भारत का पहला सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ फिर से कर रहा छोटे पर्दे पर वापसी, 66 वर्षीय मुकेश खन्ना की कड़ी परीक्षा

भारत का पहला सुपरहीरो ‘शक्तिमान’ फिर से कर रहा छोटे पर्दे पर वापसी, 66 वर्षीय मुकेश खन्ना की कड़ी परीक्षा

Authored By: अंशु सिंह

Published On: Wednesday, November 13, 2024

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

shaktiman returns tv show
shaktiman returns tv show

आज से 20 वर्ष पहले भारत के पहले सुपरहीरो शक्तिमान ने टीवी पर लोकप्रियता के कई झंडे गाड़े थे। शक्तिमान के किरदार को जीवंत करने वाले मुकेश खन्ना ने बच्चों के दिलों में खास जगह भी बना ली थी। अब उसी ‘शक्तिमान’ की दोबारा से वापसी हो रही है ‘शक्तिमान रिटर्न्स’ के साथ।

Authored By: अंशु सिंह

Last Updated On: Sunday, April 27, 2025

हाल ही में मुकेश खन्ना (Mukesh khanna) ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर एवं टीजर वीडियो जारी किया। साथ ही एक पोस्ट के जरिये ‘शक्तिमान रिटर्न्स’ की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘उसके लौटने का समय आ गया है। हमारे पहले भारतीय सुपर टीचर, सुपर हीरो का। आज जब बच्चे अंधियारे में हैं और उन पर बुरी शक्तियों का छाया बढ़ता जा रहा है, यह उसके आने का सही समय है। वह एक संदेश लेकर लौट रहा है। एक सीख साथ ला रहा है आज की पीढ़ी के लिए। उसका स्वागत करें दोनों हाथों से।‘ मुकेश खन्ना के अनुसार, ‘शक्तिमान’ की वेशभूषा से उनका गहरा लगाव रहा है। ऐसा प्रतीत होता है मानो वह उनके अंदर कहीं छिपा है। वर्ष 1997 में पहली बार ‘शक्तिमान’ का छोटे पर्दे (दूरदर्शन चैनल) पर प्रसारण हुआ था, जो साल 2005 तक चला था। इसके कुल 450 एपिसोड्स टेलीकास्ट किए गए थे। देखते ही देखते यह बच्चों का सबसे लोकप्रिय सीरियल बन गया था। इसकी सीरीज लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज की गई थी।

नेटिजेंस दे रहे मुकेश के विरोध में तीखी प्रतिक्रिया

इस बीच, नेटिजेंस में मुकेश खन्ना की वापसी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। यूट्यूब पर लोग उनकी बॉडी शेमिंग कर रहे हैं। उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। क्योंकि मुकेश खन्ना द्वारा जारी किए गए टीजर वीडियो में वे काफी बुजुर्ग नजर आ रहे हैं। ग्राफिक्स भी काफी पुराने स्टाइल के हैं। लोगों का कहना है कि जिस तरह से उन्होंने 90 के दशक के बच्चों से झूठे वादे किए और झूठ बोला, वही दोबारा से दोहराने जा रहे हैं। वहीं, कुछ का कहना है कि 24 साल में एक पूरी नई पीढ़ी आ चुकी है, जिसकी टीवी देखने की आदत पहले से काफी बदल चुकी है। दूसरी ओर, उनके प्रशंसक हैं जिन्हें खुशी है कि वे अपने बचपन के सुपरहीरो को दोबारा से टीवी पर देखेंगे। पुरानी यादों को ताजा करने का मौका मिलेगा।

रणवीर सिंह को ‘शक्तिमान’ के रूप में देखने की चाहत

मुकेश खन्ना ने कुछ साल पहले अपने प्रशंसकों से वादा किया था कि उन्हें ‘शक्तिमान’ सीरियल या फिल्म के रूप में दोबारा से देखने को मिलेगा। चर्चा थी कि अभिनेता रणवीर सिंह शक्तिमान को लेकर एक फिल्म का निर्माण करना चाहते हैं और इस बाबत उन्होंने मुकेश खन्ना से बात भी की थी। लेकिन बात बनी नहीं और फिल्म का आइडिया ठंडे बस्ते में चला गया। अब इस नए शो की घोषणा के बाद से नेटिजेंस तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्हें लगता है कि अच्छा होता कि रणवीर सिंह को ही यह किरदार करने दिया जाता। बहरहाल, एक मंझे हुए अभिनेता रहे मुकेश खन्ना को लगता है कि वे दोबारा से अपना जादू बच्चों पर चलाने में कामयाब होंगे। उनका मानना है कि एक्टिंग का अर्थ ही होता है आत्मविश्वास। उम्मीद है कि वर्ष 2027 तक वे सबके बीच होंगे।

(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)

About the Author: अंशु सिंह
अंशु सिंह पिछले बीस वर्षों से हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उनका कार्यकाल देश के प्रमुख समाचार पत्र दैनिक जागरण और अन्य राष्ट्रीय समाचार माध्यमों में प्रेरणादायक लेखन और संपादकीय योगदान के लिए उल्लेखनीय है। उन्होंने शिक्षा एवं करियर, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक मुद्दों, संस्कृति, प्रौद्योगिकी, यात्रा एवं पर्यटन, जीवनशैली और मनोरंजन जैसे विषयों पर कई प्रभावशाली लेख लिखे हैं। उनकी लेखनी में गहरी सामाजिक समझ और प्रगतिशील दृष्टिकोण की झलक मिलती है, जो पाठकों को न केवल जानकारी बल्कि प्रेरणा भी प्रदान करती है। उनके द्वारा लिखे गए सैकड़ों आलेख पाठकों के बीच गहरी छाप छोड़ चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य मनोरंजन खबरें