Sports News
निगार सुल्ताना पर लगे मारपीट आरोपों में हरमनप्रीत का नाम क्यों आया? जानें पूरा विवाद
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Tuesday, November 18, 2025
Last Updated On: Tuesday, November 18, 2025
बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की कप्तान निगार सुल्ताना जोटी पर जूनियर खिलाड़ियों से मारपीट के आरोप लगे, जिन पर उन्होंने साफ इनकार किया है. अपने बचाव में उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम लेते हुए एक बड़ा बयान दिया, जिसने इस मामले को और गरमा दिया है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Tuesday, November 18, 2025
बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम इन दिनों मैदान से ज्यादा सुर्खियों में अपने ड्रेसिंग रूम विवाद को लेकर है. टीम की कप्तान निगार सुल्ताना (Nigar Sultana) जोटी पर आरोप लगा कि उन्होंने कई जूनियर खिलाड़ियों को धमकाया और उनसे मारपीट की. यह मामला तब भड़का जब ऑस्ट्रेलिया में रह रहीं तेज गेंदबाज़ जहानरा आलम ने दावा किया कि कई खिलाड़ी उनसे “हमें बचा लो” कहते हुए संपर्क में आईं.
लेकिन विवाद तब और दिलचस्प हो गया जब सुल्ताना ने आरोपों को खारिज करते हुए भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम उछाल दिया. उन्होंने अपने बचाव में कहा- “क्या मैं हरमनप्रीत हूं, जो स्टंप्स पर बल्ला मार दूं?” सुल्ताना का यह बयान न सिर्फ चौंकाने वाला था बल्कि पूरे मामले को नए मोड़ पर ले गया. विवाद कैसे शुरू हुआ, क्यों बढ़ा, और इसमें हरमनप्रीत का नाम कैसे आ गया…आइए पूरी कहानी समझते हैं.
कैसे शुरु हुआ यह विवाद?
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में रह रही बांग्लादेशी तेज गेंदबाज जहानरा आलम ने आरोप लगाया कि कई जूनियर क्रिकेटर्स ने उनसे संपर्क करके बताया कि सुल्ताना ने उन्हें मारा और खराब व्यवहार किया. बांग्लादेश की कप्तान ने हालांकि, आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और सवाल किया कि ऐसी शिकायतें उनके पास क्यों जा रही हैं, जो सालों से टीम से दूर हैं.
सुल्ताना ने हरमनप्रीत का नाम क्यों लिया
डेली क्रिकेट को दिए इंटरव्यू में निगार सुल्ताना ने अपने ऊपर लगे आरोपों से खुद को बचाने की कोशिश की. लेकिन इसके साथ ही उन्होंने हरमनप्रीत कौर के पुराने विवाद की भी याद दिला दी. उन्होंने कहा कि 2023 में जब भारत की टीम बांग्लादेश दौरे पर आई थी, तब हरमनप्रीत एलबीडब्ल्यू फैसले से नाराज़ हो गई थीं. गुस्से में उन्होंने स्टंप्स पर बैट मारा था और मैच के बाद अंपायरिंग को खराब बताया था. उस वक्त यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी गरमा गया था.
सुल्ताना ने क्या कहा?
सुल्ताना ने साफ कहा कि वह किसी को क्यों मारेंगी. उन्होंने कहा, “मैं किसी को क्यों मारूंगी? मैं स्टंप्स पर क्यों मारूंगी? क्या मैं हरमनप्रीत हूं कि इस तरह स्टंप्स पर बैट दे मारूं? अगर मुझे गुस्सा आता है तो मैं अपना बैट ज़मीन पर पटक दूं, या हेलमेट पर मार दूं. यह मेरा निजी मामला है. लेकिन मैं किसी और को क्यों चोट पहुंचाऊंगी?”
आखिर आरोप क्या था
उन्होंने आगे कहा, “अगर किसी ने कहा है कि मैंने किसी के साथ मारपीट की है, तो बाकी खिलाड़ियों से पूछ लीजिए. क्या कभी ऐसा हुआ?” बता दें कि जहानारा आलम ने दावा किया था कि कुछ जूनियर खिलाड़ियों ने उनसे कहा था- “हमें बचा लो. जोटी हमें मारती है. हमें नुकसान पहुंचा देगी.” सुल्ताना ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है और कहा कि ऐसी बातें झूठी हैं.
अपनी सफाई में क्या बोलीं सुल्ताना
सुल्ताना ने कहा, “मुझे जैसे सबके सामने पेश किया गया, मैं वैसी नहीं हूं. अगर मैंने सच में किसी को पीटा होता, तो टीम प्रबंधन, मैनेजर और कोचिंग स्टाफ क्या देखते नहीं? क्या टीम में मैं अकेली अधिकारी हूं? जो खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में रहती है, वह ऐसी बात सिर्फ मुझे क्यों बताएगी? वह चाहती तो किसी और को भी बता सकती थी.” उन्होंने कहा कि उन्हें बिना सबूत दोषी ठहराया गया है.
बांग्लादेश का वर्ल्ड कप प्रदर्शन
2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप में निगार सुल्ताना जोटी बांग्लादेश की कप्तान थीं. टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. बांग्लादेश पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ पाकिस्तान को ही हरा पाया. हालांकि उनके ऊपर आरोप लगे, लेकिन सुल्ताना ने साफ कहा कि उन्होंने कभी किसी साथी खिलाड़ी को नहीं मारा और न ही किसी के साथ मारपीट की है.
यह भी पढ़ें :- जडेजा को CSK से किसने निकाला? क्या MSD के पास है फुल कंट्रोल
















