Tech News
Mahindra Scorpio N Facelift लॉन्च से पहले टेस्टिंग के दौरान आई नजर, जानें डिटेल
Authored By: संतोष आनंद
Published On: Saturday, October 18, 2025
Last Updated On: Saturday, October 18, 2025
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट सेगमेंट में एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत करने के लिए तैयार है। नए डिजाइन, अपडेटेड फीचर्स और बेहतर टेक्नोलॉजी के साथ यह एसयूवी उन ग्राहकों को आकर्षित करेगी, जो दमदार परफॉर्मेंस और स्टाइल दोनों चाहते हैं।
Authored By: संतोष आनंद
Last Updated On: Saturday, October 18, 2025
महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी लोकप्रिय एसयूवी स्कॉर्पियो एन के फेसलिफ्ट वर्जन पर चुपचाप काम कर रही है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन हाल ही में इस नई स्कॉर्पियो एन को सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। पूरी तरह से कवर की गई यह कार बताती है कि कंपनी जल्द ही अपने इस हिट मॉडल में बड़े बदलाव लाने वाली है, जिससे इसकी बिक्री में और बढ़ोतरी हो सकती है।
डिजाइन में क्या होगा नया
स्पॉट की गई तस्वीरों से पता चलता है कि नई स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट का पिछला हिस्सा काफी हद तक मौजूदा मॉडल जैसा ही है। हालांकि गाड़ी पर लगाए गए कैमुफ्लाज (कवर) की वजह से इसके डिजाइन में हुए बदलाव साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसकी बॉडी शेप और सिग्नेचर स्कॉर्पियन टेल जैसी खिड़की लाइन वैसी ही दिख रही है जैसी मौजूदा मॉडल में है।
सबसे ज्यादा बदलाव गाड़ी के फ्रंट हिस्से में देखने को मिल सकते हैं। उम्मीद है कि नई स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट में नया ग्रिल डिजाइन, अधिक स्पोर्टी बंपर, अपडेटेड हेडलैंप्स और नई एलईडी डीआरएल (Daytime Running Lights) दी जाएंगी। इसके अलावा, फ्रंट बंपर को भी थोड़ा और आक्रामक लुक देने की संभावना है।
केबिन और फीचर्स में संभावित बदलाव
अंदर की तरफ भी कुछ अहम अपडेट मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पूरी तरह डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, इस बार कंपनी इसमें पैनोरमिक सनरूफ भी शामिल कर सकती है, जो अब तक स्कॉर्पियो में नहीं दी गई थी।
महिंद्रा ऑडियो सिस्टम के लिए अब सोनी की जगह हरमन कार्डन का इस्तेमाल कर सकती है, जैसा कि हाल ही में एक्सयूवी700 फेसलिफ्ट में देखा गया था।
सुरक्षा और टेक्नोलॉजी अपडेट
नए फेसलिफ्ट मॉडल में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) भी ज्यादा वेरिएंट्स में मिलने की उम्मीद है। अभी यह फीचर केवल टॉप मॉडल Z8L में ही दिया जाता है, लेकिन अब कंपनी इसे और वैरिएंट्स तक बढ़ा सकती है। इससे ड्राइविंग सेफ्टी और भी बेहतर हो जाएगी।
इंजन और परफॉर्मेंस
इंजन के मामले में स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। इसमें पहले की तरह ही दो इंजन विकल्प मिलेंगे –
एक 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन जो 200 बीएचपी की पावर और 370 एनएम टॉर्क देता है और दूसरा 2.2 लीटर टर्बो डीजल इंजन जो 172 बीएचपी की पावर और 370 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजन मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएंगे और 4WD विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
कब होगी लॉन्च
हालांकि कंपनी ने लॉन्च डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट 2026 की शुरुआत तक भारतीय बाजार में लॉन्च की जा सकती है। कंपनी इसे एक्सयूवी700 फेसलिफ्ट के साथ या उसके तुरंत बाद पेश कर सकती है।
महिंद्रा स्कॉर्पियो एन फेसलिफ्ट सेगमेंट में एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत करने के लिए तैयार है। नए डिजाइन, अपडेटेड फीचर्स और बेहतर टेक्नोलॉजी के साथ यह एसयूवी उन ग्राहकों को आकर्षित करेगी, जो दमदार परफॉर्मेंस और स्टाइल दोनों चाहते हैं। लॉन्च के बाद यह अपने सेगमेंट में फिर से मजबूत पकड़ बना सकती है।












