Special Coverage
दिवाली समारोह के दौरान अमेरिका में हिंदू समुदाय के खिलाफ नफरती प्रदर्शन, देश में ही हुई कड़ी निंदा
Authored By: Rajeev Mandal
Published On: Monday, November 9, 2026
Last Updated On: Monday, November 9, 2026
हिंदुओ के खिलाफ आंदोलन, प्रदर्शन और नस्लवादी टिप्पणी एक समय पाकिस्तान, बांग्लादेश और खाड़ी के कुछ देशों में होता था. मगर अमेरिका में हिंदू समुदाय के प्रति घृणा की घटना पहली बार सामने आई है. वो भी दीपावली जैसे पावन त्योहार में. ये वाकई भारत के लिए चिंता का सबब है.
Authored By: Rajeev Mandal
Last Updated On: Monday, November 9, 2026
अमेरिका के सिएटल में जेक लैंग के नेतृत्व में रूढ़िवादी कार्यकर्ताओं ने दिवाली समारोह के दौरान हंगामा किया और भारतीयों को देश से निकालने की मांग वाले नस्लवादी नारे लिखी तख्तियां लहराईं, जिसकी अमेरिकी सांसदों और समुदाय के नेताओं ने कड़ी निंदा की. लैंग और उनके साथी कार्यकर्ता थॉमस एलन ने शनिवार को एक मंच के सामने अमेरिकी झंडा लहराया और ‘माथे पर तिलक या बिंदी लगाने वाले सभी लोगों को देश से निकालो’ तथा ‘ईसाइयों की जगह हिंदुओं को बसाना बंद करो’ जैसे नारे लिखी तख्तियां दिखाईं.
दिवाली के दिन किया प्रदर्शन
जिस वक्त प्रदर्शन हो रहा था, उस समय मंच पर नृत्य प्रस्तुति चल रही थी. सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान हुए इस हंगामे के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुए. कुछ ही देर बाद कार्यकर्ताओं को ‘सिएटल सेंटर आर्मरी’ में आयोजित दिवाली समारोह से बाहर ले जाया गया.
यह समारोह ‘सिएटल सेंटर फेस्टल’ का हिस्सा था, जिसके तहत 25 निःशुल्क सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किए जाते हैं. इन आयोजनों में हर साल करीब चार लाख लोग शामिल होते हैं. यह घटना अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘व्हाइट हाउस’ स्थित ‘ओवल ऑफिस’ में पारंपरिक रूप से दीया जलाने और वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन के सिएटल स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में दिवाली समारोह में शामिल होने के एक दिन बाद हुई.
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य प्रमिला ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य प्रमिला जयपाल ने इस ‘घृणित’ और ‘नस्लवादी’ घटना पर गहरी नाराजगी जताई. वाशिंगटन से सांसद जयपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘इस घृणित और नस्लवादी प्रदर्शन से मैं बेहद आहत और क्षुब्ध हूं. दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और हमारे समुदाय के लोगों को इसे सुरक्षित माहौल में मनाने का अधिकार है. इस तरह के नफरत भरे प्रदर्शन के लिए हमारे शहर या देश में कोई जगह नहीं है.’
दिवाली समारोह के दौरान नफरती प्रदर्शन के लिए देश में जगह नहीं
अमेरिका के राष्ट्रपति के आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के पूर्व सलाहकार अजय जैन भूटोरिया ने लैंग और एलन की हरकतों को ‘बेहद घृणित’ बताया. भूटोरिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हिंदू अमेरिकियों और भारतीय प्रवासियों को नस्लवादी टिप्पणियों तथा साजिश के आरोपों के जरिए निशाना बनाना इस देश में स्वीकार्य नहीं है. हम इस तरह के नस्लवाद का विरोध करते हैं और अपनी सांस्कृतिक विरासत का उत्सव स्वतंत्र रूप से मनाने के हर अमेरिकी के अधिकार का समर्थन करते हैं.’
कौन है जेक लैंग?
लैंग ‘व्हाइट रिप्लेसमेंट’ नामक एक संगठन से जुड़ा है और वह 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन ‘कैपिटल’ पर हमला करने वालों में शामिल था. उसने चार साल जेल में बिताए हैं और बाद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2025 में अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन उसे क्षमादान दे दिया था.













