Lifestyle News
शिव भक्त को मिलता है चैतन्य होने का मार्ग
Authored By: स्मिता
Published On: Wednesday, July 30, 2025
Last Updated On: Wednesday, July 30, 2025
हिंदी साहित्य के प्रमुख कवि और स्वतंत्रता सेनानी रामधारी सिंह दिनकर की पुस्तक 'संस्कृति के चार अध्याय’ के अनुसार, शिव भक्ति के माध्यम से अंदर की बुराइयां परास्त हो जाती हैं और मन अच्छाइयों की ओ उन्मुख होता है. इससे शिव भक्त को चैतन्य होने का मार्ग मिल जाता है.
Authored By: स्मिता
Last Updated On: Wednesday, July 30, 2025
Shiv Bhakti Spiritual Path:हिंदी साहित्य के प्रमुख कवि और स्वतंत्रता सेनानी रामधारी सिंह दिनकर ने अपनी पुस्तक ‘संस्कृति के चार अध्याय’ में बताया है कि शिव समाज की भलाई के लिए सर्वोत्तम कार्य करते हैं. वे ईश्वर के प्रतिनिधि हैं. आवश्यकता पडऩे पर वे बुराइयों का संहार करते हैं. यदि आप शिव भक्त हैं, तो अंदर की बुराइयां परास्त हो जाएंगी और आप अच्छे कर्मों की ओर उन्मुख होंगे. किसी प्रकार के लोभ-मोह से रहित शांत मन ही दर्शन और अध्यात्म की ओर उन्मुख हो सकता है.
चेतना के आधार स्तंभ हैं शिवजी
शिव सिद्धान्त में सृष्टि के परम अध्यक्ष का नाम शिव है. वे चेतना के आधार स्तंभ हैं. वे ब्रह्मांड में व्याप्त अनादि सत्य हैं. उन्हीं की कृपा सृष्टि की पांच प्रक्रियाओं में प्रत्यक्ष होती है. ये प्रक्रियाएं हैं सृष्टि की रचना, पालन और विनाश. इनके अलावा, जीव को मोह युक्त करना और फिर उसे मोह रहित करना भी उनके कार्य हैं. शिव सारे कार्य अपनी शक्ति के माध्यम से करते हैं.
जीव का कल्याण है एकमात्र उद्देश्य
रामधारी सिंह दिनकर के अनुसार, शिव सृष्टि का विकास जीवों के कल्याण के लिए करते हैं. जड़-चेतन, प्रकृति-जीव सभी में शिव का निवास है. स्वभाव से आत्मा भी शिव के समान ही अनादि अनन्त और चेतन है. बंधन में पड़ जाने के कारण आत्मा अपने को क्षणिक मान लेती है. यह उसकी अज्ञानता है. इस बंधन से मोक्ष पाने के लिए आवश्यक है कि जीव जड़ की अधीनता से बाहर निकले. अपने को मोह-माया के बंधनों से मुक्त होने के लिए सार्थक प्रयास करे.
आत्मा की मुक्ति के लिए साधना जरूरी है. शिव के सिद्धांतों को मानना जरूरी है. इस कार्य में गुरु प्रमुख भूमिका निभा सकते हैं. इसके लिए शिव की कृपा अनिवार्य है. दक्षिण भारत के शिव भक्त संतों और कवियों ने शिव को इसी अनूठे रूप में चित्रित किया है.
शिव पर पावन पुस्तक
शिव भक्त कवियों और लेखकों ने सभी देवताओं में प्रमुख स्थान दिया है. इसलिए उन्हें महादेव भी कहा गया है. उनपर कई किताबें लिखी गई हैं. एक लेखक शैवाचार्य नाम्बिआंदार-नम्बी ने शैव गानों और पदों का संकलन किया है, जिनका सम्मिमलित नाम तिरुमरई या पावन पुस्तक है. विष्णु भक्त आलवारों के पदों में जो स्थान विष्णु का था, शिव भक्त नायनारों के गीतों में भी वही स्थान शिव का है. इन दोनों ही प्रकार के भक्तों के पद विश्व भर के सर्वश्रेष्ठ भक्ति साहित्य में स्थान रखते हैं.
यह भी पढ़ें :- Shravan 2025 : क्यों महत्वपूर्ण है सावन का अंतिम सोमवार














