‘The Kerala Story 2’ की शूटिंग पूरी, जानिए कब सिनेमाघरों में देगी दस्तक?
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Wednesday, December 31, 2025
Updated On: Wednesday, December 31, 2025
'The Kerala Story 2' अब पूरी तरह बनकर तैयार है और इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है. हालांकि मेकर्स की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Updated On: Wednesday, December 31, 2025
The Kerala Story 2: बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में रही हैं जो रिलीज से पहले ही विवादों में आ जाती हैं. इन्हीं में से एक थी ‘द केरला स्टोरी’, जो साल 2023 की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्मों में शामिल रही. विवादों के बावजूद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 300 करोड़ रुपये की कमाई की थी. सुदिप्तो सेन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अदा शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई थी. अब इस फिल्म का सीक्वल ‘द केरला स्टोरी 2‘ भी तैयार हो चुका है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स इसे अगले साल रिलीज करने की योजना बना रहे हैं और इसकी रिलीज डेट का भी खुलासा कर दिया गया है.
‘द केरला स्टोरी 2’ की शूटिंग हुई पूरी
प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ की शूटिंग चुपचाप पूरी कर ली गई है. मेकर्स ने इस पूरे प्रोजेक्ट को अब तक बेहद गोपनीय रखा, ताकि फिल्म से जुड़ी जानकारी बाहर न आए. अब फिल्म पूरी तरह तैयार है. जैसे ही यह खबर सामने आई कि फिल्म अगले साल रिलीज होने वाली है, फैंस की उत्सुकता काफी बढ़ गई है. लोग जानना चाहते हैं कि इस बार कहानी किस दिशा में जाएगी. शूटिंग खत्म होने के बाद अब दर्शकों को सिर्फ फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है.
‘द केरला स्टोरी 2’ की रिलीज डेट आई सामने
न्यूज़ 18 शोशा की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ की शूटिंग केरल में पूरी हो चुकी है. इस बार फिल्म की कहानी पहले पार्ट से ज्यादा गंभीर और डार्क बताई जा रही है. हालांकि, फिल्म की कास्ट और डायरेक्टर को लेकर मेकर्स ने अभी तक कोई जानकारी साझा नहीं की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह चाहते थे कि शूटिंग के दौरान कोई परेशानी न आए, इसलिए पूरा काम बेहद गुपचुप तरीके से किया गया. शूटिंग के समय कड़ी सुरक्षा रखी गई थी और सेट पर नो-फोन पॉलिसी भी लागू की गई थी.
‘द केरला स्टोरी’ की बड़ी उपलब्धि
साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ ने कई रिकॉर्ड बनाए थे. इस फिल्म ने 71वें नेशनल अवॉर्ड्स में खास पहचान बनाई और बेस्ट डायरेक्शन व बेस्ट सिनेमेटोग्राफी जैसी दो बड़ी कैटेगरी में अवॉर्ड जीते. करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 303 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी. बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता मिलने के साथ-साथ फिल्म की लीड एक्ट्रेस अदा शर्मा की एक्टिंग को भी खूब सराहा गया. उनकी दमदार परफॉर्मेंस ने दर्शकों और आलोचकों दोनों का ध्यान खींचा था.
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।















