शेरनी ज़ारिना: कौन है डेल्सी रोड्रिग्ज? जो मादुरो के बाद सत्ता की सबसे ताक़तवर चेहरा बनीं

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Monday, January 5, 2026

Last Updated On: Monday, January 5, 2026

Who is Delcy Rodriguez: मादुरो के बाद वेनेज़ुएला में सबसे ताक़तवर राजनीतिक चेहरा बनीं शेरनी ज़ारिना की पूरी जानकारी.
Who is Delcy Rodriguez: मादुरो के बाद वेनेज़ुएला में सबसे ताक़तवर राजनीतिक चेहरा बनीं शेरनी ज़ारिना की पूरी जानकारी.

राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ़्तारी के बाद अंतरिम राष्ट्रपति बनी डेल्सी रोड्रिग्ज मशहूर वामपंथी नेता और गुरिल्ला आंदोलन से जुड़े जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिग्ज की बेटी हैं. उनके पिता की मौत पुलिस हिरासत में हुई थी. उपराष्ट्रपति से लेकर तेल, वित्त और विदेश विभाग संभाल चुकीं रोड्रिग्ज के सामने अब कई चुनौतियां हैं.

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Monday, January 5, 2026

Who is Delcy Rodriguez: वेनेजुएला की राजनीति में अचानक आए भूचाल के बाद जिस नाम ने सबसे ज़्यादा ध्यान खींचा है, वह डेल्सी रोड्रिग्ज हैं. अमेरिकी कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी और वहां उत्पन्न हुई सत्ता-संकट के बीच उन्हें देश का अंतरिम राष्ट्रपति घोषित किया गया है. सख़्त तेवर, निर्णायक शैली और सत्ता के गलियारों में मजबूत पकड़ के कारण उन्हें उनके समर्थक और विरोधी दोनों ही ‘ज़ारिना’ कहकर पुकारते हैं. वहीं राष्ट्रपति निकोलस मादुरो उन्हें अपनी सरकार की ‘शेरनी’ कहा करते थे.

सबसे अनुभवी और ताकतवर नेता

56 वर्षीय डेल्सी रोड्रिग्ज बीते एक दशक से वेनेजुएला की सत्ता गलियारों की धुरी रही हैं. 2018 से उपराष्ट्रपति के रूप में उन्होंने न केवल राजनीतिक बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार का चेहरा संभाला है. इससे पहले वे वित्त मंत्री, तेल मंत्री, विदेश मंत्री, संचार मंत्री और सरकार समर्थक नेशनल असेंबली की प्रमुख रह चुकी हैं. सत्ता के लगभग हर अहम विभाग से गुजर चुकी रोड्रिग्ज आज वेनेजुएला की सबसे अनुभवी और ताक़तवर नेताओं में गिनी जाती हैं.

मशहूर वामपंथी नेता की बेटी

डेल्सी रोड्रिग्ज का राजनीतिक डीएनए भी उन्हें अलग बनाता है. वे मशहूर वामपंथी नेता और गुरिल्ला आंदोलन से जुड़े जॉर्ज एंटोनियो रोड्रिग्ज की बेटी हैं. उनके पिता की मौत पुलिस हिरासत में हुई थी. उनके परिवार वाले जॉर्ज एंटोनियो की मौत सरकारी यातना का नतीजा बताते रहे हैं. यही पृष्ठभूमि डेल्सी और उनके भाई जॉर्ज रोड्रिग्ज (वर्तमान में नेशनल असेंबली के प्रमुख हैं) की राजनीति को आक्रामक और वैचारिक रूप से मजबूत बनाती है.

गिरती अर्थव्यवस्था को संभाला

हालांकि, सत्ता में आने के बाद डेल्सी रोड्रिग्ज ने कई मामलों में वैचारिक लचीलापन भी दिखाया है. उपराष्ट्रपति रहते हुए उन्होंने हाइपरइन्फ्लेशन से जूझती अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए अपेक्षाकृत रूढ़िवादी कदम उठाए. सरकारी खर्च में कटौती कीं. उन्होंने कड़े क्रेडिट नियम और डॉलर-बोलिवर की नियंत्रित विनिमय दर लागू किया. इन फैसलों ने वेनेजुएला में तीन अंकों की मुद्रास्फीति को नीचे लाने में अहम भूमिका निभाई.

तेल उद्योग में बड़ी भूमिका निभाई

तेल क्षेत्र में उनकी भूमिका विशेष रूप से निर्णायक रही है. अमेरिकी प्रतिबंधों और ढहते ढांचे के बावजूद उन्होंने तेल उत्पादन को लगभग 1.1 मिलियन बैरल प्रतिदिन के स्तर पर बनाए रखा. इसी दौरान उनके विदेशी तेल कंपनियों, खासकर शेवरॉन, के साथ लगातार संपर्क बने. यही वजह है कि उन्हें मादुरो सरकार का ऐसा चेहरा माना जाता है, जो अंतरराष्ट्रीय पूंजी और निजी क्षेत्र से संवाद करने में सक्षम है.

लग्जरी लाइफस्टाइल

व्यक्तिगत जीवन में डेल्सी रोड्रिग्ज अपनी लग्जरी पसंद के लिए भी जानी जाती हैं. सार्वजनिक कार्यक्रमों में महंगे ब्रांड के कपड़े, अंतरराष्ट्रीय यात्राएं और सोशल मीडिया पर भाई के साथ टेबल टेनिस खेलते वीडियो, ये सब उनकी छवि को पारंपरिक समाजवादी नेताओं से अलग बनाते हैं. उद्योग जगत उन्हें ‘वर्कहोलिक’ कहता है. क्योंकि वह निजी क्षेत्र के कार्यक्रमों में लगातार मौजूद रहती हैं.

रोड्रिग्ज के सामने कई चुनौतियां

अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में डेल्सी रोड्रिग्ज के सामने अब कई बड़ी चुनौतियां हैं. इसमें सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक वैधता, आर्थिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच संतुलन बनाना है. समर्थकों के लिए वह क्रांति की शेरनी हैं, तो विरोधियों के लिए मादुरो युग की सबसे मजबूत उत्तराधिकारी. इतना तय है कि ‘शेरनी ज़ारिना’ के इस नए अध्याय पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी रहेंगी. वह भी तब, जब अमेरिका और राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से उन पर पहले दिन से ही दबाव शुरू हो गया है.

यह भी पढ़ें :- वेनेजुएला संकट: विदेशी राष्ट्राध्यक्ष की गिरफ्तारी पर UN की चिंता, मादुरो केस में ट्रंप सख़्त

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें