Prayagraj Mahakumbh 2025: संत रविदास अखाड़ा को नहीं मिली जमीन
Authored By: स्मिता
Published On: Wednesday, January 8, 2025
Updated On: Saturday, April 26, 2025
संत रविदास अखाड़ा इस बात को सामने रख रहा है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक प्रयागराज महाकुंभ में उन्हें जमीन नहीं मिल पाई है। यदि उन्हें जमीन नहीं मिल पाती है, तो इससे समाज में गलत संदेश जायेगा। साधु-संत इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि संत रविदास अखाड़ा को महाकुंभ स्थल पर जल्दी ही जमीन डे दी जाएगी।
Authored By: स्मिता
Updated On: Saturday, April 26, 2025
प्रयागराज महाकुंभ (Prayagraj Mahakumbh 2025) में अलग-अलग मत पंथ व सम्प्रदाय के संतों का आगमन हो चुका है। वहीं अधिकांश अखाड़ों का मेला क्षेत्र में प्रवेश भी हो चुका है। विभिन्न अखाड़ों व आश्रमों से जुड़े साधु संतों ने अपनी धूनी भी रमा ली है। वहीं अखिल भारतीय संत रविदास अखाड़ा को अभी तक प्रयागराज महाकुंभ में जमीन ही नहीं मिल पायी है। इसलिए देश के विभिन्न हिस्सों से आये कुछ संत भीषण ठंड में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। अखिल भारतीय रविदास अखाड़ा के प्रमुख सदाजप महाराज ने बताया कि संत रविदास अखाड़ा 1980 से लेकर उज्जैन कुंभ, हरिद्वार कुंभ और नासिक के कुंभ में शिविर लगाकर संत समाज की सेवा करता आया है। नासिक, उज्जैन व हरिद्वार में लगे कुंभ में रविदास अखाड़ा को जमीन के अलावा अन्य सुविधाएं मिलती रही हैं। संत सदाजप महाराज ने बताया कि प्रयागराज मेला (Prayagraj Mahakumbh 2025) प्राधिकरण को जमीन मुहैया कराने के लिए आवेदन किया था। कठिन प्रयास के बावजूद अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।
राम मंदिर आंदोलन से जुड़ा रहा है रविदास अखाड़ा (Ram Mandir Andolan)
रविदास अखाड़ा के प्रमुख सदाजप महाराज विश्व हिन्दू परिषद (VHP) से जुड़े हैं। राम मंदिर आंदोलन में उन्होंने काम किया है। विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष रहे अशोक सिंहल की प्रेरणा से अखिल भारतीय रविदास अखाड़ा की स्थापना 1980 में उज्जैन में की गई थी। उज्जैन में कई रविदास मंदिरों का निर्माण अखाड़ा ने कराया है। समाज में सामाजिक समरसता के निर्माण व समाज में हिंदू धर्म व हिंदू संस्कृति के प्रति स्वाभिमान जाग्रत करने के उद्देश्य से इस अखाड़े के संत काम करते हैं। अखाड़ा सम्माजिक समरसता फैलाने के साथ-साथ व्यक्ति को मानवता का पाठ भी पढाता है। यदि उन्हें जमीन नहीं मिलती है, तो यह कार्य समाज को बांटने का काम करेगा। हालांकि ऐसा नहीं होगा। महाकुंभ में शामिल होने वाले व्यक्ति और अखाड़े के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।
अखाड़े से जुड़े हैं दस हजार से अधिक संत (Saint Ravidas Akhada)
रविदास 16वीं शताब्दी में जन्मे एक रहस्यवादी कवि थे, जो उत्तर भारतीय भक्ति आंदोलन के सबसे प्रसिद्ध संतों में से एक थे। रविदास का जन्म वाराणसी में एक अछूत जाति के सदस्य के रूप में हुआ था। उनकी कवितायें और गीत अक्सर उनकी निम्न सामाजिक स्थिति के इर्द-गिर्द घूमते हैं। संत रविदास जी के नाम पर ही इस अखाड़े का नाम पड़ा। अखिल भारतीय रविदास अखाड़ा से देशभर में दस हजार से अधिक साधु संत जुड़े हुए हैं। जमीन न मिल पाने की वजह से अभी तक रविदास अखाड़ा का शिविर नहीं लग सका है। महाकुंभ में कल्पवास करने दलित समाज के श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में आते हैं। रविदास अखाड़ा का शिविर न लग पाने की वजह से दलित समाज के कल्पवासी असमंजस में हैं। हालांकि महाकुंभ में शामिल होने वाले साधु-संत इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि संत रविदास अखाड़ा को महाकुंभ स्थल पर जल्दी ही जमीन डे दी जाएगी।
(हिन्दुस्थान समाचार के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें :- Prayagraj Mahakumbh: जिसे क्रोध नहीं आता हो, वह बने महाकुंभ का तीर्थयात्री
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।













