सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी के बाद ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ की नई रिलीज डेट तय, जानें कब सिनेमाघरों में देगी दस्तक
Authored By: Nishant Singh
Published On: Tuesday, August 18, 2026
Updated On: Tuesday, August 18, 2026
Mahaprabhu Jagannath Release Date: सुप्रीम कोर्ट से मंजूरी मिलने के बाद एनिमेशन फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है. कानूनी विवाद के कारण 17 जुलाई की रिलीज टल गई थी. अब फिल्म 28 अगस्त 2026 को पैन इंडिया रिलीज होगी. भक्ति, संस्कृति और काल्पनिक कहानी पर आधारित यह फिल्म युवाओं को खास तौर पर आकर्षित कर सकती है.
Authored By: Nishant Singh
Updated On: Tuesday, August 18, 2026
Mahaprabhu Jagannath Release Date: भगवान जगन्नाथ की भक्ति और भारतीय संस्कृति से जुड़ी बहुप्रतीक्षित एनिमेशन फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ आखिरकार बड़े पर्दे पर आने के लिए तैयार है. कानूनी विवाद के कारण इसकी रिलीज टल गई थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद फिल्म की राह साफ हो गई है. अब मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट भी तय कर दी है.
28 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
‘महाप्रभु जगन्नाथ’ पहले 17 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. हालांकि, कानूनी अड़चन के चलते फिल्म को उस तारीख पर रिलीज नहीं किया जा सका. अब यह फिल्म 28 अगस्त 2026 को देशभर में पैन इंडिया रिलीज होगी. प्रमुख थिएटर चेन सिनेपोलिस के जरिए फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है. फिल्म को खास तौर पर युवाओं को भक्ति, संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. इसे ओडिशा की पहली एनिमेटेड फीचर फिल्मों में से एक बताया जा रहा है.
आखिर क्यों टली थी रिलीज?
फिल्म की रिलीज से पहले ओडिशा हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका के जरिए इसके कंटेंट की कानूनी समीक्षा की मांग की गई थी. इसके बाद देशभर में फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी गई थी.
इस फैसले के खिलाफ फिल्म के निर्माताओं ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया. मेकर्स ने अपनी याचिका में बताया था कि फिल्म को CBFC से ‘U’ सर्टिफिकेट मिल चुका है और 300 से ज्यादा सिनेमाघरों में इसकी बुकिंग भी हो चुकी थी. ऐसे में रिलीज रुकने से आर्थिक नुकसान का मुद्दा भी सामने आया. सुप्रीम कोर्ट से देशभर में फिल्म की रिलीज को मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माताओं और वितरकों ने नई रिलीज योजना के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है.
‘जय जगन्नाथ’ से जुड़ा है कनेक्शन
‘महाप्रभु जगन्नाथ’ को लोकप्रिय एनिमेटेड सीरीज ‘जय जगन्नाथ’ का सिनेमाई विस्तार बताया जा रहा है. इस सीरीज को यूट्यूब पर 100 करोड़ से अधिक व्यूज मिलने का दावा किया गया है. ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से उत्सुकता बनी हुई है. फिल्म की कहानी काल्पनिक अंदाज में तैयार की गई है, जिसमें भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को केंद्र में रखा गया है.
कौन है फिल्म की टीम?
फिल्म का निर्माण एले एनिमेशंस के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने किया है और निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है. कहानी और स्क्रीनप्ले पल्लवी शर्मा ने लिखी है. वहीं ओरिजिनल गानों का संगीत अर्जित श्रीवास्तव, बैकग्राउंड स्कोर अविरल कुमार और गीतों के बोल अतुल कुमार वर्मा ने तैयार किए हैं.
अब कानूनी अड़चन दूर होने के बाद 28 अगस्त 2026 को ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी. फिल्म भक्ति, संस्कृति और एनिमेशन के मेल से दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने की कोशिश करेगी.
यह भी पढ़ें :- Independence Day 2026: शेरशाह से रंग दे बसंती तक, OTT पर देखें देशभक्ति के जज्बे से भरपूर ये फिल्में
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।













