रिलीज होने से कुछ घंटे पहले क्यों रोक दी गई नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘अखंड2’ ? जानिए पूरा मामला
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Friday, December 5, 2025
Updated On: Saturday, December 6, 2025
नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘अखंड 2’ 5 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली थी. इसके लिए पहले से जोरदार प्रचार भी किया गया था. लेकिन सिनेमाघरों में रिलीज़ से कुछ घंटे पहले ही फिल्म रोक दी गई. निर्माता इसे तकनीकी कारण बता रहे हैं, लेकिन असली वजह 14 रील्स एंटरटेनमेंट और इरोस के बीच चल रहा कोर्ट केस माना जा रहा है.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Updated On: Saturday, December 6, 2025
Akhanda 2 Release Controversy: नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म ‘अखंड 2’ शुक्रवार, 5 दिसंबर को रिलीज़ होने वाली थी. रिलीज से पहले अभिनेता और उनकी टीम ने तेलुगु राज्यों में फिल्म का जमकर प्रचार भी किया था. लेकिन जब सिनेमाघरों में प्रीव्यू शो शुरू होने वाले थे, ठीक उससे कुछ घंटे पहले फिल्म की रिलीज अचानक रोक दी गई.निर्माताओं का कहना है कि यह फैसला तकनीकी खराबी की वजह से लिया गया. हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि असली वजह प्रोडक्शन हाउस 14 रील्स एंटरटेनमेंट और इरोस के बीच चल रहा एक कानूनी मामला हो सकता है. अब फिल्म की नई रिलीज तारीख का इंतजार किया जा रहा है.
‘अखंड 2’ क्यों रोकी गई?
गुरुवार को, फिल्म ‘अखंड 2’ की रिलीज से ठीक एक दिन पहले एक बड़ा विवाद सामने आया. इरोस इंटरनेशनल मीडिया लिमिटेड ने जानकारी दी कि मद्रास हाईकोर्ट ने फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगा दी है. यह फैसला 14 रील्स एंटरटेनमेंट और इरोस के बीच चल रहे पुराने कानूनी विवाद के कारण आया.
इरोस का कहना है कि उसे 14 रील्स से करीब 28 करोड़ रुपये का भुगतान मिलना है, जो अब तक नहीं दिया गया. इसी पैसे को लेकर दोनों कंपनियों के बीच मामला चल रहा है. इरोस ने अदालत से मांग की कि जब तक यह विवाद सुलझ नहीं जाता और भुगतान नहीं होता, तब तक फिल्म को रिलीज करने की इजाजत न दी जाए.
इरोस का यह भी आरोप है कि 14 रील्स फिल्म को जल्दबाज़ी में रिलीज करके अदालत के आदेश से बचने की कोशिश कर रहा था. इसी वजह से अदालत ने ‘अखंड 2’ की रिलीज़, डिस्ट्रीब्यूशन और किसी भी तरह के व्यावसायिक इस्तेमाल पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी.
अखंड 2 की रिलीज क्यों टली?
गुरुवार रात, फिल्म ‘अखंड 2’ के निर्माता 14 रील्स एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी किया. उन्होंने बताया कि कुछ मजबूरी की परिस्थितियों के कारण फिल्म तय समय पर रिलीज़ नहीं हो पाएगी. यह फैसला उनके लिए भी बहुत दुखद है और वे समझते हैं कि इससे फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस निराश होंगे.
निर्माताओं ने कहा कि वे इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने दर्शकों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द एक सकारात्मक अपडेट साझा किया जाएगा. उनका कहना है कि दर्शकों का प्यार और समर्थन ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
‘अखंड 2’ के बारे में
अखंडा 2: थांडवम, साल 2021 की सुपरहिट फिल्म ‘अखंडा’ का सीक्वल है, जिसे निर्देशक बोयापति श्रीनु ने बनाया है. इस फिल्म में नंदमुरी बालकृष्ण एक बार फिर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. उनके साथ संयुक्ता, आधी पिनीशेट्टी और हर्षाली मल्होत्रा भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
फिल्म का म्यूजिक मशहूर संगीतकार थमन एस ने तैयार किया है, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिलहाल निर्माताओं ने फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है. फैंस अब आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें :- Bigg Boss 19 Final Predictions: इस सीजन के टॉप 3 प्रतियोगी कौन हैं, जो ट्रॉफी जीतने के सबसे करीब हैं, जानें पूरी डिटेल
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।













