Special Coverage
भारत और ब्रिटेन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से इन चीजों के घटेंगे दाम
Authored By: Suman
Published On: Thursday, July 24, 2025
Last Updated On: Thursday, July 24, 2025
भारत और ब्रिटेन के बीच आज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर दस्तखत होने जा रहा है. इस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किअर स्टार्मर की मौजूदगी में दस्तखत होगा.
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, July 24, 2025
UK-India FTA 2025: भारत और ब्रिटेन के बीच आज फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर दस्तखत होने जा रहा है. इस ऐतिहासिक डील पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किअर स्टार्मर की मौजूदगी में दस्तखत होगा. आइए जानते हैं कि इस समझौते से भारत को क्या फायदा होगा और यहां कौन सी वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी.
दोनों देशों के बीच रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए दोनों राष्ट्राध्यक्ष एक ‘यूके-इंडिया विजन 2025‘ की भी शुरुआत करेंगे. ब्रिटिश सरकार ने कहा है कि इस समझौते से दोनों देशों के बीच हर साल करीब 34 अरब डॉलर (25.5 बिलियन पाउंड) तक का अतिरिक्त व्यापार बढ़ेगा. ब्रिटेन को यह भी उम्मीद है कि इससे वहां करीब 6 अरब पाउंड का नया भारतीय निवेश होगा. फिलहाल ब्रिटेन हर साल भारत से 11 अरब पाउंड का माल आयात करता है, जो FTA के बाद और बढ़ेगा.
इस एफटीए के बाद यूके को भेजे जाने वाले भारत के 99% प्रोडक्ट्स पर कोई टैक्स नहीं लगेगा. वहीं भारत भी यूके से आने वाले करीब 90% सामानों पर टैक्स घटा देगा. इससे खासकर झींगा, टूना मछली, फिश मील और फीड के भारतीय निर्यात को फायदा होगा. भारत के लेदर और फुटवियर सेक्टर पर टैक्स को 16 फीसदी से घटाकर शून्य फीसदी कर दिया जाएगा. इसी तरह भारतीय टेक्सटाइल पर भी आयात शुल्क को 12 फीसदी से घटाकर शून्य फीसदी कर दिया जाएगा.
क्या होता है फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA)?
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट यानी FTA का मतलब होता है दो देशों के बीच ऐसा समझौता, जिसमें आयात और निर्यात पर लगने वाला शुल्क या तो कम कर दिया जाता है या पूरी तरह हटा दिया जाता है. इससे दोनों देशों के सामान एक-दूसरे के बाजार में सस्ते हो जाते हैं और व्यापार को बढ़ावा मिलता है.
ब्रिटेन को क्या फायदा
FTA लागू होने के बाद ब्रिटेन के लोग भारतीय प्रोडक्ट्स आसानी से और सस्ते दामों पर खरीद सकेंगे, क्योंकि इन पर लगने वाले औसत टैरिफ 15% से घटकर 3% रह जाएंगे. इसके अलावा ब्रिटेन में अरबों डॉलर का भारतीय कंपनियों का नया निवेश होगा.
भारत में ब्रिटेन की ये वस्तुएं मिलेंगी सस्ती
इस समझौते के बाद भारतीय बाजार में ब्रिटिश उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी. अब भारत में ब्रिटेन के सॉफ्ट ड्रिंक्स, कॉस्मेटिक्स, कार और मेडिकल डिवाइसेज जैसे प्रोडक्ट्स पहले से सस्ते हो जाएंगे. FTA के तहत टैक्स में कटौती से स्मार्टफोन, लैपटॉप और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के दाम में गिरावट आ सकती है. इसी तरह जूते, कपड़े और फैशन आइटम्स पर जीरो या बहुत कम टैक्स लगने की संभावना है, जिससे मार्केट में इनके दाम घट सकते हैं.
यूके से आने वाले गहनों पर कस्टम ड्यूटी कम हो सकती है, जिससे इनकी कीमत में कमी आ सकती है. लेदर जैकेट, बैग और शूज़ जैसे आइटम सस्ते हो सकते हैं. FTA के बाद ब्रिटेन से आने वाली कुछ दवाएं सस्ती हो सकती हैं, लेकिन कुछ महंगी भी हो सकती हैं.














