States News
वक्फ बिल को लेकर बिहार की राजनीति में भी आएगा तूफान, इसे ऐसे समझिए
Authored By: सतीश झा
Published On: Tuesday, April 1, 2025
Last Updated On: Tuesday, April 1, 2025
वक्फ संशोधन बिल को लेकर देशभर में सियासी पारा चढ़ा हुआ है. दिल्ली से लेकर कई राज्यों में इस पर घमासान मचा हुआ है. और अब बिहार की राजनीति में भी इस मुद्दे को लेकर हलचल तेज हो गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने इस पर अपनी अलग राय रखते हुए नया सियासी मोड़ दे दिया है. नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता इस बिल को लेकर एक सुर में नहीं बोल रहे हैं.
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Tuesday, April 1, 2025
Waqf Bill Bihar Politics: वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर बिहार की राजनीति में भी उथल-पुथल शुरू हो गई है. जनता दल (यूनाइटेड) के एमएलसी गुलाम गौस ने इस विधेयक का कड़ा विरोध करते हुए इसे धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करार दिया और केंद्र सरकार पर बार-बार अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उनका कहना है कि यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन को कमजोर करने और समुदाय के अधिकारों को सीमित करने की साजिश है.
गुलाम गौस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “पहले मौलाना आज़ाद फाउंडेशन द्वारा दी जाने वाली छात्रवृत्ति बंद कर दी गई और अब वक्फ संपत्तियों को लेकर यह नया हमला हो रहा है. विविधता में एकता हमारी विशेषता रही है, लेकिन अल्पसंख्यकों के अधिकारों को लगातार कुचला जा रहा है. मैं निश्चित रूप से इन मुद्दों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने उठाऊंगा.”
गुलाम गौस का यह बयान ऐसे समय आया है जब वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों में भी असंतोष बढ़ रहा है. उनका कहना है कि यह केवल एक कानूनी बदलाव नहीं बल्कि धार्मिक मामलों पर हमला है. उन्होंने केंद्र सरकार पर सीएए, ट्रिपल तलाक, मॉब लिंचिंग और लव जिहाद जैसे मुद्दों के बहाने अल्पसंख्यकों को लगातार निशाना बनाने का आरोप लगाया.
जहां एक तरफ कुछ नेता सरकार के पक्ष में खड़े दिख रहे हैं, वहीं कुछ नेताओं ने इसे लेकर संशय प्रकट किया है. दूसरी ओर, विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक एजेंडा करार दिया है.
बिहार में क्यों बढ़ी हलचल?
बिहार में मुस्लिम वोट बैंक अहम भूमिका निभाता है, और इसी कारण वक्फ बिल पर राजनीति तेज हो गई है. जदयू और भाजपा के रुख को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों की नजर टिकी हुई है. दूसरी ओर, आरजेडी इस मुद्दे को मुस्लिम समुदाय के बीच भुनाने की पूरी कोशिश कर रही है. बिहार में मुस्लिम वोट बैंक हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है. ऐसे में जदयू के एमएलसी द्वारा इस विधेयक का विरोध नीतीश कुमार की पार्टी की स्थिति को भी असमंजस में डाल सकता है. क्या जदयू नेतृत्व गुलाम गौस के बयान से सहमत है या फिर यह केवल व्यक्तिगत राय है? यह सवाल उठना लाजिमी है.
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर उठ रहे सवाल केवल कानूनी दायरे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इसका असर सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर पड़ रहा है. क्या यह विधेयक अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर हमला है, या फिर वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में सुधार का प्रयास? यह बहस अभी खत्म नहीं हुई है.
संजय झा ने किया नीतीश कुमार का बचाव
इस मुद्दे पर जदयू सांसद संजय झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा, “नीतीश कुमार पिछले 19 सालों से बिहार में शासन कर रहे हैं और उन्होंने मुस्लिम समुदाय के विकास के लिए जो किया है, वह सबके सामने है. वक्फ बिल पहली बार नहीं आया है. इससे पहले 2013 में भी ऐसा संशोधन हुआ था. हमारी पार्टी ने तब भी कहा था कि इसे पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू नहीं किया जाना चाहिए और हमें उम्मीद है कि सरकार इस पर विचार करेगी. जब तक नीतीश कुमार राजनीति में हैं, वे सभी समुदायों के हितों की रक्षा करेंगे.”
ललन सिंह का कांग्रेस पर पलटवार
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “नीतीश कुमार या जदयू को कांग्रेस से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है. कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. उन्होंने दशकों तक बिहार और देश पर राज किया, लेकिन मुसलमानों के लिए क्या किया? बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने पिछले 20 सालों में अल्पसंख्यकों के उत्थान के लिए जो किया है, वह आज़ादी के बाद से किसी भी राज्य में नहीं हुआ.”
RJD सांसद मनोज झा ने BJP पर साधा निशाना
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर RJD सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार केवल अल्पसंख्यकों से जुड़े मामलों पर कानून लाने में रुचि रखती है, लेकिन वास्तविक आर्थिक असमानता को खत्म करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाती. राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा, “वे (BJP) इस बिल को पेश करने के लिए तैयार हैं, वे यही कर सकते हैं. लेकिन इस देश में संपत्ति का संकेंद्रण महज 5% लोगों के हाथ में है. संविधान की धारा 38(2) और 39(C) कहती है कि इसे खत्म किया जाना चाहिए। इस पर बिल कब लाया जाएगा?” उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब संविधान में आर्थिक असमानता खत्म करने की बात कही गई है, तो उस दिशा में कोई कदम क्यों नहीं उठाया जा रहा है? उन्होंने कहा कि वक्फ संपत्तियों को लेकर केंद्र सरकार जो रणनीति अपना रही है, वह सिर्फ ध्यान भटकाने का तरीका है.
क्या है वक्फ संशोधन बिल?
इस बिल को लेकर देशभर में विरोध और समर्थन दोनों देखने को मिल रहे हैं। सरकार का कहना है कि यह संशोधन पारदर्शिता और वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए लाया गया है, जबकि विरोधियों का आरोप है कि यह बिल मुस्लिम समुदाय की संपत्तियों पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश है।













