मेक इन इंडिया को मजबूती, महिंद्रा बनाएगी एयरबस के लिए फ्यूजलेज

Authored By: Suman

Published On: Friday, August 29, 2025

Last Updated On: Friday, August 29, 2025

Make in India महिंद्रा एयरबस फ्यूजलेज निर्माण.
Make in India महिंद्रा एयरबस फ्यूजलेज निर्माण.

महिंद्रा समूह की कंपनी महिंद्रा एरोस्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड (MASPL) अमेरिकी विमान कंपनी एयरबस (Airbus) के लिए फ्यूजलेज बनाने जा रही है. MASPL ने एयरबस से एक करार किया है

Authored By: Suman

Last Updated On: Friday, August 29, 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मेक इन इंडिया (Make in India) के आह्वान पर अब विदेशी कंपनियां लगातार आगे आ रही हैं और इस अभियान को मजबूती मिल रही है. अब खबर यह है कि महिंद्रा (Mahindra) समूह की एक कंपनी अमेरिकी विमान कंपनी एयरबस (Airbus) के लिए फ्यूजलेज बनाने जा रही है.

महिंद्रा समूह की कंपनी महिंद्रा एरोस्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड (MASPL) ने एयरबस से एक करार किया है जिसके मुताबिक महिंद्रा अब एयरबस के H125 हेलीकॉप्टर्स के लिए मेन फ्यूजलेज यानी मुख्य ढांचा बनाएंगी.

इस खबर पर खुशी के साथ प्रतिक्रिया देते हुए महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा, ‘हमारे समूह के लिए बहुत अच्छी खबर है. लेकिन देश की महत्वाकांक्षा को मिली वैधता से मैं ज्यादा खुश हूं. विदेश में नए बाजार तलाशने में हमारा देश सक्षम हुआ है.’

महिंद्रा और एयरबस के बीच यह डील एरोस्पेस के क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाता है. इसके पांच महीने पहले भी एयरसबस ने महिंद्रा को अपने H130 हेलीकॉप्टर्स के लिए मेन फ्यूजलेज बनाने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था. अब इस नवीनतम डील से एयरबस के हेलीकॉप्टर निर्माण भारत की भूमिका बढ़ गई है.

एयरबस ने बताया है कि H125 और H130 हेलीकॉप्टर का फ्यूजलेज महिंद्रा के बेंगलुरु कारखाने में बनाया जाएगा. H125 के पहले फ्यूजलेज की डिलिवरी महिंद्रा 2027 तक करेगी. दोनों कंपनियों ने इस बात का खुलासा नहीं किया है कि यह सौदा कितने का हुआ है. एयरबस ने भी कहा कि इन दोनों हेलीकॉप्टर के कॉन्ट्रैक्ट से ग्लोबल एरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में भारत की स्थिति मजबूत होगी.

एयरबस के इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट एवं एमडी जर्गेन वेस्टरमियर ने एक बयान में कहा, ‘महिंद्रा एयरोस्ट्रक्चरर्स के साथ यह नया कॉन्ट्रैक्ट भारत में हमारे साझेदारों की मजबूत क्षमता और भारत के एरोस्पेस सेक्टर के लिए हमारे साझा विजन का एक प्रमाण है. H125 और H130 के सौदे ग्लोबल एरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग में भारत को एक अहम केंद्र बनाने के हमारे भरोसे को दर्शाते हैं.’

महिंद्रा ग्रुप के सीईओ एवं एमडी डॉ. अनीश शाह ने कहा, ‘हमें एयरबस के मेक इन इंडिया प्लान में साझेदारी करने से प्रसन्नता हो रही है. यह कॉन्ट्रैक्ट हमारे लॉन्ग टर्म की साझेदारी को मजबूत करेगा और यह भारत के एरोस्पेस इकोसिस्टम के निर्माण में महिंद्रा समूह तथा एयरबस की भूमिका को रेखांकित करता है.’

H125 असल में दुनिया में सबसे ज्यादा बिकने वाले सिंगल इंजन हेलीकॉप्टर्स में से है जो कि ट्रांसपोर्ट, एरियल वर्क, टूरिज्म और, इमरजेंसी मेडिकल सर्विस, राहत कार्यों के लिए इस्तेमाल होता है. फिलहाल एयरबस भारत से हर साल करीब 1.4 अरब डॉलर मूल्य के एविएशन कम्पोनेंट और सर्विसेज की खरीद करती है.

ये भी पढ़ें:- भारतीय फार्मा सेक्टर को ट्रंप टैरिफ से क्यों मिल रही राहत, क्या है वजह?

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें