सलमान खान की ‘Battle Of Galwan’ का टीजर देख बौखलाया चीन, दिया तीखा रिएक्शन
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Tuesday, December 30, 2025
Updated On: Tuesday, December 30, 2025
सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ इन दिनों चर्चा में है. हाल ही में इसका टीजर रिलीज हुआ, जिसे भारत में पसंद किया गया. वहीं चीन में इस पर नाराजगी दिखी. चीन के लोगों का कहना है कि फिल्म में दिखाए गए तथ्य सही नहीं हैं.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Updated On: Tuesday, December 30, 2025
Battle Of Galwan: सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ है, जिसे भारत में सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है. फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. लेकिन टीजर सामने आते ही पड़ोसी देश चीन में नाराजगी देखने को मिली है. चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने इस फिल्म पर सवाल उठाए हैं. वहां के कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि फिल्म में दिखाए गए घटनाक्रम तथ्यों पर आधारित नहीं हैं. उनके अनुसार, भारतीय फिल्में इतिहास को बदल नहीं सकतीं.
चीन के मीडिया में यह भी कहा गया है कि कोई भी फिल्म या ड्रामा, चाहे वह कितना ही भावनात्मक या देशभक्ति से भरा क्यों न हो, किसी देश की सीमाओं या उसके तथाकथित पवित्र क्षेत्र को प्रभावित नहीं कर सकता. टीजर को लेकर भारत में उत्साह है, वहीं चीन की यह प्रतिक्रिया फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गई है.
‘बैटल ऑफ गलवान’ पर चीन की प्रतिक्रिया
सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के टीजर को लेकर चीन की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है. चीनी विशेषज्ञों ने फिल्म में दिखाए गए तथ्यों पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि बॉलीवुड फिल्में ज़्यादातर भावनाओं और मनोरंजन के लिए बनाई जाती हैं.
चीन के अनुसार, चाहे फिल्म कितनी भी नाटकीय क्यों न हो, वह इतिहास को नहीं बदल सकती और न ही चीन की सेना की अपने क्षेत्र की रक्षा करने की मंशा को कमजोर कर सकती है. वहीं कुछ चीनी सोशल मीडिया यूजर्स ने भी फिल्म को ओवरड्रामैटिक बताते हुए कहा कि इसमें दिखाए गए तथ्य असली घटनाओं से मेल नहीं खाते.
LAC विवाद पर चीन का क्या दावा है?
चीन का कहना है कि गलवान घाटी उसके अनुसार वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के चीनी हिस्से में आती है. चीन के मुताबिक, उसके सैनिक वहां पहले से गश्त करते रहे हैं. चीनी विदेश मंत्रालय का दावा है कि भारत ने इलाके में सड़कें और ढांचा बनाकर हालात बदले और बाद में LAC पार की, जिससे तनाव बढ़ा. चीन यह भी कहता है कि 15 जून 2020 को भारतीय सैनिकों ने पहले हुए समझौतों का उल्लंघन किया और LAC के पार पहुंचे. उनके अनुसार, चीनी सैनिक बातचीत के लिए आगे बढ़े थे, लेकिन तभी हिंसक झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों को नुकसान हुआ.
गलवान घाटी की झड़प और उसके बाद के हालात
15-16 जून की रात भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में गंभीर हिंसक झड़प हुई थी. इस टकराव में भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे, जिससे पूरा देश शोक में डूब गया. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई अख़बार द क्लैक्शन की रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस झड़प में चीन के 38 सैनिक मारे गए थे, हालांकि चीन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की. इस घटना के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया. हालात को देखते हुए भारत सरकार ने सख्त कदम उठाए और कई चीनी कंपनियों और ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया, जिससे द्विपक्षीय संबंध और अधिक प्रभावित हुए.
‘बैटल ऑफ गलवान’ की नई रिलीज डेट क्या है?
सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की रिलीज डेट में बदलाव किया गया है. पहले यह फिल्म 17 मार्च 2026 को ईद के मौके पर रिलीज होने वाली थी. लेकिन इसी दिन दो बड़ी फिल्में ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर 2’ भी रिलीज होने वाली हैं. बड़े बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए मेकर्स ने सलमान खान की फिल्म की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी है. अब ‘बैटल ऑफ गलवान’ 17 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं. फिल्म को लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
यह भी पढ़ें :- New Movie Releasing This Week (Friday, 1-2 January 2026): सिनेमाघरों में कौन सी फ़िल्में होंगी रिलीज़? यहां देखें पूरी लिस्ट!
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।















