एक बार फिर विवादों की भेंट चढ़ी जेपीसी की बैठक, पहले टीएमसी सांसद के कारण हुआ था हंगामा

Authored By: सतीश झा

Published On: Monday, October 28, 2024

the wakf amendment bill 2024
the wakf amendment bill 2024

वक्फ (संशोधन) विधेयक-2024 पर चर्चा के लिए बुलाई गई संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठक में सोमवार को भी भारी हंगामा हुआ। विपक्षी दलों के सांसदों ने आरोप लगाया कि बैठक में गलत प्रस्तुति दी जा रही है और उसी पर चर्चा कराई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली वक्फ बोर्ड के प्रजेंटेशन के दौरान विपक्षी सांसदों ने उसकी वैधता पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। विपक्षी दलों का कहना था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पहले ही जेपीसी अध्यक्ष जगदंबिका पाल को पत्र लिखकर अनुरोध कर चुकी हैं कि दिल्ली वक्फ बोर्ड की रिपोर्ट को ध्यान में न रखा जाए।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Monday, October 28, 2024

सूत्रों के अनुसार, दिल्ली वक्फ बोर्ड की रिपोर्ट में वक्फ संपत्तियों से संबंधित कई अनियमितताओं का उल्लेख है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्षी सांसदों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने बैठक से वॉकआउट कर दिया। हालांकि, कुछ समय बाद वे फिर से बैठक में शामिल हो गए।

वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 पर चर्चा के दौरान दिल्ली वक्फ बोर्ड के प्रशासक द्वारा दिल्ली सरकार की जानकारी के बिना प्रेजेंटेशन में बदलाव किए जाने के आरोपों के चलते विपक्षी सांसदों ने जेपीसी (JPC) बैठक का वॉकआउट किया। वॉकआउट करने वालों में आप के संजय सिंह, डीएमके के मोहम्मद अब्दुल्ला, और कांग्रेस के नसीर हुसैन एवं मोहम्मद जावेद शामिल थे। इन सांसदों का आरोप है कि एमसीडी कमिश्नर और दिल्ली वक्फ बोर्ड के प्रशासक अश्विनी कुमार ने मुख्यमंत्री आतिशी की मंजूरी के बिना रिपोर्ट में बदलाव किए। बैठक की अध्यक्षता भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने की, जिसमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, और उत्तराखंड के वक्फ बोर्ड के प्रतिनिधियों को मौखिक साक्ष्य दर्ज करने के लिए बुलाया गया था।

22 अक्टूबर को हुई पिछली बैठक में पैनल की बैठक में भाजपा सांसद अभिजीत गंगोपाध्याय और टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के बीच गरमागरम बहस हुई थी। बनर्जी ने कथित तौर पर गुस्से में कांच की बोतल फेंकी और बाद में कथित तौर पर पाल की ओर कांच फेंका। इस प्रक्रिया में उनका हाथ चोटिल हो गया। बाद में टीएमसी सांसद को जेपीसी की एक बैठक में भाग लेने से रोक दिया गया। वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 में व्यापक सुधार लाने, डिजिटलीकरण, सख्त ऑडिट, पारदर्शिता और अवैध रूप से कब्जे वाली संपत्तियों को पुनः प्राप्त करने के लिए कानूनी तंत्र शुरू करने का प्रयास किया गया है।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें