Special Coverage
फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका का तीन दिवसीय भारत दौरा, पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मु से करेंगे मुलाकात
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Thursday, August 21, 2025
Last Updated On: Thursday, August 21, 2025
EXCERPT फिजी के प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका 24 से 26 अगस्त 2025 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे. इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे. राबुका का यह भारत दौरा दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Thursday, August 21, 2025
Fiji PM India Visit 2025: फिजी गणराज्य के प्रधानमंत्री सितिवेनी लिगामामाडा राबुका 24 से 26 अगस्त 2025 तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं. उनके साथ उनकी पत्नी सुलेटी राबुका और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहेगा. यह राबुका का वर्तमान कार्यकाल में भारत का पहला दौरा है, जो दोनों देशों के बीच गहरे होते रिश्तों और बढ़ते सहयोग का प्रतीक है.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से उनकी मुलाकातें इस यात्रा की अहमियत को और बढ़ाती हैं. इसके अलावा, वे भारतीय विश्व मामलों की परिषद (ICWA) में “ओशन ऑफ पीस” विषय पर व्याख्यान भी देंगे, जिसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग, समुद्री सुरक्षा और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.
राबुका का भारत की पहली यात्रा
- यह प्रधानमंत्री सितिवेनी राबुका का मौजूदा कार्यकाल में भारत का पहला आधिकारिक दौरा होगा. 25 अगस्त को वे नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में विशेष रात्रिभोज का भी आयोजन करेंगे. इसके अलावा, प्रधानमंत्री राबुका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे. उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुर्मु अगस्त 2024 में ऐतिहासिक फिजी यात्रा पर गई थीं.
- अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राबुका भारतीय विश्व मामलों की परिषद (ICWA) में ‘Ocean of Peace’ विषय पर व्याख्यान देंगे. इस कार्यक्रम में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत और फिजी के बीच सहयोग, समुद्री सुरक्षा और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
दोनों देशों के बीच लंबे समय से गहरे सम्बंध
भारत और फिजी के बीच लंबे समय से गहरे और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं. दोनों देशों को जोड़ने वाली ऐतिहासिक-सांस्कृतिक कड़ियां, प्रवासी भारतीयों की मौजूदगी और आपसी सहयोग इन रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं. प्रधानमंत्री राबुका की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने तथा लोगों के बीच आपसी जुड़ाव को गहरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
पीएम मोदी की कर चुके हैं जमकर तारीफ
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री राबुका पहले भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं. उन्होंने उन्हें दुनिया का “बॉस” कहा था. जनवरी 2025 में फिजी में राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू और IMF की संस्थापक प्रोफेसर हिमानी सूद के साथ बैठक के दौरान राबुका ने कहा था कि पीएम मोदी सबको साथ लेकर चलने वाले नेता हैं.
राबुका ने कहा था, “मेरा मानना है कि सबका साथ, सबका विकास एक शानदार शासन मॉडल है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी आगे बढ़ा रहे हैं. यह सुनिश्चित करता है कि हर कोई साथ-साथ प्रगति करे और खुशहाल बने. मेरी राय में इस मॉडल को पूरी दुनिया में अपनाया जाना चाहिए ताकि वैश्विक स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सके.”
ये भी पढ़ें:- तीन दिवसीय दौरे पर आज भारत आएंगे चीन के विदेश मंत्री, एस जयशंकर और एनएसए डोभाल से करेंगे मुलाकात













