Special Coverage
बांग्लादेश राष्ट्रपति चुनाव, 35 साल बाद सीधा मुकाबला, समझें पूरा समीकरण
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, August 20, 2026
Last Updated On: Thursday, August 20, 2026
बांग्लादेश में 35 साल बाद राष्ट्रपति पद के लिए सीधा मुकाबला होने जा रहा है. BNP के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर और विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार ओली अहमद आमने-सामने हैं. संसद में BNP के बहुमत के कारण आलमगीर मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. मतदान गुरुवार को होगा.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, August 20, 2026
Bangladesh Presidential Election: बांग्लादेश में गुरुवार को नए राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग होने जा रही है और करीब साढ़े तीन दशक बाद देश इस पद के लिए वास्तविक चुनावी मुकाबला देख रहा है. सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर का सामना 11 दलों के विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार रिटायर्ड कर्नल ओली अहमद से है. संसद में BNP के पास दो-तिहाई बहुमत होने की वजह से 78 वर्षीय आलमगीर को प्रबल दावेदार माना जा रहा है.
मतदान का समय और उम्मीदवार
बांग्लादेश निर्वाचन आयोग के अनुसार जातीय संसद में गुरुवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी. BNP की ओर से 78 वर्षीय आलमगीर मैदान में हैं, जबकि विपक्षी गठबंधन ने 84 वर्षीय ओली अहमद को उतारा है, जो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के प्रमुख हैं और जिन्हें जमात-ए-इस्लामी के गठबंधन का समर्थन प्राप्त है. दोनों के नामांकन 16 अगस्त को वैध करार दिए गए थे. गौरतलब है कि 1991 के बाद यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला हो रहा है, वरना अब तक यह पद प्रायः सर्वसम्मति से ही भरा जाता रहा है.
आलमगीर की भावुक अपील
वोटिंग से एक दिन पहले बुधवार को BNP संसदीय दल की बैठक में आलमगीर ने सांसदों से अपने पक्ष में मत देने की अपील की. इस दौरान वह भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि अगर अनजाने में किसी की भावना आहत हुई हो तो वह क्षमा चाहते हैं. साथ ही उन्होंने देश की स्वतंत्रता और संप्रभुता से कभी समझौता न करने की बात दोहराई.
शुक्रवार को शपथ की संभावना
जीतने वाले उम्मीदवार के शुक्रवार शाम बांग्लाभवन के दरबार हॉल में शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है. यह चुनाव इसलिए जरूरी हुआ क्योंकि पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन, जो शेख हसीना के करीबी माने जाते थे, ने पिछले महीने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया था. संविधान के मुताबिक पद रिक्त होने के 90 दिनों के भीतर नया राष्ट्रपति चुना जाना अनिवार्य है, और तब से संसद अध्यक्ष हाफिज उद्दीन अहमद कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
दो दशक की सियासी पारी
आलमगीर पिछले करीब बीस वर्षों से BNP के शीर्ष नेताओं में गिने जाते हैं. वह 2011 में पार्टी के कार्यवाहक महासचिव बने और 2016 में स्थायी रूप से यह पद संभाला. पार्टी अध्यक्ष खालिदा जिया के जेल में रहने और तारिक रहमान के विदेश में रहने के दौरान संगठन को संभालने में उनकी बड़ी भूमिका रही. मौजूदा प्रधानमंत्री और BNP प्रमुख तारिक रहमान ने ही उन्हें राष्ट्रपति पद के लिए पार्टी का उम्मीदवार चुना है.
राष्ट्रपति पद की अहमियत क्यों बढ़ सकती है
बांग्लादेश की संसदीय व्यवस्था में राष्ट्रपति मुख्यतः औपचारिक राष्ट्राध्यक्ष होते हैं, हालांकि प्रधानमंत्री और मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति जैसे अहम संवैधानिक अधिकार उनके पास होते हैं और वह सेना के सर्वोच्च कमांडर भी होते हैं. विश्लेषकों का मानना है कि हाल में अंतरिम सरकार व्यवस्था फिर लागू होने के बाद राष्ट्रपति पद की भूमिका अधिक अहम हो सकती है. BNP ने अपने घोषणापत्र में संविधान संशोधन के जरिए राष्ट्रपति को अधिक शक्तियां देने का वादा भी किया था, जिसे आलमगीर की उम्मीदवारी से जोड़कर देखा जा रहा है.
शुरुआती राजनीतिक सफर
अर्थशास्त्र के छात्र रहे आलमगीर ने अपना राजनीतिक सफर पूर्वी पाकिस्तान के दौर में एक वामपंथी छात्र कार्यकर्ता के तौर पर शुरू किया था. 1990 के दशक में वह BNP में शामिल हुए और कृषि व नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री रह चुके हैं. 12 फरवरी के चुनाव में BNP की सत्ता वापसी के बाद उन्हें स्थानीय सरकार मंत्री बनाया गया था. अब गुरुवार की वोटिंग तय करेगी कि बांग्लादेश की कमान आलमगीर के हाथ आती है या विपक्षी उम्मीदवार ओली अहमद बाजी मार ले जाते हैं.




