Special Coverage
तुर्की में एर्दोआन की बढ़ती ताकत से उठे सवाल, क्या लोकतंत्र छोड़ तानाशाही की राह पर देश?
Authored By: Nishant Singh
Published On: Friday, May 22, 2026
Last Updated On: Friday, May 22, 2026
तुर्की में राष्ट्रपति Recep Tayyip Erdoğan के हालिया फैसलों ने लोकतंत्र को लेकर नई बहस छेड़ दी है. विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई, यूनिवर्सिटी बंद करने और आर्थिक फैसलों के बाद आलोचकों का आरोप है कि एर्दोआन सत्ता को और मजबूत कर विरोध की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Friday, May 22, 2026
Turkey Democracy Crisis: तुर्की के राष्ट्रपति Recep Tayyip Erdoğan पिछले कई वर्षों से देश की राजनीति के सबसे ताकतवर चेहरे बने हुए हैं. लेकिन अब उनके कुछ हालिया फैसलों ने यह बहस तेज कर दी है कि क्या तुर्की धीरे-धीरे लोकतंत्र से दूर जा रहा है. पिछले 24 घंटों में हुए तीन बड़े फैसलों ने एर्दोआन की सत्ता को और मजबूत कर दिया है. विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई, न्यायपालिका के फैसले और संस्थानों पर बढ़ते सरकारी नियंत्रण को लेकर देश में चिंता बढ़ रही है. आलोचकों का कहना है कि एर्दोआन अब हर उस आवाज को कमजोर करना चाहते हैं जो उनके खिलाफ खड़ी हो सकती है.
विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई से बढ़ा विवाद
तुर्की में विपक्ष लंबे समय से सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अब विपक्षी दलों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. हाल ही में तुर्की की एक अदालत ने प्रमुख विपक्षी पार्टी CHP के अधिवेशन को अवैध करार दिया, जिसके बाद विपक्षी नेता ओजगुर ओजल को पद से हटाने का फैसला सामने आया. इससे पहले इस्तांबुल के पूर्व मेयर और राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवार Ekrem İmamoğlu को भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल भेज दिया गया था. विपक्ष का आरोप है कि सरकार न्यायपालिका का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को कमजोर करने के लिए कर रही है.
इमामोग्लू ने जेल से संदेश जारी करते हुए कहा कि विपक्ष को खत्म करने की कोशिश लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है. उनका मानना है कि अगर विपक्ष कमजोर होगा तो सरकार के फैसलों पर सवाल उठाने वाला कोई नहीं बचेगा. यही वजह है कि तुर्की में अब लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
अर्थव्यवस्था और शिक्षा संस्थानों पर भी बढ़ा नियंत्रण
सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि तुर्की की अर्थव्यवस्था और शिक्षा संस्थानों में भी सरकार के हस्तक्षेप की चर्चा तेज हो गई है. महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रहे तुर्की ने हाल ही में अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड बेचने का फैसला लिया. बताया गया कि लगभग 8 बिलियन डॉलर के बॉन्ड बेचकर बाजार को स्थिर करने की कोशिश की गई है. ईरान युद्ध और क्षेत्रीय तनाव का असर तुर्की की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है.
इसी बीच सरकार ने विल्गी यूनिवर्सिटी को बंद करने का फैसला भी लिया. आरोप है कि इस यूनिवर्सिटी से लगातार सरकार विरोधी अभियान चलाए जा रहे थे. इस फैसले ने शिक्षा जगत में भी चिंता बढ़ा दी है. आलोचकों का कहना है कि अब सरकार सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों और बौद्धिक वर्ग पर भी दबाव बना रही है.
ट्रंप से बातचीत के बाद तेज हुई चर्चाएं
इन सभी घटनाओं के बीच एक और बात ने लोगों का ध्यान खींचा है. राष्ट्रपति एर्दोआन ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump से फोन पर बातचीत की थी. दोनों नेताओं के बीच सीरिया और ईरान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. लेकिन इसके तुरंत बाद तुर्की में लिए गए बड़े फैसलों ने नई अटकलों को जन्म दे दिया.
कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका इन घटनाओं से पूरी तरह परिचित है, लेकिन अब तक कोई सख्त प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मिडिल ईस्ट के जानकारों का कहना है कि ट्रंप और एर्दोआन के रिश्ते काफी मजबूत रहे हैं और यही वजह है कि अमेरिकी प्रशासन खुलकर आलोचना करने से बचता नजर आता है.
क्या तुर्की में लोकतंत्र कमजोर पड़ रहा है?
तुर्की में हालात जिस दिशा में बढ़ रहे हैं, उसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है. विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी, संस्थानों पर नियंत्रण और लगातार बढ़ती सरकारी ताकत को देखकर कई लोग एर्दोआन की तुलना तानाशाह नेताओं से करने लगे हैं. हालांकि एर्दोआन समर्थकों का कहना है कि देश की स्थिरता और सुरक्षा के लिए सख्त फैसले जरूरी हैं. आने वाले समय में यह साफ होगा कि तुर्की लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा या फिर सत्ता का केंद्रीकरण और बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें :- PM मोदी की 5 देशों की यात्रा बनी गेमचेंजर, भारत को ऊर्जा, तकनीक और निवेश में बड़ी मिलीं उपलब्धियां




