सेंसेक्स 600 अंक से ज्यादा टूटा, आज क्यों हावी है टैरिफ की चिंता

Authored By: Suman

Published On: Friday, August 8, 2025

Last Updated On: Friday, August 8, 2025

Today Share Market में सेंसेक्स 600 अंक की गिरावट, टैरिफ चिंता से बाजार में भारी गिरावट
Today Share Market में सेंसेक्स 600 अंक की गिरावट, टैरिफ चिंता से बाजार में भारी गिरावट

बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) सुबह 145 अंकों की गिरावट के साथ 80,478.01 पर खुला और सुबह 11 बजे के आसपास 612 अंक टूटते हुए 80,011.31 तक चला गया.

Authored By: Suman

Last Updated On: Friday, August 8, 2025

Share Market Today: आईटी व फार्मा शेयरों में गिरावट के साथ आज बीएसई सेंसेक्स में 600 अंक से ज्यादा की गिरावट आई. बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) सुबह 145 अंकों की गिरावट के साथ 80,478.01 पर खुला और सुबह 11 बजे के आसपास 612 अंक टूटते हुए 80,011.31 तक चला गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) सुबह 55 अंक की गिरावट के साथ 24,544.25 पर खुला और बाद में गिरते हुए 24,408.30 तक चला गया.

कल यानी गुरुवार को अमेरिकी टैरिफ को लेकर बाजार ने कुछ ज्यादा पैनिक नहीं दिखाया था, लेकिन आज इसकी चिंता कुछ बढ़ी दिख रही है. आज बाजार बंद होने के साथ लगता है कि लगातार छठे हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट रहेगी. इसके पहले ऐसा ​फरवरी व मार्च 2020 में ही देखा गया था, जब कोविड की शुरुआत थी.

क्यों टूटा बाजार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार बयानबाजी कर रहे है. अब उन्होंने कहा है कि भारत के साथ तब तक ट्रेड डील पर कोई बात नहीं होगी जब तक टैरिफ का मामला नहीं सुलझ जाता.

शेयर बाजार गुरुवार को भी टूटा था, लेकिन अमेरिका और रूस के राष्ट्रपति के बीच एक बैठक की संभावना के बाद शाम तक बाजार सुधर गया. रूस के राष्ट्रपति के कार्यालय ने इस तरह के एक बैठक की पुष्टि भी कर दी थी. इस बैठक से यह उम्मीद जगी है कि रूस-यूक्रेन के बीच टकराव में कोई रास्ता निकलेगा और रूस से तेल आयात करने वाले देशों पर भी अंकुश कम होगा, जिसका फायदा भारत को भी मिलेगा.

लेकिन अभी टैरिफ की चिंता हावी है इसलिए बाजारों पर इसका असर दिख रहा है. देसी निवेशक तो खरीदारी कर रहे हैं लेकिन विदेशी निवेशक लगातार बिकवाली करने में लगे हैं जिससे बाजार लाल निशान में चले जा रहे हैं. गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयर बाजार से 4,997.19 करोड़ रुपये की बिकवाली की.

निफ्टी में टूटने वाले प्रमुख शेयरों में भारती एयरटेल, अडानी एंटरप्राइजेज, श्रीराम फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज आदि शामिल रहे. इन में शेयरों में कारोबार के दौरान 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. भारती एयरटेल के प्रमोटर सुनील भारती मित्तल के आज अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचने की खबर है, इसकी वजह से शेयर टूट गया.

आज अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी अच्छे संकेत नहीं मिले. एशियाई बाजार आज लाल निशान में हैं. दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हांगकांग का हैंगशेंग लाल निशान में है. रुपया भी आज 5 पैसा गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 87.63 पर खुला. विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डॉलर की मजबूती की वजह से रुपये पर दबाव रहा. शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव को दर्शाने वाला सूचकांक इंडिया विक्स (India VIX) 1 फीसदी बढ़कर 11.84  तक पहुंच गया.

ये भी पढ़ें:-  ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का किया एलान, रूस से संबंधों को लेकर जताई नाराजगी

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें