Chhath Puja 2026 Date: 13 नवंबर से शुरू छठ पूजा, जानें नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक पूरा कैलेंडर

Authored By: Rajeev Mandal

Published On: Thursday, November 12, 2026

Last Updated On: Thursday, November 12, 2026

छठ पूजा 2026 के दौरान नदी के घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य देने की तैयारी करते श्रद्धालु
छठ पूजा 2026 के दौरान नदी के घाट पर सूर्य देव को अर्घ्य देने की तैयारी करते श्रद्धालु

छठ मतलब सूरज की पूजा। डूबते सूरज को भी, उगते सूरज को भी। और साथ में छठी मैया की पूजा। 4 दिन का पर्व, 36 घंटे बिना पानी के व्रत। इस साल छठ का हिसाब थोड़ा समझ लीजिए, क्योंकि यही पर्व ऐसा है जो 4 दिन चलता है, और हर दिन का अपना मतलब है। जानते हैं विस्तार से कब से होगी पर्व की शुरुआत, पूजा क्यों खास है, कब से हुई शुरुआत और किसने इसे सबसे पहले किया…

Authored By: Rajeev Mandal

Last Updated On: Thursday, November 12, 2026

2026 में छठ 13 नवंबर से शुरू हो रहा है। नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक।

पहला दिन – 13 नवंबर, नहाय खाय

ये सफाई का दिन है। घर धोया जाता है, चावल-दाल खरीदी जाती है। व्रती सुबह नहाकर लौकी-भात खाता है। बस यही खाना। उसके बाद से मन पवित्र। बिहार में इस दिन घर में लहसुन-प्याज बंद। सिर्फ सादा खाना। कहते हैं इसी दिन से शरीर और मन दोनों छठ के लिए तैयार होने लगता है।

दूसरा दिन-14 नवंबर, खरना

ये सबसे कठिन रात है। दिन भर व्रत, शाम को गुड़ की खीर, रोटी और फल। व्रती अकेले खाती है, फिर बाकी लोगों को प्रसाद मिलता है। इस रात के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू। मतलब ना खाना, ना पानी। यही इस पर्व की असली परीक्षा है। गांव में इस दिन गली-गली से खीर की खुशबू आती है। मिट्टी के चूल्हे पर बनती है, आम की लकड़ी पर।

तीसरा दिन-15 नवंबर, संध्या अर्घ्य

यही असली छठ है। दोपहर से ही सूप सजने लगता है। बांस का सूप, उसमें ठेकुआ, फल, गन्ना, सिंघाड़ा, दीया। शाम को सब घाट पर। डूबते सूरज को अर्घ्य। औरतें पानी में खड़ी होकर सूप उठाती हैं। गीत गाती हैं-”कांच ही बांस के बहंगिया…”सूरज डूबता है, लोग घर लौटते हैं, लेकिन व्रत नहीं टूटता। रात भर कोसी भरी जाती है, गाने बजते हैं।

चौथा दिन – 16 नवंबर, उषा अर्घ्य

सुबह 4 बजे ही घाट पर भीड़। सब उगते सूरज का इंतजार। जैसे ही सूरज की पहली किरण आती है, अर्घ्य दिया जाता है। और व्रत टूटता है। नींबू और पानी से। बस, छठ खत्म। लोग एक-दूसरे को प्रसाद देते हैं, गले मिलते हैं।

4 दिन, 4 बातें

नहाय-खाय मतलब सफाई। खरना मतलब संयम। संध्या अघ्र्य मतलब समर्पण। उषा अर्घ्य मतलब नई उम्मीद। यही वजह है कि छठ को सिर्फ त्योहार नहीं कहते, तपस्या कहते हैं, जिसमें ना पंडित चाहिए, ना बड़ा पैसा। चाहिए तो बस 36 घंटे की हिम्मत और छठी मैया पर भरोसा।

शुरु आत कहां से हुई?

इसकी कई कहानियां हैं, गांव में जो सुनी जाती हैं। एक कहानी महाभारत से जुड़ी है। कहते हैं कुंती ने सबसे पहले सूरज की पूजा की थी। कर्ण उसका बेटा था, जो सूरज का ही बेटा माना जाता है। कर्ण रोज पानी में खड़ा होकर सूरज को अर्घ्य देता था। वहीं से ये परंपरा चली। दूसरी कहानी रामायण की है। कहते हैं जब राम 14 साल के वनवास से लौटे, तो सीता ने कार्तिक महीने में सूरज की पूजा करके व्रत रखा था। राजपाट ठीक रहे, इसलिए। एक और कथा राजा प्रियव्रत की है। उसके कोई बच्चा नहीं था। महर्षि कश्यप ने कहा पुत्रेष्टि यज्ञ करो। रानी मालिनी को बेटा हुआ, पर मरा हुआ। राजा दुख में डूब गया। तभी आकाश से छठी मैया आईं, बोलीं, मेरी पूजा करो। राजा ने पूजा की, और उसे जिंदा बेटा मिला। तब से लोग संतान के लिए छठ करने लगे।

असल में छठ है क्या?

अगर किताबी बात हटा दें तो छठ बहुत सीधा पर्व है। ये किसान का पर्व है। फसल कट गई, अनाज घर आ गया, तो सूरज को थैंक्यू बोलने का तरीका। इसलिए इसमें गेहूं, चावल, गन्ना, फल-सब कुछ जो खेत से आया है, वही सूप में सजाया जाता है। और इसमें कोई पंडित नहीं चाहिए। कोई मंत्र नहीं। घर की औरतें ही सब करती हैं। क्योंकि ये पर्व श्रम का है। जो मेहनत करता है, वही पूजा करता है।

क्यों इतना कठिन व्रत?

36 घंटे बिना पानी। ये सुनने में ही डर लगता है। पर करने वाले कहते हैं-जब मां बच्चे के लिए करती है, तो ताकत अपने आप आ जाती है। मां बेटे के लिए करती है, पत्नी पति के लिए, बहन भाई के लिए। मन्नत यही होती है-परिवार ठीक रहे। बिहार से बाहर कैसे गया? पहले लोग कहते थे ये बिहार का त्योहार है। अब दिल्ली, मुंबई, कोलकाता-हर जगह छठ होता है। जहां बिहारी गया, छठ साथ गया। क्योंकि इसमें दिखावा नहीं है। ना बड़ा पंडाल, ना लाइट, ना ष्ठ। बस एक सूप, एक दीया और डूबता हुआ सूरज। जो एक बार घाट पर शाम को खड़ा होकर देख लेता है, सैकड़ों औरतें पानी में खड़ी हैं, हाथ में सूप है, गीत गा रही हैं-वो दृश्य मानस पटल पर हमेशा के लिए अंकित हो जाता है, कभी स्मृति से ओझल नहीं होता है।

About the Author: Rajeev Mandal
वरिष्ठ पत्रकार राजीव मंडल पिछले 25 वर्षों से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। दैनिक जागरण (लखनऊ) से बतौर कॅरियर की शुरुआत हुई। गलगोटिया टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने से पहले राजीव ने टीवी इंडस्ट्री-ईटीवी और नेपाल वन न्यूज चैनल- में भी काम किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सहारा अखबार के साथ 19 वर्षों तक इनका साथ रहा। इस अखबार के संपादकीय पृष्ठ और साप्ताहिक परिशिष्ट 'हस्तक्षेप" अंक का बतौर प्रभारी लंबे समय तक नेतृत्व किया। राजीव ने पत्रकारिता से मास्टर डिग्री (2000-2001) काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वाराणसी से हासिल किया। फिलहाल राजीव गलगोटिया टाइम्स के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर कलम चलाते हैं।

Warning: Undefined array key "div" in /home/u546398806/domains/galgotiastimes.com/public_html/wp-content/plugins/fusion-builder/shortcodes/components/templates/fusion-tb-comments.php on line 113
Leave A Comment

अन्य लाइफस्टाइल खबरें