चीन के तियानजिन पहुंचे पीएम मोदी, एससीओ समिट में होंगे शामिल

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Saturday, August 30, 2025

Last Updated On: Saturday, August 30, 2025

PM Modi SCO Summit Tianjin में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
PM Modi SCO Summit Tianjin में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के तियानजिन पहुंचे हैं, जहां वे एससीओ समिट 2025 में हिस्सा लेंगे. इस दौरान वे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय मुलाकात करेंगे.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Saturday, August 30, 2025

PM Modi SCO Summit Tianjin : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को चीन के तियानजिन पहुंचे, जहां वे रविवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) समिट में भाग लेंगे. उनकी इस यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि समिट के दौरान भारत-चीन और भारत-रूस संबंधों पर अहम बातचीत होगी. पीएम मोदी ने तियानजिन पहुंचने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वे इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के नेताओं से गहन चर्चा करने को लेकर उत्साहित हैं. भारत 2017 से एससीओ का सदस्य है और संगठन के जरिए क्षेत्रीय सहयोग, शांति और सतत विकास को बढ़ावा देने पर लगातार जोर देता रहा है.

इससे पहले जापान में थे पीएम मोदी 

  • इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जापान यात्रा समाप्त की, फिर तियानजिन के बिनहाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनका शानदार स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री मोदी ने चीन पहुंचने के बाद एक्स पर पोस्ट किया, “तियानजिन में उतर चुका हूं. एससीओ समिट के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं से गहन चर्चा करने का इंतजार है.”
  • समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें करेंगे, जिनमें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से रविवार और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सोमवार को बैठक होने की संभावना है.

2017 से SCO का सदस्य है भारत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति की पिछली मुलाकात 2024 में रूस के कजान शहर में हुई ब्रिक्स समिट के दौरान हुई थी. उस समय दोनों देशों के बीच सीमा पर पेट्रोलिंग को लेकर एक अहम समझौता हुआ था. इस समझौते ने चार साल से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाई.

भारत वर्ष 2017 से शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) का सदस्य है. साल 2022-23 में भारत ने इस संगठन की अध्यक्षता भी संभाली थी और कई अहम पहल की थीं.

SCO का सक्रिय सदस्य है भारत

  • पीएम मोदी ने कहा, “भारत एससीओ का एक सक्रिय और रचनात्मक सदस्य है. हमारी अध्यक्षता के दौरान हमने नवाचार, स्वास्थ्य सेवाओं और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में नए विचार प्रस्तुत किए. भारत सदस्य देशों के साथ साझा चुनौतियों से निपटने और क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.”
  • उन्होंने आगे कहा कि जापान और चीन की उनकी यात्राएं भारत के राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक शांति, सुरक्षा और सतत विकास को बढ़ावा देने में मददगार साबित होंगी.

कई महत्वपूर्ण देश इस संगठन में हैं शामिल

गौरतलब है कि एससीओ एक स्थायी अंतर-सरकारी संगठन है, जिसकी स्थापना 15 जून 2001 को शंघाई में हुई थी. इसके सदस्य देशों में चीन, रूस, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, पाकिस्तान, उज़्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस शामिल हैं.

इसके अलावा अफगानिस्तान और मंगोलिया इस संगठन के पर्यवेक्षक हैं. वहीं, इसके 14 संवाद साझेदार देश भी हैं, जिनमें तुर्की, कुवैत, अजरबैजान, आर्मेनिया, कंबोडिया और नेपाल जैसे देश शामिल हैं. श्रीलंका, सऊदी अरब, मिस्र, कतर, बहरीन, मालदीव, म्यांमार और संयुक्त अरब अमीरात भी एससीओ के संवाद साझेदार देशों की सूची में आते हैं.

यह भी पढ़ें :- पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग के बीच 31 अगस्त को होगी मुलाकात

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें