ढाका में तारिक से मिले डॉ. जयशंकर: ख़ालिदा ज़िया के बहाने भारत ने बदली कूटनीतिक भाषा

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Wednesday, December 31, 2025

Last Updated On: Wednesday, December 31, 2025

Dr Jaishankar ने ढाका में तारिक से मुलाकात की, ख़ालिदा ज़िया को लेकर भारत ने बदली कूटनीतिक भाषा.
Dr Jaishankar ने ढाका में तारिक से मुलाकात की, ख़ालिदा ज़िया को लेकर भारत ने बदली कूटनीतिक भाषा.

ख़ालिदा ज़िया को श्रद्धांजलि के बहाने भारत ने यह संकेत दे दिया है कि वह अतीत की कठोर रेखाओं से बाहर निकलकर बांग्लादेश की नई राजनीतिक हक़ीक़त के साथ कदम मिलाने को तैयार है. सवाल सिर्फ़ इतना है कि क्या ढाका में आने वाली सत्ता भी इसी खुलेपन के साथ दिल्ली की ओर देखेगी?

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Wednesday, December 31, 2025

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख ख़ालिदा ज़िया के निधन ने ढाका की राजनीति से लेकर भारत-बांग्लादेश संबंधों तक को एक नए मोड़ पर ला खड़ा किया है. इसी क्रम में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर (Dr Jaishankar) का आज ढाका पहुंचना और ख़ालिदा ज़िया के बेटे तथा बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक़ रहमान से मुलाक़ात करना, साधारण शोक-संवेदना से कहीं आगे की घटना मानी जा रही है.

इस मुलाकात में डॉ. जयशंकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी शोक संदेश तारिक़ रहमान को सौंपा. जिसमें उन्होंने भारत सरकार और जनता की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं हैं. ‘एक्स’ पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने लिखा, ‘ख़ालिदा ज़िया का विज़न और मूल्य भारत-बांग्लादेश साझेदारी के भविष्य को दिशा देते रहेंगे.’ कूटनीतिक भाषा में यह एक स्पष्ट संकेत है कि भारत अब बांग्लादेश की बदलती राजनीतिक वास्तविकताओं को स्वीकार करने की तैयारी में है.

सत्ता की आहट

ख़ालिदा ज़िया का निधन ऐसे समय हुआ है, जब उनके बेटे तारिक़ रहमान 17 साल के निर्वासन के बाद ब्रिटेन से बांग्लादेश लौटे थे. माना जा रहा है कि यह वापसी यूं ही नहीं है. फरवरी 2026 में होने वाले आम चुनावों में बीएनपी को सबसे मज़बूत दावेदार माना जा रहा है. अवामी लीग के चुनाव से बाहर होने के बाद राजनीतिक मैदान लगभग खुला है. भारत के पास भी पुराने भरोसेमंद विकल्प (आवामी लीग) नहीं बचे हैं.

यही वजह है कि जयशंकर का ढाका दौरा सिर्फ़ श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भविष्य के सत्ता केंद्र से संवाद की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है. भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने भी सरकार के इस पहल को समय के अनुरूप एक समझदार कूटनीतिक पहल बताया है.

भारत के रुख़ में नरमी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ख़ालिदा ज़िया के निधन पर सार्वजनिक शोक और भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनकी भूमिका की सराहना भी इस बदले हुए रुख़ का हिस्सा है. इससे पहले, जब ख़ालिदा ज़िया गंभीर रूप से बीमार थीं, तब भी प्रधानमंत्री मोदी ने उनके इलाज में मदद की पेशकश की थी. उसे बीएनपी ने खुले तौर पर सराहा था.

अब जबकि अवामी लीग चुनावी राजनीति से बाहर है, तो भारत के लिए स्थिति बिल्कुल साफ़ है. उसे उन्हीं ताक़तों के साथ काम करना होगा, जो बांग्लादेश में मौजूद हैं. बीएनपी इस समय भारत को ऐसा विकल्प लग रही है, जिसके साथ रिश्तों की तल्ख़ी को कम किया जा सकता है.

भारत के विकल्प और चुनौतियां

पूर्व उच्चायुक्त पंकज सरन के मुताबिक बांग्लादेश की राजनीतिक संस्कृति अलग है. वहां सत्ता में रहने वाली पार्टी चाहती है कि बाहरी देश उसी से बात करें. ऐसे में भारत द्वारा बीएनपी से संवाद एक बड़ा संकेत है. हालांकि चिंता का एक पहलू जमात-ए-इस्लामी और उसके गठबंधनों को लेकर भी है, जिनका भारत-विरोधी इतिहास रहा है.

वहीं वरिष्ठ राजनयिक टीसीए राघवन मानते हैं कि भारत के पास हमेशा आदर्श विकल्प नहीं होते. कई बार कम बुरे विकल्प को चुनना ही व्यवहारिक नीति होती है. उनका मानना है कि भारत को हर घटनाक्रम पर जल्दबाज़ी में प्रतिक्रिया देने के बजाय धैर्य और संतुलन से काम लेना चाहिए, ताकि ‘पाकिस्तान स्क्रिप्ट’ हावी न हो.

ख़ालिदा ज़िया और भारत

ख़ालिदा ज़िया का दूसरा कार्यकाल (2001-2006) भारत के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण दौर माना जाता है. इसी समय भारत-विरोधी उग्रवादी संगठनों को बांग्लादेश में पनाह मिलने के आरोप लगे और जमात-ए-इस्लामी के साथ उनके गठबंधन ने रिश्तों को और बिगाड़ दिया. इसके उलट, शेख़ हसीना के शासन में भारत के साथ सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग मजबूत हुआ.

लेकिन राजनीति स्थिर नहीं रहती. 2012 में भारत यात्रा के दौरान ख़ालिदा ज़िया ने खुद कहा था कि वह खुले दिमाग़ से भारत आई हैं और पुरानी कड़वाहट को पीछे छोड़ना चाहती हैं. उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि दोनों देशों में अविश्वास फैलाने वाली ताक़तें सक्रिय रही हैं.

आगे की राह

बांग्लादेश और भारत के रिश्ते केवल सरकारों तक सीमित नहीं हैं. सांस्कृतिक, भाषाई और ऐतिहासिक जुड़ाव इतना गहरा है कि कोई भी सरकार इसे पूरी तरह नकार नहीं सकती. जयशंकर का ढाका दौरा इसी सच्चाई की याद दिलाता है.

यह भी पढ़ें :- खाड़ी में दरकता तेल गठबंधन: यमन पर सऊदी हमले से समझें अमेरिका, सूडान और यमन की त्रिकोणीय राजनीति

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।

Leave A Comment

अन्य खबरें