Sridevi Death Anniversary: ‘सदमा’ से ‘नागिन’ तक, श्रीदेवी की 10 आइकॉनिक फिल्में, जानिए किस ओटीटी पर देखें
Authored By: Nishant Singh
Published On: Tuesday, February 24, 2026
Updated On: Tuesday, February 24, 2026
Sridevi Death Anniversary: श्रीदेवी ने अपने करियर में हर तरह के किरदार निभाकर भारतीय सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी है. सदमा से लेकर मॉम तक उनकी 10 आइकॉनिक फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों को छूती हैं. जानिए इन फिल्मों के नाम और किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं.
Authored By: Nishant Singh
Updated On: Tuesday, February 24, 2026
Sridevi Movies: भारतीय सिनेमा के इतिहास में श्रीदेवी (Sridevi Death Anniversary) का नाम एक ऐसे सितारे के रूप में दर्ज है, जिसकी चमक आज भी फीकी नहीं पड़ी है. उन्होंने बाल कलाकार से लेकर सुपरस्टार बनने तक का सफर अपने दमदार अभिनय के बल पर तय किया. उनके एक्सप्रेशन, डायलॉग डिलीवरी, डांस और इमोशनल सीन आज भी नई पीढ़ी के कलाकारों के लिए सीख हैं. उनकी डेथ एनिवर्सरी पर उनकी उन फिल्मों को याद करना जरूरी है, जिन्होंने उन्हें ‘पहली फीमेल सुपरस्टार’ का दर्जा दिलाया. खास बात ये है कि उनकी ये यादगार फिल्में आज भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं.
सदमा – मासूमियत और दर्द का सबसे यादगार चेहरा
सदमा श्रीदेवी के करियर की सबसे इमोशनल और दमदार फिल्मों में से एक मानी जाती है. इस फिल्म में उन्होंने एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया है, जो हादसे के बाद अपनी याददाश्त खो बैठती है और मानसिक रूप से एक बच्ची बन जाती है. उनकी आंखों की मासूमियत, डर और बेबसी दर्शकों को भीतर तक छू जाती है. कमल हासन के साथ उनका क्लाइमैक्स सीन आज भी लोगों को रुला देता है. यह फिल्म साबित करती है कि श्रीदेवी सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि अभिनय की मिसाल थीं. यह फिल्म Netflix पर देखी जा सकती है.
नगीना – जब इच्छाधारी नागिन बनकर छाईं
नगीना में श्रीदेवी ने इच्छाधारी नागिन का किरदार निभाकर सिनेमा को एक नया आइकॉनिक मोमेंट दिया. ‘मैं तेरी दुश्मन’ गाने पर उनका डांस आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार डांस सीक्वेंस में गिना जाता है. बदले की कहानी, रहस्य और उनका दमदार स्क्रीन प्रेजेंस इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है. इस रोल ने श्रीदेवी को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया. आज भी यह फिल्म दर्शकों के बीच उतनी ही लोकप्रिय है और इसे YouTube पर देखा जा सकता है.
जांबाज – ग्लैमर और स्टाइल का जबरदस्त मेल
जांबाज में श्रीदेवी का ग्लैमरस अवतार देखने को मिला था. फिरोज खान की इस मल्टीस्टारर फिल्म में उनका स्टाइल, फैशन और गाने उस दौर में काफी चर्चा में रहे. इस फिल्म ने साबित किया कि श्रीदेवी सिर्फ इमोशनल रोल ही नहीं, बल्कि बोल्ड और स्टाइलिश किरदारों में भी पूरी तरह फिट बैठती हैं. उनके लुक्स और डांस मूव्स ने युवाओं को खूब प्रभावित किया. अगर आप उनका ग्लैमरस अंदाज देखना चाहते हैं तो यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है.
चांदनी – सादगी में छिपा सुपरस्टार
यश चोपड़ा की चांदनी श्रीदेवी के करियर की सबसे रोमांटिक फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म में उनकी सादगी, मुस्कान और सफेद साड़ी वाला लुक आज भी लोगों के जहन में ताजा है. रोमांस, दर्द और मजबूती तीनों को उन्होंने बेहद खूबसूरती से निभाया. इस फिल्म ने श्रीदेवी को रोमांटिक हीरोइन की नई पहचान दी. इसके गाने आज भी उतने ही लोकप्रिय हैं. यह फिल्म Netflix पर उपलब्ध है.
मिस्टर इंडिया – कॉमेडी और करिश्मा
मिस्टर इंडिया में पत्रकार सीमा बनकर श्रीदेवी ने अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया. ‘हवा हवाई’ गाना और उनका चुलबुला अंदाज आज भी उतना ही फ्रेश लगता है. अनिल कपूर के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट साबित हुई. इस फिल्म ने दिखाया कि श्रीदेवी हर जॉनर में माहिर थीं. यह एवरग्रीन फिल्म Prime Video पर देखी जा सकती है.
चालबाज – एक नहीं, दो-दो कमाल
डबल रोल वाली चालबाज में श्रीदेवी ने अंजू और मंजी जैसे बिल्कुल अलग किरदार निभाए. एक सीधी-सादी लड़की और दूसरी चुलबुली पंजाबी कुड़ी दोनों को उन्होंने इतनी सहजता से निभाया कि दर्शक हैरान रह गए. इस फिल्म ने उनकी वर्सेटिलिटी को पूरी तरह साबित किया. आज भी यह फिल्म लोगों को हंसाने और एंटरटेन करने में कामयाब रहती है. यह फिल्म JioHotstar पर मौजूद है.
जुदाई – निगेटिव रोल में भी छाईं
जुदाई में श्रीदेवी ने लालची पत्नी का किरदार निभाकर दर्शकों को चौंका दिया. पैसों के लिए पति की दूसरी शादी करवाने वाला उनका किरदार नकारात्मक होने के बावजूद यादगार बन गया. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही और उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई. यह दिखाता है कि श्रीदेवी हर तरह के रोल से डरती नहीं थीं. यह फिल्म ZEE5 पर उपलब्ध है.
इंग्लिश विंग्लिश – आत्मसम्मान की कहानी
कमबैक फिल्म इंग्लिश विंग्लिश में श्रीदेवी ने एक साधारण गृहिणी का किरदार निभाया, जो अंग्रेजी सीखकर अपना आत्मविश्वास वापस पाती है. इस फिल्म ने हर उम्र की महिलाओं के दिल को छुआ. लंबे ब्रेक के बाद भी उनका अभिनय उतना ही सशक्त और प्रभावशाली था. यह फिल्म आज भी प्रेरणा देती है और ZEE5 पर देखी जा सकती है.
मॉम – आखिरी बार, सबसे पावरफुल
मॉम श्रीदेवी की आखिरी यादगार फिल्मों में से एक है. इसमें उन्होंने एक ऐसी मां का किरदार निभाया, जो अपनी बेटी के लिए इंसाफ की लड़ाई लड़ती है. उनका यह गंभीर और मजबूत अभिनय दर्शकों को झकझोर देता है. इस फिल्म के लिए उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला. यह फिल्म Netflix पर उपलब्ध है और श्रीदेवी की अभिनय यात्रा को एक भावुक श्रद्धांजलि देती है.
यह भी पढ़ें :- New Movie Releasing This Week (Friday, 27 February 2026): सिनेमाघरों में कौन सी फ़िल्में होंगी रिलीज़? यहां देखें पूरी लिस्ट
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।














