Assembly Election News
अगले सप्ताह हो सकती है महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा
अगले सप्ताह हो सकती है महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Published On: Saturday, October 5, 2024
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
चुनाव आयोग के सूत्रों की मानें तो अगले सप्ताह महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है। सूत्रों ने यहां तक दावा किया है कि आयोग इसके लिए 10 अक्टूबर को प्रेस कांफ्रेंस कर सकता है।
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Last Updated On: Thursday, May 1, 2025
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के बीच महाराष्ट्र और झारखंड चुनावों की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के सूत्रों की मानें तो अगले सप्ताह इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा हो सकती है। सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया है कि आयोग इसके लिए 10 अक्टूबर को प्रेस कांफ्रेंस कर सकता है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
नवंबर तक महाराष्ट्र (Maharastra) सरकार का कार्यकाल
महाराष्ट्र में वर्तमान शिंदे सरकार (Shinde Government) का कार्यकाल 23 नवंबर तक ही है। इसलिए चुनाव आयोग (Election Commission) को यहां इसके पहले विधानसभा चुनाव करना जरूरी है। 2019 में 23 नवंबर को वर्तमान विधानसभा का गठन हुआ था। तब वर्तमान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। लेकिन तब वे सिर्फ 5 दिन ही मुख्यमंत्री रह सके थे।
28 नवंबर को उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ा था और तत्कालीन शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे (Shiv Sena chief Uddhav Thackeray) मुख्यमंत्री बने। इन्होंने इसी दिन मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लेकिन उद्धव ठाकरे भी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। वर्ष 2022 में उनकी शिवसेना टूट गई। तत्कालीन शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने। इसलिए शिंदे सरकार का कार्यकाल 23 नवंबर तक ही है।
दिसंबर तक झारखंड (Jharkhand) में कराने होंगे चुनाव
झारखंड की पांचवीं विधानसभा का कार्यकाल दिसंबर तक है। 2019 में 29 दिसंबर को पांचवीं विधानसभा का गठन हुआ था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन कांग्रेस और राजद के सहयोग से मुख्यमंत्री बने थे। हालांकि वे भी लगातार 5 साल तक मुख्यमंत्री नहीं रह पाए। उन्हें इसी साल 2 फ़रवरी को इस्तीफा देना पड़ा।
जमीन मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 2 फ़रवरी को ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। जेल जाने से पहले उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया था। उनके जेल जाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बने। जेल से बाहर आने के कुछ दिनों बाद हेमंत सोरेन ने चंपई से इस्तीफा दिलाकर फिर से मुख्यमंत्री बने हैं।
हरियाणा-जम्मू-कश्मीर के साथ होने था चुनाव
महाराष्ट्र और झारखंड का विधानसभा चुनाव हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर के चुनाव के साथ कराने की संभावना थी। बताया जा रहा है कि चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी भी लगभग कर लिया था लेकिन महाराष्ट्र में गणेश उत्सव बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। वहां यह उत्सव 10 दिनों का होता है लेकिन तैयारी महीनों पहले से होती होती है। इसलिए चुनाव आयोग गणेश उत्सव के दौरान महाराष्ट्र चुनाव कराने से बचे।
दस अक्टूबर को हो सकती है घोषणा
इसलिए चुनाव आयोग 8 अक्टूबर को हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव की घोषणा कर सकते हैं। आज ही आयोग के सूत्रों ने बताया कि आयोग की इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारी पहले से ही पूरी है। अब सिर्फ हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के नतीजे का इंतजार किया जा रहा है। 8 तारीख को इन दोनों राज्यों के नतीजे आने के बाद संभवतः 10 अक्टूबर को इसकी घोषणा हो सकती है।
पार्टी भी तैयार
महाराष्ट्र और झारखंड दोनों राज्यों के राजनीतिक दल चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है। दोनों राज्यों में दो गठबंधन आमने-सामने होंगे। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस, उद्धव शिवसेना और शरद राष्ट्रवादी कांग्रेस) और महायुति (भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस) के बीच मुकाबला होना है। वहीँ झारखंड में एनडीए (भाजपा, आजसू और जदयू आदि) और इंडी गठबंधन के बीच मुकाबला होना है। दोनों राज्यों में दोनों ही गठबंधन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण सीटों के बंटवारा है। दोनों गठबंधन का दावा है कि गठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय हो चुका है। सिर्फ उम्मीदवारों की घोषणा करना बाकी है।