ट्रैकिंग और क्रैश/फॉल अलर्ट दोनों में मौजूद हैं। खास बात यह है कि Orbiter में USB चार्जिंग पोर्ट भी मिलता है जो Ola S1 X में नहीं दिया गया है।
बैटरी और परफॉर्मेंस
बैटरी और मोटर स्पेसिफिकेशन्स की बात करें, तो Ola S1 X में 2 kWh बैटरी पैक दिया गया है जो 108 किलोमीटर की रेंज का दावा करता है। इसकी टॉप स्पीड 101 किमी/घंटा है, जो परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड राइडर्स को पसंद आएगी।
वहीं TVS Orbiter में 3.1 kWh बैटरी दी गई है, जो 158 किलोमीटर की ज्यादा रेंज उपलब्ध कराती है। हालांकि, इसकी टॉप स्पीड सिर्फ 68 किमी/घंटा है यानी यह शहर में रोजमर्रा की सवारी के लिए ज्यादा उपयुक्त है।
स्पेसिफिकेशन
Ola S1 X
- पावर: 7 kW
- टॉप स्पीड: 101 किमी/घंटा
- बैटरी: 2 kWh
- रेंज: 108 किमी
- राइडिंग मोड्स: इको, नॉर्मल और स्पोर्ट
TVS Orbiter
- पावर: 2.5 kW
- टॉप स्पीड: 68 किमी/घंटा
- बैटरी: 3.1 kWh
- रेंज: 158 किमी
- राइडिंग मोड्स: इको और सिटी
कीमत
कीमत के मामले में दोनों स्कूटर्स लगभग एक जैसे हैं। Ola S1 X की एक्स-शोरूम कीमत 99,779 रुपये है जबकि TVS Orbiter की कीमत 99,990 रुपये रखी गई है।
अगर आप ज्यादा रेंज और फीचर-पैक्ड स्कूटर चाहते हैं, तो TVS Orbiter आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। इसकी लंबी बैटरी रेंज रोजमर्रा की सिटी राइडिंग और कम चार्जिंग झंझट वाले यूजर्स को आकर्षित करेगी।
वहीं अगर आप परफॉर्मेंस, स्पीड और थोड़ी स्टाइलिंग पर ज्यादा ध्यान देते हैं तो Ola S1 X आपके लिए सही रहेगा। इसकी टॉप स्पीड और पावर ज्यादा है, जो इसे लंबी दूरी और हाइवे राइडिंग के लिए उपयुक्त बनाती है।













