Special Coverage
एन चंद्रशेखरन ही संभालेंगे टाटा संस की कमान, बोर्ड ने 5 साल के लिए फिर जताया भरोसा
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, September 17, 2026
Last Updated On: Thursday, September 17, 2026
टाटा संस के बोर्ड ने एन. चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दी है. उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में खत्म होगा. खास बात यह है कि चंद्रशेखरन पहले दोबारा पद संभालने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन बोर्ड के अनुरोध पर उन्होंने फैसला बदला.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, September 17, 2026
Tata Sons Chairman: टाटा समूह के नेतृत्व को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है. टाटा संस के बोर्ड ने एन. चंद्रशेखरन को एक बार फिर चेयरमैन की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है. 17 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड बैठक में उनके मौजूदा कार्यकाल के बाद अगले पांच साल के लिए फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने को मंजूरी दी गई. उनका वर्तमान कार्यकाल फरवरी 2027 में पूरा होने वाला है.
बोर्ड बैठक में हुआ बड़ा फैसला
मुंबई में हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में चंद्रशेखरन के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. कंपनी के अनुसार, बोर्ड ने उनसे दोबारा चेयरमैन पद संभालने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था. चंद्रशेखरन ने बोर्ड के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया. इसके बाद बहुमत से उन्हें अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त करने का फैसला किया गया.
कुछ समय पहले खुद कही थी पद छोड़ने की बात
इस फैसले ने इसलिए भी ध्यान खींचा है क्योंकि चंद्रशेखरन ने इससे पहले संकेत दिया था कि वह अपने मौजूदा कार्यकाल के बाद चेयरमैन पद पर दोबारा नियुक्त नहीं होना चाहते. उन्होंने नेतृत्व को लेकर स्पष्टता की जरूरत का जिक्र करते हुए कहा था कि फरवरी में हुई बोर्ड बैठक में उनके पांच साल के कार्यकाल को बढ़ाने को लेकर सभी सदस्यों की सहमति नहीं बनी थी. हालांकि, अब बोर्ड के अनुरोध के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया है.
ट्रस्ट की सिफारिश भी रही अहम
टाटा समूह के प्रमुख ट्रस्टों की भूमिका भी इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण रही. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने बोर्ड बैठक से पहले चंद्रशेखरन के कार्यकाल को बढ़ाने की सर्वसम्मति से सिफारिश की थी. इसके बावजूद अंतिम निर्णय में समय लगा. अब बोर्ड की ताजा बैठक के बाद नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ हो गई है.
टाटा संस की लिस्टिंग का मुद्दा भी चर्चा में
चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्टिंग से जुड़े नियमों को लेकर भी महत्वपूर्ण फैसले का सामना करना पड़ रहा है. भारतीय रिजर्व बैंक ने हाल ही में टाटा संस को लिस्टिंग से छूट देने की मांग स्वीकार नहीं की. ऐसे में कंपनी को RBI के लागू नियमों और लिस्टिंग से जुड़ी आवश्यकताओं का पालन करना पड़ सकता है.
2017 से संभाल रहे हैं समूह की कमान
एन. चंद्रशेखरन ने 2017 में Tata Sons के चेयरमैन का पद संभाला था. इसके बाद 2022 में उन्हें दूसरी बार पांच साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया. अब 2027 में उनका तीसरा कार्यकाल शुरू होगा, जो अगले पांच साल तक चलेगा. बोर्ड के इस फैसले के साथ टाटा समूह के नेतृत्व में फिलहाल निरंतरता बनी रहेगी और चंद्रशेखरन आगे भी समूह की रणनीतिक दिशा की जिम्मेदारी संभालेंगे.
यह भी पढ़ें :- Tata Tiago vs Maruti Swift: फीचर्स की जंग में कौन आगे, जानिए टियागो की 5 बड़ी खूबियां













