Assembly Election News
Bihar election 2025: चिराग पासवान हर जिले में उतारेंगे उम्मीदवार, महागठबंधन के नेताओं में मची खलबली
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Wednesday, September 24, 2025
Last Updated On: Wednesday, September 24, 2025
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी हर जिले से कम से कम एक सीट पर चुनाव लड़ेगी. वहीं दूसरी ओर, राहुल गांधी महागठबंधन नेताओं के साथ अहम बैठक कर सीट बंटवारे पर अंतिम रणनीति तय करेंगे.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Wednesday, September 24, 2025
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. (Bihar election 2025) सीट शेयरिंग पर लगातार चर्चाओं और खींचतान के बीच जहां लोजपा (रामविलास) ने हर जिले से उम्मीदवार उतारने की योजना बनाई है, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी महागठबंधन दलों के बीच तालमेल साधने की कवायद में जुटे हैं. चिराग पासवान की रणनीति एनडीए के भीतर समीकरण बदल सकती है, तो राहुल गांधी की मौजूदगी विपक्षी एकता को मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है.
NDA के शीर्ष नेताओं के बीच चिराग ने रख दी है बात
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी सभी जिलों में कम से कम एक सीट पर उम्मीदवार उतारेगी. इस मुद्दे पर मंगलवार को प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में विस्तृत चर्चा हुई. बैठक में मौजूद संसदीय बोर्ड के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि चिराग पासवान हर जिले में एलजेपी (रामविलास) का उम्मीदवार उतारने के पक्ष में हैं. इस सोच की जानकारी उन्होंने पहले ही एनडीए के शीर्ष नेताओं को दे दी है.
प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता हुलास पांडेय ने की. बैठक में उन सीटों को चिह्नित किया गया जहां लोजपा (रामविलास) की स्थिति मजबूत मानी जाती है और जहां पार्टी अपने प्रत्याशी उतारने को तैयार है. यह भी तय किया गया कि 243 सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पूरी ताकत से काम करेगी.
संभावित उम्मीदवारों और विधानसभा क्षेत्रों की सूची तैयार करने और उसे अंतिम रूप देकर केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजने की जिम्मेदारी हुलास पांडेय को सौंपी गई. इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, महासचिव सत्यानंद शर्मा, शाहनवाज अहमद कैफी, शंकर झा, संजय पासवान, उपाध्यक्ष अशरफ अंसारी, संजय सिंह, राम विनोद पासवान समेत कई अन्य नेता मौजूद रहे.
महागठबंधन नेताओं में मची खलबली
इधर, कांग्रेस की ओर से भी चुनावी तैयारियां तेज हैं. कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद बुधवार देर शाम राहुल गांधी महागठबंधन के नेताओं से होटल चाणक्य में मुलाकात करेंगे. इस बैठक में सीट बंटवारे समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. बैठक के बाद राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य सहयोगी दलों के नेता संयुक्त प्रेस वार्ता करेंगे. माना जा रहा है कि राहुल गांधी इस दौरान विपक्षी दलों से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर एकजुटता दिखाने की अपील करेंगे.
महागठबंधन के अंदर पिछले कुछ दिनों से सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान को खत्म करने की कोशिश भी इसी बैठक में होगी. कांग्रेस, राजद, वामदलों और वीआईपी के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे. सूत्रों का कहना है कि बैठक का मुख्य एजेंडा सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देना होगा.
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस इस बार पिछली बार से ज्यादा सीटें चाहती है, जबकि राजद अपने परंपरागत गढ़ में समझौते के मूड में नहीं है. ऐसे में राहुल गांधी की मौजूदगी में किसी ठोस सहमति तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें :- 10 दिन में दूसरी बार अमित शाह का बिहार दौरा, NDA के लिए कितना खास?

















