Tech News
किआ के ग्राहक अब अपनी कारों की सर्विस घर बैठे लाइव देख सकेंगे
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Published On: Saturday, May 11, 2024
Last Updated On: Wednesday, May 15, 2024
कंपनी किआ क्रिस्टल के माध्यम से अपने ग्राहकों को उनकी कारों की सर्विस के वीडियो और लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग उपलब्ध कराएगी। ताकि ग्राहकों के कारों की सर्विसिंग में और अधिक पारदर्शिता आ सके।
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Last Updated On: Wednesday, May 15, 2024
व्यस्त एवं भागदौड़ भरी जिंदगी में आम शहरी लोगों के कई ऐसे घरेलू काम होते हैं, जिसके लिए उनके पास समय नहीं होता है। ऐसे लोगों के लिए तकनीक बहुत बड़ा सहारा बन गया है। इन्हीं तकनीकों का इस्तेमाल कर भारत की अग्रणी प्रीमियम कार निर्माता कंपनी ‘किआ’ ने उनकी एक समस्या को खत्म करने का प्रयास किया है।
आज यानी 10 मई को कंपनी ने ‘किआ क्रिस्टल’ लॉन्च की घोषणा की। कंपनी किआ क्रिस्टल से अपने ग्राहकों को एक नया अनुभव देने जा रहा है। यह एक अभिनव डिजिटल आफ्टर-सेल्स पहल है। इस पहल का उद्देश्य किआ ग्राहकों को उनकी कारों की सर्विस के वीडियो और लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग उपलब्ध कराना है। ताकि ग्राहकों के कारों की सर्विसिंग में और अधिक पारदर्शिता आ सके।
किआ इंडिया के नेशनल हेड (सेल्स एंड मार्केटिंग) हरदीप सिंह बरार बताते हैं, ‘हमें हमारे शोध से पता चला है कि हमारे ज़्यादातर ग्राहक अपनी कारों की सर्विसिंग के लिए हमारी एडवांस पिक एंड ड्रॉप सर्विस का विकल्प चुनते हैं या फिर उनके ड्राइवर सर्विस के लिए आते हैं। समय की कमी के कारण इस पर निगरानी नहीं कर पाते। लेकिन अब किआ क्रिस्टल के माध्यम से वे अपने घरों और ऑफिसेज में बैठकर अपनी गाड़ी की सर्विस की निगरानी रख पाएंगे।’
यह सेवा ‘माई किआ’ ऐप के माध्यम से उपलब्ध है। साथ ही ग्राहक अपने स्मार्टफ़ोन पर इसे देख सकते हैं। लाइव कंसल्टेशन सेवा अब देश भर में 237 किआ डीलरशिप पर उपलब्ध है। 25 डीलर पहले से ही कारों की सर्विस की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे हैं। किआ इंडिया का लक्ष्य 2024 के अंत तक अन्य 60 डीलरशिप में लाइव स्ट्रीमिंग शुरू करना है।
इससे पहले भी कंपनी ने कई ग्राहक केंद्रित डिजिटल सेवाएं शुरू की हैं। इनमें एडवांस्ड पिक एंड ड्रॉप, माई कन्वीनियंस, माई कन्वीनियंस प्लस, माई कन्वीनियंस फ्लेक्सी, किआ ओनर मैनुअल (डिजिटल) और ‘माई किआ’ ऐप शामिल हैं। भविष्य में कंपनी किआ क्रिस्टल को और विस्तार देगी।













