Tech News
Earbuds अचानक हो गए बंद? नए खरीदने से पहले घर पर ऐसे करें ठीक, ये आसान तरीके आएंगे काम
Authored By: Nishant Singh
Published On: Friday, August 7, 2026
Last Updated On: Friday, August 7, 2026
Earbuds Not Working: ईयरबड्स अचानक काम करना बंद कर दें तो उन्हें तुरंत खराब मानकर नया खरीदने की जरूरत नहीं है. चार्जिंग केस में जमा धूल, Bluetooth कनेक्शन की समस्या या दोनों ईयरबड्स के बीच सिंक टूटने से परेशानी हो सकती है. सफाई, रीसेट, दोबारा पेयरिंग और फोन रीस्टार्ट करके समस्या आसानी से दूर की जा सकती है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Friday, August 7, 2026
Earbuds Not Working: आजकल ईयरबड्स रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं. गाने सुनने, कॉल करने या वीडियो देखने के लिए लोग इनका इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार लंबे समय तक इस्तेमाल के बाद ईयरबड्स अचानक काम करना बंद कर देते हैं. ऐसे में तुरंत उन्हें खराब मानकर नया खरीदने की जरूरत नहीं है. कई बार समस्या चार्जिंग, ब्लूटूथ कनेक्शन या गंदगी की वजह से होती है. थोड़ी सी जांच और सही तरीके से सेटिंग करने पर ईयरबड्स दोबारा काम कर सकते हैं.
चार्जिंग पिन पर जमी गंदगी बन सकती है बड़ी वजह
अगर ईयरबड्स चार्ज ही नहीं हो रहे हैं या केस में रखने के बावजूद उनकी बैटरी नहीं बढ़ रही, तो सबसे पहले चार्जिंग कॉन्टैक्ट चेक करें. कानों की नमी, ईयरवैक्स और आसपास की धूल धीरे-धीरे ईयरबड्स और चार्जिंग केस के मेटल पॉइंट पर जमा हो सकती है. इससे दोनों के बीच सही संपर्क नहीं बनता और चार्जिंग रुक सकती है. ऐसे में डिवाइस को बंद करके चार्जिंग कॉन्टैक्ट को सावधानी से साफ करें. सफाई के बाद ईयरबड्स को केस में रखकर दोबारा चार्ज होने की स्थिति जांचें.
आवाज नहीं आ रही तो Bluetooth कनेक्शन करें रीसेट
कई बार ईयरबड्स में कोई खराबी नहीं होती, बल्कि फोन और डिवाइस के बीच Bluetooth कनेक्शन गड़बड़ा जाता है. ऐसी स्थिति में फोन की Bluetooth सेटिंग खोलकर पहले ईयरबड्स को डिस्कनेक्ट करें और फिर Forget Device का विकल्प चुनें. इसके बाद Bluetooth को बंद करके दोबारा ऑन करें और ईयरबड्स को नए डिवाइस की तरह पेयर करें. यह तरीका खास तौर पर तब काम आ सकता है, जब ईयरबड्स कनेक्ट तो दिख रहे हों, लेकिन आवाज नहीं आ रही हो.
सिर्फ एक ईयरबड चल रहा है तो करें Reset
अगर दाएं या बाएं ईयरबड में से सिर्फ एक से आवाज आ रही है, तो दोनों के बीच सिंक की समस्या हो सकती है. ऐसे में दोनों ईयरबड्स को चार्जिंग केस में रखकर डिवाइस को रीसेट किया जा सकता है. कई मॉडलों में दोनों ईयरबड्स के टच एरिया या बटन को करीब 10 से 15 सेकेंड दबाने पर रीसेट प्रक्रिया शुरू होती है. हालांकि, अलग-अलग कंपनियों में इसका तरीका अलग हो सकता है, इसलिए अपने मॉडल के निर्देश देखना बेहतर है. रीसेट के बाद दोनों ईयरबड्स को फोन से दोबारा पेयर करें.
आखिर में फोन को भी जरूर करें Restart
अगर सफाई, री-पेयरिंग और रीसेट के बाद भी समस्या बनी हुई है, तो एक बार मोबाइल फोन को रीस्टार्ट करके देखें. कई ऐप्स के बैकग्राउंड में चलने या पुराने सॉफ्टवेयर के कारण Bluetooth में अस्थायी परेशानी आ सकती है. फोन में उपलब्ध सिस्टम अपडेट भी जांच लें. अगर इसके बाद भी ईयरबड्स काम नहीं करते, तब सर्विस सेंटर से जांच कराना बेहतर रहेगा. यानी हर बार ईयरबड्स खराब नहीं होते कई समस्याएं घर पर ही आसानी से ठीक की जा सकती हैं.
यह भी पढ़ें :- Flipkart Pay Later Launched: अब खरीदारी पहले, भुगतान बाद में, EMI और 30 दिन का नया विकल्प













