ट्रंप ने भारत को आखिर क्यों दी नए टैरिफ की धमकी, किसानों को झटका देने की तैयारी

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Tuesday, December 9, 2025

Last Updated On: Tuesday, December 9, 2025

ट्रंप की टैरिफ धमकी 2025 और भारत के किसानों पर उसके प्रभाव की छवि.
ट्रंप की टैरिफ धमकी 2025 और भारत के किसानों पर उसके प्रभाव की छवि.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आने वाले चावल पर नए टैरिफ का संकेत देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है. अमेरिकी किसान सस्ते आयात से नाराज हैं और ट्रंप अब इसे रोकने के मूड में दिख रहे हैं. क्या इससे भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता एक बार फिर पटरी से उतर सकती है?

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Tuesday, December 9, 2025

Trump India Tariff Threat 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत को आर्थिक मोर्चे पर झटका देने की तैयारी के संकेत दे दिए हैं. इस बार मामला चावल के आयात का है, जिसे लेकर अमेरिका के घरेलू किसान लंबे समय से नाराज हैं. उनका दावा है कि भारत, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देशों से आने वाला सस्ता चावल उनकी कमाई को चोट पहुंचा रहा है. इसी नाराजगी के बीच ट्रंप ने भारतीय चावल पर नए टैरिफ लगाने की बात कह दी है. यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत पहले ही धीमी है. अब ट्रंप की यह चेतावनी न सिर्फ दोनों देशों के रिश्तों में नई तल्खी ला सकती है, बल्कि भारतीय किसानों के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है.

इससे यह चिंता बढ़ गई है कि अमेरिका और भारत के बीच व्यापार को लेकर चल रही बातचीत शायद अभी पूरी न हो पाए. वहीं दूसरी ओर अमेरिका ने अपने किसानों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. ट्रंप ने अमेरिकी किसानों के लिए भारी भरकम राहत पैकेज का ऐलान किया है.

अमेरिकी किसानों को हो रहा है नुकसान

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिर भारत का नाम लेकर चर्चा में हैं. उनका दावा है कि दूसरे देशों से आने वाला सस्ता सामान अमेरिकी किसानों को चोट पहुंचा रहा है. ट्रंप ने यह बात सोमवार को व्हाइट हाउस में कही, जब वे किसानों के लिए नई आर्थिक मदद का ऐलान कर रहे थे. ट्रंप के मुताबिक भारत, वियतनाम और थाईलैंड जैसे देश अमेरिका में बेहद सस्ता चावल भेज रहे हैं, जिससे स्थानीय किसानों की कमाई लगातार गिर रही है.

ट्रंप ने इसे खुलकर “डंपिंग” बताया. उन्होंने कहा कि यह गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए. उन्होंने अपने वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से पूछा कि क्या भारत को चावल आयात के मामले में कोई छूट मिल रही है. इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर अभी बातचीत जारी है.

ट्रंप ने किसानों को दिया भरोसा

अमेरिकी किसान लगातार शिकायत कर रहे हैं कि सब्सिडी वाले चावल का बड़ी मात्रा में आयात बाजार को बिगाड़ रहा है. घरेलू फसलों की कीमतें नीचे जा रही हैं और किसान नुकसान झेल रहे हैं. इस पर ट्रंप ने कहा कि यह साफ तौर पर धोखा है और इस पर जल्द नए टैरिफ लगाए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय चावल की डंपिंग पर वे खुद ध्यान देंगे.

फार्म प्रतिनिधियों के साथ बैठक में ट्रंप ने उनसे सीधा पूछा कि अगला टैरिफ किन देशों पर लगाया जाए. इस दौरान केनेडी राइस मिल की CEO मेरिल केनेडी ने साफ कहा-“भारत, थाईलैंड और चीन सबसे बड़े कारक हैं. टैरिफ असर दिखा रहे हैं, लेकिन इसे और बढ़ाने की जरूरत है.” इस पर ट्रंप तुरंत बोले-“ऐसा होगा, जरूर होगा.”

भारत का लिया नाम

बैठक के दौरान ट्रंप ने ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट को उन सभी देशों के नाम नोट करने को कहा जिनकी शिकायत किसानों ने की. जैसे ही मेरिल केनेडी ने भारत को लेकर बात की, ट्रंप ने बिना देर किए कहा-“स्कॉट, इंडिया का नाम लिख लो.” ट्रंप ने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे पर जल्द कार्रवाई होगी.

कुछ ही महीने पहले, अगस्त में, ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामान पर 50% टैरिफ लगाने का फैसला किया था. इस फैसले से भारत-अमेरिका रिश्तों में कड़ा तनाव आ गया था. कई अमेरिकी एक्सपर्ट ट्रंप की आलोचना भी कर चुके हैं कि वे भारत के साथ अनावश्यक टकराव बढ़ा रहे हैं. लेकिन ट्रंप अपने रुख पर कायम दिख रहे हैं. अब वे भारतीय चावल पर भी टैरिफ लगाने के संकेत दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें :- पुतिन के बाद अब जेलेंस्की की एंट्री, दिल्ली में शुरू हो रहा है असली कूटनीतिक खेल

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें