Special Coverage
आज से जेवर एयरपोर्ट से हवाई ट्रायल आरंभ, अप्रैल 2025 से शुरू होगी पहली नियमित उड़ान
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Published On: Monday, December 9, 2024
Last Updated On: Wednesday, August 6, 2025
एशिया और देश के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट से हवाई ट्रायल आज से आरंभ हो रहा है, जो 15 दिसंबर तक चलेगा। उम्मीद की जा रही है कि अप्रैल 2025 से यहां से नियमित उड़ानें आरंभ हो जाएंगी। इससे न केवल दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यातायात का बोझ कम होगा, बल्कि लोगों को भी यहां पहुंचने में आसानी होगी। एक बार उड़ाने आरंभ होने के बाद यहां देश विदेश के लिए यात्रा करने का लाभ मिल सकेगा...
Authored By: अरुण श्रीवास्तव
Last Updated On: Wednesday, August 6, 2025
हाइलाइट्स
- अप्रैल 2025 से जेवर एयरपोर्ट ( Jewar Airport) से नियमित हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
- पहली उड़ान (Jewar Airport First Flite) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए होगी।
- इस ऐतिहासिक मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय किसान भी उड़ान भरेंगे।
- यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के अनुसार, वर्ष 2050 तक इस एयरपोर्ट से 20 करोड़ यात्री सालाना सफर करेंगे।
- जेवर एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट है।
- यह परियोजना 5,000 हेक्टेयर भूमि पर फैली हुई है, जो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (2,066 हेक्टेयर) और नवी मुंबई एयरपोर्ट (2,320 हेक्टेयर) से भी बड़ी है।
देश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में से एक जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (Jewar International Airport) अब हवाई सफर के लिए लगभग तैयार है। सोमवार 9 दिसंबर, 2024 इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए बेहद खास दिन है। इस दिन यानी आज सोमवार से जेवर एयरपोर्ट पर रनवे और अन्य सुविधाओं का ट्रायल शुरू हो रहा है। ये ट्रायल 15 दिसंबर तक चलेंगे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को सुबह 11 बजे पहला ट्रायल रनवे पर हुआ। ट्रायल के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी का विमान 3,900 मीटर लंबे रनवे पर उतरेगा। ट्रायल के सफल समापन के बाद एयरपोर्ट के संचालन के लिए डीजीसीए से अंतिम लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सभी अन्य जरूरी लाइसेंस पहले ही प्राप्त किए जा चुके हैं।
अप्रैल 2025 से पहली उड़ान
अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि अप्रैल 2025 से जेवर एयरपोर्ट पर नियमित हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। पहली उड़ान उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए होगी। इस ऐतिहासिक मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) और स्थानीय किसान भी उड़ान भरेंगे।

एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनेगा जेवर (Jewar Asia Largest Airport)
जेवर एयरपोर्ट को एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बताया जा रहा है। यह परियोजना 5,000 हेक्टेयर भूमि पर फैली हुई है, जो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (2,066 हेक्टेयर) और नवी मुंबई एयरपोर्ट (2,320 हेक्टेयर) से भी बड़ा है।
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अंतर्गत बन रहे इस एयरपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय कार्गो सेवाओं के साथ-साथ रिपेयर सेंटर की सुविधा भी होगी। इसे सड़क और रेल मार्ग से पूरे उत्तर भारत और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ा जा रहा है।
2050 तक 20 करोड़ यात्री करेंगे सफर

यीडा के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के अनुसार, वर्ष 2050 तक इस एयरपोर्ट से 20 करोड़ यात्री सालाना सफर करेंगे। यह संख्या वर्तमान में देश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) से कहीं अधिक होगी, जहां वर्तमान में 6 करोड़ यात्री वार्षिक उड़ान भरते हैं।
विकास की दिशा में बड़ा कदम
जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport Noida) भारत के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। इस परियोजना से न सिर्फ क्षेत्र में आर्थिक और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह भारत को वैश्विक हवाई यातायात के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।















