IPL Controversy: मुस्तफिजुर रहमान की नीलामी पर क्यों घिरे शाहरुख खान? जानिए कौन-कौन कर रहा है विरोध

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Friday, January 2, 2026

Last Updated On: Friday, January 2, 2026

IPL Controversy के बीच मुस्तफिजुर रहमान की नीलामी पर शाहरुख खान को लेकर उठा विवाद, कई लोगों ने जताया विरोध और उठाए सवाल.
IPL Controversy के बीच मुस्तफिजुर रहमान की नीलामी पर शाहरुख खान को लेकर उठा विवाद, कई लोगों ने जताया विरोध और उठाए सवाल.

आईपीएल 2026 मिनी-नीलामी में केकेआर द्वारा बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदना अब सिर्फ खेल का मामला नहीं रह गया है. इस फैसले के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार और केकेआर के को-ऑनर शाहरुख खान के खिलाफ राजनीतिक दलों और धार्मिक नेताओं का तीखा विरोध सामने आया है. कुछ ने उन्हें ‘गद्दार’ तक कह दिया है. आखिर कौन-कौन शाहरुख खान का विरोध कर रहा है और क्या है पूरा विवाद, पढ़िए पूरी रिपोर्ट.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Friday, January 2, 2026

IPL Controversy: आईपीएल हमेशा से रोमांच, रिकॉर्ड और सितारों से भरा रहा है, लेकिन इस बार एक नीलामी ने पूरे देश में बहस छेड़ दी है. आईपीएल 2026 की मिनी-नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को मोटी रकम में खरीदने के बाद मामला गरमा गया. इस फैसले के चलते केकेआर के को-ऑनर और बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान सीधे निशाने पर आ गए. राजनीतिक दलों से लेकर आध्यात्मिक गुरुओं तक, कई बड़े नाम खुलकर उनके खिलाफ सामने आए हैं. कहीं चेतावनी दी जा रही है, तो कहीं कड़े शब्दों में निंदा की जा रही है. खेल से शुरू हुआ यह विवाद अब देशभक्ति, राजनीति और भावनाओं से जुड़ी बड़ी राष्ट्रीय बहस में बदल चुका है. चलिए जानते हैं कौन-कौन शाहरुख खान का विरोध कर रहा है.

शिवसेना (यूबीटी) ने जताया कड़ा विरोध

शिवसेना (यूबीटी) ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने साफ कहा है कि अगर बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने की इजाजत दी गई, तो सड़कों पर विरोध होगा. पार्टी के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि यह सिर्फ खेल का मामला नहीं है. उन्होंने कहा कि इससे देश की भावनाएं जुड़ी हुई हैं. इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

आनंद दुबे ने शाहरुख खान को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, “अगर शाहरुख खान उस खिलाड़ी को अपनी टीम से बाहर कर देते हैं, तो हम उनका सम्मान करेंगे. हम उन्हें उचित मान्यता भी देंगे. लेकिन अगर शाहरुख खान उन्हें खिलाते हैं और उससे पैसा कमाते हैं, तो वही पैसा वहां आतंकवाद को बढ़ावा देने में इस्तेमाल होगा. हमारे देश के खिलाफ साजिश रची जाएगी. हम किसी भी हालत में ऐसा नहीं होने देंगे.”

उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश और पाकिस्तान दोनों भारत के दुश्मन हैं. दुबे ने चेतावनी दी कि जब तक इनका पूर्ण बहिष्कार नहीं होगा, तब तक उनकी पार्टी चुप नहीं बैठेगी.

स्वामी रामभद्राचार्य ने शाहरुख खान पर तीखा हमला बोला

जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम में शामिल करने पर शाहरुख खान की आलोचना की. स्वामी रामभद्राचार्य ने कहा, “वह नायक नहीं हैं. शाहरुख खान का कोई चरित्र नहीं है. उनके काम एक गद्दार जैसे हैं.” उनके इस बयान के बाद विवाद और गहरा हो गया है.

आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर की कड़ी प्रतिक्रिया

एक अन्य आध्यात्मिक गुरु देवकीनंदन ठाकुर ने भी शाहरुख खान और केकेआर पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति को नजरअंदाज किया जा रहा है.

देवकीनंदन ठाकुर ने कहा, “बांग्लादेश में हिंदुओं की बेरहमी से हत्या की जा रही है. उनके घर जलाए जा रहे हैं. बहनों और बेटियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं. ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद कोई इतना संवेदनहीन कैसे हो सकता है कि उसी देश के खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल कर ले?”

उन्होंने खिलाड़ी को टीम से बाहर करने की मांग की. साथ ही यह भी कहा कि पश्चाताप के प्रतीक के रूप में खिलाड़ी पर खर्च किए गए 9.2 करोड़ रुपये उन हिंदू बच्चों के परिवारों को दिए जाने चाहिए, जिनकी वहां हत्या हो रही है.

पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मेरठ में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शाहरुख खान को “गद्दार” कहा.

संगीत सोम ने कहा, “एक तरफ बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है. दूसरी तरफ आईपीएल में क्रिकेटरों को करोड़ों में खरीदा जा रहा है. ऐसे लोगों को इस देश में जीने का कोई हक नहीं है.”

आईपीएल 2026 मिनी-नीलामी में हुई थी खरीद

यह पूरा विवाद आईपीएल 2026 की मिनी-नीलामी के बाद शुरू हुआ. यह नीलामी अबू धाबी में आयोजित की गई थी. इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा.

मुस्तफिजुर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. उन्होंने अब तक आईपीएल में 60 मैच खेले हैं. इन मैचों में वह 65 विकेट ले चुके हैं. उन्होंने साल 2016 में आईपीएल में डेब्यू किया था.

खेल से आगे बढ़कर बनी राष्ट्रीय बहस

आईपीएल की नीलामी से शुरू हुआ यह मामला अब खेल से कहीं आगे निकल चुका है. अब यह एक राष्ट्रीय बहस बन चुका है. मुद्दा सिर्फ एक खिलाड़ी की खरीद का नहीं रह गया है. अब सवाल देशभक्ति, राजनीति और खेल के आपसी रिश्ते पर खड़े हो रहे हैं.

आने वाले दिनों में सभी की नजरें केकेआर मैनेजमेंट और शाहरुख खान पर रहेंगी. यह देखना अहम होगा कि वे इस बढ़ते दबाव पर क्या फैसला लेते हैं. साथ ही यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है, इस पर भी सबकी नजर बनी रहेगी.

यह भी पढ़ें :- IND-W vs SL-W 5th T20I Playing-XI: भारत की नजर क्लीन स्वीप पर, जानें संभावित प्लेइंग-11 तथा मैच प्रेडिक्शन

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खेल खबरें